बेतिया आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी टिप्स

डेस्क : बिहार में अगले साल 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से सभी पार्टियां जुट गई है। सभी पार्टी के नेताओं द्वारा प्रदेश में यात्रा कर कार्यकर्तोओं को चुनाव के लिए तैयार करने की कवायद जारी है। बिहार के सत्ताधारी जदयू के राष्ट्रीय महासचिव भी इनदिनों बिहार की यात्रा पर है। वे अलग-अलग जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें चुनावी टिप्स दे रहे है। 

इसी कड़ी में मनीष वर्मा आज पश्चिमी चम्पारण के बेतिया पहुँचे। यहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं औऱ नेताओं नें उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मनीष वर्मा ने यहां पर कार्यकर्त्ता समागम में भाग लिया। 

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं की समस्याओं के निदान का भरोसा दिया। साथ ही साथ उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को ज़रूरी टिप्स दिये। मनीष वर्मा ने एनडीए में आपसी समन्वय पर तेज़ी से काम चलने की बात कहीं।  

इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव ने जनसुराज नेता प्रशांत किशोर पर इशारों इशारों में निशाना साधते हुए कहा की जनता तय करेगी पीके का क्या राजनीतिक मापदंड है क्योंकि पदयात्रा करते नई पार्टी जनसुराज का गठन किया गया है जो जनता के सामने है। उनके पार्टी का कोई लोकतान्त्रिक प्रणाली है भी या नहीं। इसका फ़ैसला बिहार की जनता करेगी। लोगों की जो इच्छा होंगी वहीं होगा।

इधर जेडीयू कार्यकर्ताओं ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में फ़िर से एनडीए सरकार बनाने कों लेकर एकजुटता दिखाई। ख़ासकर अल्पसंख्यक समाज के वोटरों को गोलबंद करने की कवायद तेज़ क़र दी गईं है। जेडीयू की रैली में वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार के साथ एमएलसी भीष्म सहनी औऱ विधायक रिंकू सिंह भी मौजूद रहे।

बिहार के इन पांच जिलों के DEO पर विभागिए कार्रवाई की सिफारिश, जानिए क्या है वजह

डेस्क : बिहार के बांका, जमुई, पटना, सहरसा और सिवान जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी पर विभागिए कार्रवाई की सिफारिश की गई है। बताया जा रहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन समय से नहीं मिल पा रहा है। इन जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) पर आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों का आधार वेतन, महंगाई भत्ता और अन्य भत्ते समय पर नहीं दिए हैं। विशेष रूप से, अस्थायी शिक्षकों और अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों का मानदेय लंबे समय से रुका हुआ है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।

बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग के अपर सचिव संजय कुमार ने बार-बार स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सभी जिलों में शिक्षकों का वेतन हर महीने के पहले हफ्ते में अवश्य दे दिया जाए। लेकिन, इन जिलों के DEO ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। 8 अक्टूबर को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में पाया गया कि कई जिलों में सितंबर महीने का वेतन अभी तक नहीं दिया गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को 9 अक्टूबर तक वेतन वितरण करने का आदेश दिया गया था। हालांकि, 15 अक्टूबर को हुई एक और बैठक में पता चला कि कई जिलों में, खासकर बांका, जमुई, पटना, सहरसा और सिवान में, वेतन भुगतान अभी भी लंबित है।

वेतन भुगतान में इस तरह की देरी के कारण शिक्षकों और कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। कई शिक्षक परिवारों के पालन-पोषण के लिए कर्ज लेने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इससे न केवल उनका मनोबल गिर रहा है बल्कि उनके कार्य पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

शिक्षा विभाग के एसीएस डॉ एस सिद्दार्थ इस लापरवाही से काफी नाराज है। विभाग ने इन जिलों के DEO के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है। साथ ही, विभाग यह भी जांच कर रहा है कि आखिर क्यों इन जिलों में वेतन भुगतान में इतनी देरी हो रही है। क्या यह तकनीकी समस्या है, वित्तीय अड़चन है, या फिर प्रशासनिक लापरवाही? भविष्य में इस तरह की स्थिति न आए, इसके लिए शिक्षा विभाग कुछ कड़े कदम उठाने की योजना बना रहा है। इसमें संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ वेतन भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के उपाय भी शामिल हैं।

जहरीली शराब से हुई मौत को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक की, अधिकारियों को दिए यह सख्त निर्देश

