*25 लाख से अधिक दीयों से जगमग होगा दीपोत्सव, सरयू घाटों पर 95 प्रतिशत मार्किंग का कार्य पूरा*

अयोध्या- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुरूप अयोध्या के दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल के दिशा-निर्देशन में शनिवार को राम की पैड़ी के घाटों का 95 प्रतिशत मार्किग कार्य सम्पन्न हुआ। विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव मोहम्मद सहील व डॉ रंजन सिंह की देखरेख में कर्मियों ने घाटों पर दीए सजाने वाले स्थलों की नाप-जोख कर मार्किंक का कार्य कराया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीपोत्सव को अलौकिक एवं भव्य बनाने के लिए मार्किग को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 20 अक्टूबर तक मार्किक का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।विवि दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो0 संत शरण मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप 25 लाख दीए प्रज्ज्वलित करने के लिए सरयू के घाटों पर 28 लाख दीए सजाने के लिए मार्किग का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं वालटियर्स के आईकार्ड को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। एक दो दिन में संस्थानों को उपलब्ध करा दिए जायेंगे। उन्होंने बताया कि रामनगरी के आठवें दीपोत्सव को लेकर वालंटियर्स में काफी उत्साह है। वालटियर्स दीपोत्सव पिछला रिकार्ड तोड़कर दीपोत्सव में एक नया इतिहास बनायेंगे।

*21 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, 18 से 45 आयुवर्ग के अभ्यर्थी हो सकते हैं शामिल*

अयोध्या- मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की तृतीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक दिनांक 21 अक्टूबर 2024 सायं 4 बजे विकास भवन सभागार अयोध्या में आहूत की गयी है। ये जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या ने दी है।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर, अयोध्या में दिनांक 21 अक्टूबर, 2024 को प्रातः 10.00 बजे से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, परिसर, फतेहगंज, अयोध्या में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा हैं। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेगी। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य है, एवं शैक्षणिक योग्यता हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, तक है, प्रतिभाग कर सकते है। 

अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in एवं ncs.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा के साथ उक्त दिनांक को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर, फतेहगंज, अयोध्या में उपस्थित हों, इस हेतु किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय आदि देय नहीं है। उक्त जानकारी सहायक निदेशक सेवायोजन अयोध्या ने दी है।

*जिलाधिकारी ने सरयू नदी के नयाघाट से लक्ष्मणघाट तक का लिया जायजा*

अयोध्या- जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह ने आज सरयू नदी के नयाघाट से लक्ष्मणघाट तक पर्यटन सुविधाओं का विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्य हेतु परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा सम्बंधित ठेकेदार को लेबर बढ़ाकर चलित कार्य को दो दिवस में पूर्ण करायें एवं सम्बंधित अभियन्ता को स्वयं उपस्थित रहकर चलित कार्यो को पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

अगले चरण में राम की पैड़ी पर दीपोत्सव एवं अन्य मेले/महोत्सवों के लिए दर्शक दीर्घा का निर्माण कार्य की परियोजना के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चलित कार्य एवं पाथवे की सफाई 02 दिवस में पूर्ण करने, बाउण्ड्रीवाल के कालम से निकली सरियां को काटने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सम्बंधित ठेकेदार एवं अभियन्ता को रेलिंग किन बिन्दुओं पर लगाया जाने के सम्बंध में निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने राम की पैड़ी के निरीक्षण के बाद हनुमान गुफा से लेकर दीन बन्धु चिकित्सालय तक चल रहा है विभिन्न निर्माण कार्यों व पंचकोसी परिक्रमा का निरीक्षण किया जहां पर गड्ढा हुआ है वहां पर जेसीबी व मिट्टी डालकर समतल कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति काफी धीमी पाई गई है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बंधित अधिकारी को कांशीराम कालोनी पंचकोसी परिक्रमा मार्ग में कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजकरन नैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर श्री सलिल कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संदीप श्रीवास्तव, उपनिदेशक पर्यटन व संबंधित विभाग के अधिकारी गण मौजूद रहे।

*महिला पुलिस टीम ने मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को नए कानून की दी जानकारी*

अयोध्या- थाना रौनाही जनपद अयोध्या मिशन शक्ति फेज-5 के अन्तर्गत महिला उप निरीक्षक इंदु सिंह, म0 का0 नेहा चौहान सुचितागंज स्थित एम.एस.एस.नाज इंटर कॉलेज मे जाकर शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन एवं सुकन्या योजना और हेल्पलाइन नंबर के बारे में महिलाओं को जागरूक किया गया और महिला अपराध संबंधित अपराध के बारे में अवगत कराया गया।

साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता हेतु वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी 112, ऑपरेशन कवच, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098, साइबर अपराध के बारे में बताया गया। उन्हें 01/07/2024 से लागू हो रहे नये भारतीय कानूनों BNS, BNSS, BSA के बारे में व अन्य कानूनी जानकारी दी गई ।

