प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने नालंदा जिले को दिए बड़ी सौगात, यह केन्द्र खोलने का किया एलान
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा का आज अंतिम दिन है। आज वे पटना जिले का दौरा करेंगे। वहीं बीते गुरुवार को उन्होंने अपने गृह जिला नालंदा का दौरा किया। जहां उन्होंने जिले को बड़ी सौगात दी। उन्होंने एलान किया कि नालंदा के सरमेरा में कृषि अनुसंधान केंद्र खोला जायेगा। इससे समेकित कृषि प्रणाली विकसित होगी। वहीं, पंचाने सिंचाई योजना का जीर्णोद्धार कर विकसित किया जायेगा।
![]()
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को नालंदा जिले की प्रगति यात्रा में कई अहम घोषणाएं की। साथ ही उन्होंने जिले को 820 करोड़ 72 लाख की सौगात दी। 263 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गये और विकास योजनाओं का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से बात कर उनकी राय भी जानी। साथ ही कई घोषणाएं की।
![]()
उन्होंने कहा कि हिलसा पूर्वी बाईपास पथ के लिए भू-अर्जन हो गया है अब शीघ्र काम शुरू किया जायेगा। बरगइनिया पईन का जीर्णोद्धार होगा। बिहारशरीफ के सोहसराय हॉल्ट के पास आरओबी सह रोटरी बनेगा। इससे जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। करायपरसुराय, हिलसा, एंकगरसराय एवं इस्लामपुर प्रखंडों में लोकाईन नदी के तटबंध पर कटाव निरोधी कार्य किया जायेगा। मकनपुर से धमौली तक अधियारा नदी की गाद उड़ाही एवं नूरसराय और हरनौत प्रखंड में आठ स्थानों पर एंटी फ्लड स्लूइस गेट का निर्माण होगा। बिहारशरीफ में पंचाने नदी के कोसुक घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित किया जायेगा।
Feb 21 2025, 10:53