डेस्क : बिहार में एकबार फिर जहरीली शराब के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत का मामला सामने आया है। प्रदेश के सीवान और सारण जिले में पिछले 48 घंटों के दौरान जहरीली शराब कम से कम 27 लोगों की मौत की खबर है। वहीं दर्जनों लोगों के अभी भी बीमार हालत में अस्पताल में दाखिल होने की बातें सामने आई हैं।

इधर इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि वे घटनास्थल पर जाकर पूरी स्थिति की जानकारी लेकर सभी बिन्दुओं पर सघन जांच करें। मुख्यमंत्री ने ए०डी०जी० (प्रोहिबिशन) की पूरी टीम को घटनास्थल पर जाकर उसकी सघन जांच कर इस कांड में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया कि पूरे घटनाक्रम की अपने स्तर से लगातार मॉनीटरिंग करते रहें और इस घटना के लिये जो भी दोषी हों उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील करते हुये कहा कि शराब पीना बुरी बात है, यह लोगों को समझना चाहिये। शराब पीने से न सिर्फ स्वास्थ्य खराब होता है बल्कि परिवार और समाज में अशांति का माहौल भी उत्पन्न होता है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसका सभी लोग पालन कर रहे हैं। कुछ असमाजिक तत्व समाज में अशांति पैदा करना चाहते हैं, उनसे लोग सतर्क रहें।

गौरतलब है कि छपरा और सिवान के 16 गांवों में जहरीली शराब का कहर टूटा है। दावा किया गया है कि भगवानपुर हाट मेले में बेची गई स्प्रिट से बनी शराब को पीकर लोग बीमार हुए। वहीं दो गांवों में मछली पार्टी भी हुई ओर लोगों ने शराब भी पी। बाद में बुधवार को कई लोगों की तबीयत बिगड़ी और मीडिया रिपोर्ट में 27 लोगों ने अब तक दम तोड़ दिया है। वहीं 19 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। कई लोगों की आंखों की रौशनी चली गई है। घटना के बाद छपरा के मशरक थानाध्यक्ष सहित 5 पुलिसवालों को सस्पेंड किया गया है।

बिहार विस उपचुनाव से जन सुराज ने अपनी राजनीतिक पारी का किया शुरुआत, तरारी विधानसभा सीट से इन्हें बनाया अपना उम्मीदवार

डेस्क : राजनीतिक रणनीतिकार से राजनीतिज्ञ बने प्रशांत किशोर ने बीते 2 अक्टूबर को अपनी पॉलिटकल पार्टी जन सुराज का एलान किया था। वहीं अब बिहार विधान सभा के 4 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव से जनसुराज ने अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत कर दी है।

जन सुराज ने तरारी विधानसभा क्षेत्र से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। बुधवार को पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष मनोज भारती ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उपस्थिति में इसकी घोषणा की। तरारी में 13 नवंबर को विधानसभा का उपचुनाव है। पार्टी शीघ्र ही तीन अन्य सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।

लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड करथ गांव के रहने वाले हैं। मौके पर प्रशांत किशोर ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह बिहार के उन दो वरीय सैन्य अधिकारियों में शामिल हैं, जो वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बने। इसके पहले एसके सिन्हा को यह गौरव प्राप्त है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि इनसे बेहतर कोई उम्मीदवार होगा तो वे अपनी गलती मान लेंगे और उसका समर्थन करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि 243 विधानसभा सीटों पर भी वे ऐसे ही उम्मीदवार देंगे। लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह को अति विशिष्ट सेवा पदक के साथ उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों का या तो नेतृत्व किया है। श्री सिंह ने कहा कि अब अपने गांव के लिए काम करना चाहता हूं।

देश का पहला राज्य होगा बिहार, जहां एकसाथ तीन ट्रांसजेंडर को मिलेगा दारोगा पद का नियुक्ति पत्र

डेस्क : बिहार में पहली बार ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी इस मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। इनमें एक ट्रांसवुमेन और दो ट्रांसमेन शामिल हैं। मानवी मधु कश्यप पहली ट्रांसवुमेन हैं जो दारोगा बनीं है। जबकि, रोनित झा और बंटी कुमार ट्रांसमेन है। देश में बिहार पहला राज्य होगा, जहां तीन ट्रांसजेंडरों को एक साथ दारोगा पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के नवनियुक्त 1239 पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) को नियुक्ति पत्र देंगे। गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय की ओर से 21 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, गृह विभाग के प्रधान सचिव अरिवंद कुमार चौधरी, राज्य के पुलिस महानिदेशक आलोक राज सहित पुलिस मुख्यालय के वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बिहार के 6543 पैक्सों में 26 नवंबर से पांच चरणों में होगा मतदान, निकाय में शामिल 105 पैक्सों में नहीं होंगे चुनाव