*समाधान दिवस में आई शिकायतों का निस्तारण का निर्देश*

अयोध्या- अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध कुमार सिंह के समक्ष 93 प्रार्थना पत्रों में आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराय। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सम्बंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में जन सामान्य की समस्याओं को सुनकर सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में पैमाइश, सार्वजनिक भूमियों पर अतिक्रमण, राशन कार्ड, विकास विभाग एवं पुलिस विभाग जैसे प्रकरणों में एडीएम प्रशासन ने राजस्व विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर दोनो पक्षों की उपस्थिति में प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राहुल सिंह बैतींकला निवासी ने बसकोट को हटवाने, संजय कुमार ककोली निवासी लगे खड़ंजा की ईट को गायब करने की शिकायत, कुंता कुमारी पत्नी दूधनाथ भावापुर निवासी मुकदमा के दौरान अवैध कब्जे को रोकवाने, विश्वजीत यादव ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई की समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धा पेंशन एक साल से न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।

इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट / एसडीएम ध्रुव खड़िया, दिव्यांग जनकल्याण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष राय, तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉसुरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार दीपंकर , राम खेलावन, डीएसओ बृजेश मिश्रा, बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह , सीडीपीओ राजेश कुमार गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार यादव, एडीओ आईएसबी बद्रीनाथ पाण्डेय, बीकापुर कोतवाल लालचंद सरोज, तारुन के कोतवाल सुमित कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

*ऑनलाइन हाजिरी लगाए जाने के आदेश का कर्मचारियों ने जताया विरोध*

अयोध्या- जिले के विभिन्न ब्लॉकों की एएनएम ने ऑनलाइन हाजिरी लगाए जाने के शासन के निर्देश के विरोध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सामने नारेबाजी की। सीएमओ डा. संजय जैन से प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी मांगो को लेकर ज्ञापन सौंपा।

शुक्रवार को कई ब्लॉकों की एएनएम सीएमओ कार्यालय के सामने एकत्र होकर ऑनलाइन हाजिरी का विरोध किया। एएनएम द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि महानिदेशक परिवार कल्याण द्वारा सबसेन्टर की एएनएम के साथ दो फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। पोर्टल पर स्वास्थ्य उपकेन्द्र की फोटो पहले से अपलोड है। जिन्हे अब स्वास्थ्यकर्ता महिला की फोटो के साथ प्रतिदिन अपलोड किया जाना है। जिसका विरोध सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सभी एनएनएम कर रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि एएनएम सभी सेंटर से दूर गांवों में टीकाकरण व अन्य सभी स्वास्थ्य प्रोग्राम करते है। जिस कारण से समय पर पहुंच पाना व अटेन्डेंस सुबह शाम लगा पाना सम्भव नहीं है। टीकाकरण के बाद फीडिंग कार्य भी किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के साधन का भी अभाव रहता है। जिसकारण यह अव्यवहारिक है। प्रर्दशन में एनएनएम ज्योति, शालिनी रैना, उमा तिवारी, निशा दूबे, प्रतिमा श्रीवास्तव, नीलम निगम, रेनू यादव, अनीता, दीपा सिंह मौजूद रही।

*बीजेपी का सक्रिय सदस्य बनने के लिए पचास प्राथमिक सदस्य बनाना आवश्यक*

अयोध्या- भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता महाअभियान के तहत महानगर में शनिवार को सक्रिय सदस्यता महाअभियान चलाया गया। सक्रिय सदस्यता अभियान के क्रियान्वयन के लिए सहादतगंज कार्यालय पर तैयारियों को लेकर मंडल अध्यक्ष, सदस्यता टोली के प्रमुख के साथ महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव तथा सत्यापन अधिकारी महेश मिश्र ओम ने की बैठक की गई। बैठक में सक्रिय सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की गई।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सदस्यता महाअभियान के तहत सक्रिय सदस्यता महाअभियान के तहत शनिवार को प्रत्येक बूथ पर सदस्यता अभियान चलाया गया। महानगर में कई स्थानों पर कैम्प लगाकर सदस्यता कराई गई। जलकल के समाने लगाए कैम्प में 126 लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सक्रिय सदस्य बनने के लिए पचास प्राथमिक सदस्य बनाना आवश्यक है। जिसके लिए कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से बुकलेट प्राप्त कर लें। जिस विवरण के साथ बनाए सदस्यों की डिटेल भर कर कार्यालय में जमा करा दें। उन्होंने बताया कि सत्यापन के उपरान्त सक्रिय सदस्यों की सूची कार्यालय पर चस्पा की जाएगी।

सत्यापन अधिकारी महेश मिश्र ओम ने बताया कि सक्रिय सदस्य 25 अक्टूबर तक अपनी बुकलेट जिला कार्यालय में जमा करा दें।

बैठक में शैलेन्द्र कोरी, अनुराग त्रिपाठी, दिव्य प्रकाश तिवारी, शशि प्रताप सिंह, अनीता सिंह, तिलक राम मौर्य, आसिफ अंसारी हुसैन जिया, राकेश पांडे, रीना द्विवेदी, शकुंतला गौतम, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

*भाजपा के सदस्यता महाअभियान का पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने किया शुभारंभ*

