*कुलपति ने शैक्षणिक भ्रमण बस को दिखाई हरी झंडी, प्रयागराज के प्रमुख स्थलों का होगा दौरा*
![]()
जौनपुर- दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के पांच वर्षीय विधि पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को शनिवार सुबह कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया। यह भ्रमण ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम के तहत राजभवन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रयागराज के प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इनमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लॉ म्यूजियम, जुडीकेचर ऑफ प्रयागराज, आनंद भवन और स्वराज भवन संग्रहालय शामिल रहे। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया, विधिक इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का भ्रमण भी इस यात्रा का हिस्सा रहा, जहां छात्रों ने विधिक प्रक्रियाओं और बार काउंसिल के कार्यों को नजदीक से समझा।
छात्रों को उच्च न्यायालय में न्यायिक कार्यवाही देखने का अवसर मिला, जिससे उन्होंने न्याय प्रणाली की गहराई से जानकारी प्राप्त की। आनंद भवन और स्वराज भवन के संग्रहालयों में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों ने उन्हें प्रेरित किया।नोडल अधिकारी और सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुराग मिश्र ने इस यात्रा को छात्रों के ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। संस्थान के निदेशक डॉ. देवराज सिंह सहित डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. राजन तिवारी, प्रगति सिंह, जीशान अली, सूरज सोनकर और शैलेश ने भ्रमण के दौरान छात्रों का मार्गदर्शन किया।
Nov 30 2024, 17:12