* डेस्क : बिहार में पैक्स चुनाव को लेकर रास्ता साफ हो गया है। राज्य के 6543 पैक्सों में 26 नवंबर से मतदान होंगे। वहीं निकाय में शामिल 105 पैक्सों में चुनाव नहीं होगा। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार कार्यालय में वरीय अधिकारियों की बैठक में पांच चरणों में मतदान की जानकारी सहकारिता विभाग, सामान्य प्रशासन, गृह विभाग और पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई। मतदान की प्रस्तावित तिथि पर सहमति बन गई है। इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। बीते बुधवार को बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के मुख्य चुनाव पदाधिकारी गिरीश शंकर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में सहकारिता सचिव धर्मेंद्र सिंह, सामान्य प्रशासन सचिव मो. सोहैल, निर्वाचन प्राधिकार सचिव पुरुषोत्तम पासवान, गृह विभाग विशेष सचिव केएस अनुपम, सूचना प्रावैधिक विशेष सचिव बिधानचंद्र यादव, पुलिस मुख्यालय डीआईजी राशिद जमा, होमगार्ड डीआईजी जयंत प्रताप सिंह, समादेष्टा एनामूलहक मेंगनू, वित्त विभाग संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ठाकुर और निर्वाचन प्राधिकार परामर्शी कुमार क्षांत रक्षित मौजूद रहे। बैठक में मतदान के दौरान कानून व्यवस्था, मतदान के दौरान मौत पर मुआवजा आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में शहरी निकाय में शामिल पैक्सों का चुनाव बाद में कराने का निर्णय लिया गया है। इन पैक्सों की उपविधि में संशोधन के बाद ही यहां चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे करीब 105 पैक्स हैं। इसके बाद शेष बचे 6543 पैक्सों में नवंबर माह में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। बैठक में तय हुआ कि मतदान के दौरान घायल, अपंग, मृत मतदानकर्मियों और पुलिसकर्मियों के लिए अनुदान राशि के बारे में गृह विभाग शीघ्र निर्णय लेगा। राज्य के 6543 पैक्सों में चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। इस पर दावा-आपत्ति 22 अक्टूबर तक किया जा सकता है। इसके बाद 25 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। सहकारिता विभाग ने बुधवार को कहा है कि आपत्ति पैक्स निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के यहां दर्ज करा सकते हैं। यदि संबंधित पैक्स निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष आपत्ति देने में किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई हो रही है तो तो जिला में गठित पैक्स निर्वाचन शिकायत कोषांग में दावा-आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
सीएम नीतीश कुमार का बड़ा एलान, किसानों को दिवाली से पहले मिलेगा फसल क्षति मुआवजा*

डेस्क : बिहार के 16 जिलों में इस साल आई भयंकर बाढ़ से भारी तबाही मची है। जहां लाखों लोगों विस्थापित हो गए है। वहीं फसल की भी भारी क्षति हुई है। फसल की क्षति की मार झेल रहे किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके लिए बड़ा एलान किया है। सूबे के बाढ़ प्रभावित जिलों के पीड़ित किसानों को फसलों की क्षति का मुआवजा दीपावली से पहले मिल जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुआवजे की राशि उनके खातों में चली जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कहा कि बाढ़ से प्रथम और दूसरे चरण में 16-16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। यहां के किसानों की फसल को क्षति पहुंची है। प्रथम चरण के लिए फसल क्षति के रूप में 229 करोड़ और दूसरे चरण के लिए 261 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है।
बिहार के 4 विस सीटों पर होनेवाले उपचुनाव को लेकर एनडीए में हुआ सीटों का बंटवारा, जानिए किसे मिली कितनी सीट