अयोध्या- भाजपा के सदस्यता महाअभियान में शुक्रवार को पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने विधानसभा रूदौली के मवई मंडल क्षेत्र के पटरंगा गांव में में घर-घर जनसम्पर्क कर भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान पूर्व सांसद के द्वारा सदस्यता कैम्प भी लगाया गया। जनसम्पर्क के दौरान सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। सैकड़ो लोगों को पार्टी की डिजिटल सदस्यता दिलाई गई।

पूर्व सांसद ने कहा कि हम जन समान्य व गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी की योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पात्रों को दिलाना हमारा संकल्प है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की अवधारणा के साथ हम निरंतर आगे बढ़ रहे है।

उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति की उत्थान की परिकल्पना को सार्थक करने के उपरान्त समाज के हर वर्ग का साथ भाजपा को मिल रहा है। सबका साथ सबका विकास के साथ हमारा उद्देश्य सबका विश्वास हासिल करना है। घर-घर सम्पर्क कर बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी जायेगी।

मौके पर धर्मेन्द्र सिंह, दिलीप सिंह, अमर सिंह, राहुल वर्मा, तेजचन्द्र सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

*सत्कर्म से ही मिलती है जीव को मुक्तिःश्याम सारथी जी महाराज*

अयोध्या - प्रसिद्ध कथा वाचक श्याम सारथी जी महाराज के द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन, जजमान जगदंबा प्रसाद तिवारी के यहां पूरे इच्छा तिवारी सरियावा चौराहा के निकट चल रही है। कथा व्यास श्याम सारथी जी महाराज ने कथा के तीसरे दिन बताया प्राणियों को अपने जीवन कल में सत्कर्म ही करना चाहिए। और सत्य के मार्ग पर ही चलना चाहिए। कठिनाई समस्या चाहे जो आवे लेकिन सद मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।इसी से जीव को मुक्ति मिलती है।

अंत में कथा व्यास श्याम सारथी जी महाराज ने राजा परीक्षित की कथा सुनाई। इस अवसर पर गुरुकुल महाविद्यालय के अध्यापक पंडित राजेंद्र तिवारी को कथा व्यास ने व्यास पीठ पर सम्मानित किया। इस दौरान काफी संख्या में गांव व क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।

*पूजा तिवारी ने बढ़ाया अयोध्या का मान, ग्रेजुएशन की परीक्षा में किया टॉप*

अयोध्या- अयोध्या की पूजा तिवारी ने वर्धा हिंदी विश्वविद्यालय महाराष्ट्र में ग्रेजुएशन की परीक्षा में टॉप किया सर्वाधिक अंक पाकर अयोध्या का बढ़ाया मान। पूजा तिवारी ने अनुवाद अध्ययन में प्रथम स्थान पाया।

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की होनहार छात्रा पूजा तिवारी ने अनुवाद अध्ययन में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने परिवार का मान बढ़ाया है। पूजा ने इस क्षेत्र में अपने समर्पण और कड़ी मेहनत से न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त की। उनकी यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह अनुवाद अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान भी है। उन्होंने अपने चतुर्थ सेमेस्टर में 78% अंक प्राप्त किए, जबकि उनका कुल औसत प्रदर्शन 74.5% रहा है, जो उनके शैक्षणिक कौशल का प्रमाण है। पूजा को अंग्रेजी और हिंदी विषयों में स्नातक की उपाधि भी 73 प्रतिशत के साथ इसी विश्वविद्यालय से मिली थी।

भाषाई विविधता से परिपूर्ण भारत में, अनुवाद केवल भाषाओं का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि यह विभिन्न संस्कृतियों और विचारधाराओं को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। पूजा का कथन है कि अनुवाद न केवल संवाद को सुलभ बनाता है, बल्कि समाज के विभिन्न हिस्सों के बीच आपसी समझ और सामंजस्य को भी बढ़ाता है। भारत जैसे भाषाई विविधता वाले देश में अनुवाद की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण होती है, पूजा ने इसे बखूबी समझा है। अनुवाद केवल शब्दों का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि यह दो भाषाओं और संस्कृतियों के बीच एक सेतु का काम करता है, जिससे परस्पर सांस्कृतिक समझ विकसित होती है। पूजा अनुवाद के क्षेत्र में भविष्य में और भी महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

वह धर्मनगरी अयोध्या की निवासी हैं, उन्होंने अपने प्रोजेक्ट का विषय भी अंग्रेजी समाचार पत्रों में श्री राम मंदिर से संबंधित लेखों का अनुवाद चुना था। उनकी सफलता उनके निरंतर परिश्रम, समर्पण और शिक्षा के प्रति उनके गहरे रुझान का परिणाम है। उनके पिता श्री विपनेश तिवारी ने कहा, "पूजा ने हमेशा से शिक्षा में उत्कृष्टता पाने के लिए प्रयास किए हैं, और आज उनकी यह सफलता हमारे लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि अयोध्या के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी। उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन और समर्पण के साथ हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।" पूजा की इस उपलब्धि पर उनके परिवार के सदस्यों और मित्रों और सहपाठियों ने भी उन्हें उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।