पुलिस पेंशनरों की खेल प्रतियोगिता में दिखा जबरदस्त उत्साह,35वीं वाहिनी पीएसी स्टेडियम में हुआ आयोजन
![]()
लखनऊ । राजधानी के 35वीं वाहिनी पीएसी स्टेडियम में बुधवार सुबह एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां रिटायर पुलिसकर्मियों ने उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए खेल के मैदान में अपनी फिटनेस और जोश का ऐसा प्रदर्शन किया, जो युवाओं के लिए मिसाल बन गया। उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान की ओर से आयोजित इस खेलकूद प्रतियोगिता में बुजुर्ग पेंशनरों ने न केवल सक्रिय भागीदारी निभाई, बल्कि पूरे आयोजन को ऊर्जा और उत्सव में बदल गया।
सेवानिवृत्त डीजीपी सुलखान सिंह ने किया उद्घाटन
बुधवार की सुबह 6 बजे 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर, लखनऊ के स्टेडियम में पुलिस पेंशनरों के लिए वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस आयोजन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में 3 किमी वाक चाल, गोला फेंक, चक्का फेंक, म्यूजिकल चेयर रेस, रस्साकसी और कुर्सी दौड़ जैसे अनेक खेलों का आयोजन हुआ, जिनमें वरिष्ठ पेंशनरों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
70-80 वर्ष की उम्र में भी दिखाई फुर्ती और जोश
विजेताओं को पुरस्कार वितरण संस्थान के अध्यक्ष सुलखान सिंह, रामेश्वर दयाल एवं महासचिव आर.के. चतुवेर्दी (सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक) द्वारा किया गया। आयोजन का सफल संचालन 35वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अनुप कुमार के निर्देशन में सहायक सेनानायक रंजीत यादव और उनकी टीम ने सराहनीय ढंग से किया। पूरे आयोजन के दौरान पेंशनर प्रतिभागियों के चेहरों पर उमंग, जोश और अपने पुराने दिनों की झलक साफ नजर आई। इस प्रतियोगिता ने यह सिद्ध किया कि सेवा से निवृत्ति भले हो जाए, लेकिन जज्बा और जज्बात कभी रिटायर नहीं होते।
प्रतियोगिता में ये रहे प्रमुख विजेता
-वाक चाल (70-80 वर्ष आयु वर्ग) में कृपा शंकर सिंह ने प्रथम और मिथलेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
-वाक चाल (60-70 वर्ष आयु वर्ग) में एस.डी. सिंह पहले, राकेश राय दूसरे और अवधेश कुमार पाण्डेय तीसरे स्थान पर रहे।
-गोला फेंक में अनिल कुमार सिंह ने पहला, चरन सिंह ने दूसरा और एस.डी. सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
-चक्का फेंक में भीअनिल कुमार सिंह ने बाजी मारी,चरन सिंह द्वितीय और राकेश राय तृतीय स्थान पर रहे।
-म्यूजिकल चेयर रेस में श्याम सुंदर ग्रोवर, सर्वेश कुमारी और ब्रह्मदेव यादव क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
-रस्साकसी में सुलखान सिंह की टीम विजेता रही, जबकि रामेश्वर दयाल (सेवानिवृत्त अपर पुलिस महानिदेशक) की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
Apr 17 2025, 11:11