डेस्क : बिहार विधानसभा के चार सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है। इस उपचुनाव को लेकर एनडीए की बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। इस बात की जानकारी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि चारों सीटों में दो सीटों पर बीजेपी और एक-एक सीट पर जदयू और हम चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ और तरारी विधानसभा सीट पर बीजेपी अपना कैंडिडेट उतारेगी, वहीं बेलागंज में जदयू और इमामगंज की सीट पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के उम्मीदवार मैदान में होंगे। दिलीप जायसवाल ने बताया कि चारों सीटों पर उम्मीदवारों का चयन सभी पार्टियों की मीटिंग में तय किया जाएगा। शराब से हुई मौत को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में 13 करोड़ से ज्यादा की आबादी है। ऐसे में ऐसे कुछ हादसों के बाद यह कहना कि शराबबंदी फेल है, यह सही नहीं है। हर जगह ऐसी छिटपुट घटनाएं होती है। लेकिन बिहार में नीतीश कुमार ने शराबबंदी का जो फैसला लिया था, वह पूरी तरह से सही है।
शिक्षा विभाग में अनुकंपा पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी, शिक्षा मंत्री ने किया यह एलान*

डेस्क : बिहार के शिक्षा विभाग में अनुकंपा पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे लोगों को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बड़ी खुशखबरी दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि अनुकंपा वाले 6430 पोस्ट पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है और उनकी जल्दी ही नियुक्ति करा दी जाएगी। वहीं गेस्ट टीचर के मामले में उन्होंने कहा कि इसमें कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है हम लोगों ने उनको अपनी मांगों के साथ कार्यालय में बुलाया है बहुत सारे शिक्षकों का सरकार ने किया है । उन्होंने कहा कि जो शिक्षक नियुक्त हुए हैं उनकी जो मांगे हैं उस पर विचार किया जाएगा और जो निर्णय होगा उससे अवगत करा दिया जाएगा। शारीरिक शिक्षक एवं स्वास्थ्य अनुदेशक पर उन्होंने कहा कि वह रखे गए हैं। शारीरिक शिक्षक वाले बहुत सारे है। जिसमें हम अपने बजट के अनुसार फैसला लेंगें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में बहुत सारी लाखों की संख्या में नौकरियां दी गई बीपीएससी के थ्रू सक्षमता एवं अनुकंपा के थ्रू और बहुत सारे ऐसे हैं लोगों को नौकरी दी गई है। वहीं वित्त रहित को अनुदान देने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो अनुदान करना था ,वह हमने कर दिया है और जो उसमें क्वालीफाई करते हैं उन्हें अगले सप्ताह में चला जाएगा। यूनिवर्सिटी का भी जो ग्रैंड था वह हमने पूरा कर दिया है।
*बड़ी खबर : बिहार के छपरा-सीवान जिले में 8 लोगों की संदिग्ध मौत 5 की आंख की रौशनी गायब, जहरीली शराब का सेवन बताया जा रहा कारण*

डेस्क : बिहार के छपरा और सीवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां तकरीबन 8 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। वहीं 5 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। घटना के पीछे जहरीली शराब के सेवन की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से प्रशानिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार सीवान के भगवानपुर प्रखंड के माघर गांव में संदिग्ध परिस्थिति में सात लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं 3 व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी हुई है। जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। सदर अस्पताल में 2 व्यक्ति का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के कौड़ियां पंचायत और अन्य गांव की है। मृतक के परिजनों के अनुसार एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जहरीले शराब पीने से मौत हुई है। महाराजगंज एसडीएम अनिल कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा की प्रथम दृष्टया शराब पीने से मौत लग रहा है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों में कौड़िया वैश्य टोला के अरविंद सिंह 40 वर्ष रामेंद्र सिंह 30 वर्ष, माघर पोखरा के संतोष महतो उम्र 35वर्ष, मुन्ना कुमार 32 वर्ष , कौड़िया वैश्य टोला के रविंद्र सिंह के अलावा अन्य मृतकों में विलासपुर और सरसैया के ग्रामीण शामिल है ग्रामीणों का कहना है कि कौड़िया वैश्य टोला के अरविंद सिंह की रात में ही परिजनों ने अत्येष्टी कर दी। वहीं 2 लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं छपरा जिले के मशरक क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। मृतक का नाम इस्लामुद्दीन बताया गया है, जो लतीफ मियां का बेटा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीमार व्यक्तियों में शमशाद और मुमताज अंसारी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि इन दोनों की आंखों की रोशनी चली गई है। यह घटना इब्राहिमपुर काइया टोला में हुई थी, जहां तीन लोगों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी।