बिहार में सीएम पद की नही है कोई वैकेंसी, नीतीश कुमार ही होंगे अगले भी मुख्यमंत्री : सम्राट चौधरी
डेस्क : बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने है। जिसकी तैयारी में सभी राजनीतिक दल जुट गए है। विपक्ष जहां इसबार प्रदेश में अगली सरकार महागठबंधन और तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री होने का अभी दावा कर रहा है। वहीं एनडीए की ओर से सीएम के चेहरे को लेकर भी कई तरह की बात हो रही है। इसी बीच बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार में मुख्यमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं है। मुख्यमंत्री के पद पर नीतीश कुमार आसीन हैं और आगे भी वे ही सीएम रहेंगे। बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए एकजुट है। सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही हम चुनावी मैदान में जाएंगे। 2020 के विस चुनाव और 2024 में हुए लोकसभा चुनाव की तरह ही 2025 के विस चुनाव में भी विपक्षी गठबंधन की हार तय है। विकास और सुशासन के मसले पर विपक्षी गठबंधन से भाजपा का आम कार्यकर्ता भी बहस करने को तैयार है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार से विशेष लगाव है। 24 अप्रैल को पीएम मधुबनी आ रहे हैं। चार मई को खेलो इंडिया का उद्घाटन करने का आग्रह पीएम से किया गया है। कांग्रेस ने दस वर्षों में बिहार को एक लाख 93 हजार करोड़ दिया। स्वतंत्रता सेनानियों की संपत्ति नेशनल हेराल्ड में लगी थी जिसे राहुल-सोनिया गांधी ने लूट लिया। संस्थाओं की इज्जत करने की दुहाई देने वाले कांग्रेसियों ने पटना में ईडी ऑफिस में कालिख पोती। ईडी का गठन मनमोहन सिंह ने किया था। यह कालिख मनमोहन और कांग्रेस के चेहरे पर लगाया गया है। भाजपा जनता के बीच जाएगी।
Apr 17 2025, 15:51