देश का पहला राज्य होगा बिहार, जहां एकसाथ तीन ट्रांसजेंडर को मिलेगा दारोगा पद का नियुक्ति पत्र

डेस्क : बिहार में पहली बार ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी इस मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। इनमें एक ट्रांसवुमेन और दो ट्रांसमेन शामिल हैं। मानवी मधु कश्यप पहली ट्रांसवुमेन हैं जो दारोगा बनीं है। जबकि, रोनित झा और बंटी कुमार ट्रांसमेन है। देश में बिहार पहला राज्य होगा, जहां तीन ट्रांसजेंडरों को एक साथ दारोगा पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के नवनियुक्त 1239 पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) को नियुक्ति पत्र देंगे। गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय की ओर से 21 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, गृह विभाग के प्रधान सचिव अरिवंद कुमार चौधरी, राज्य के पुलिस महानिदेशक आलोक राज सहित पुलिस मुख्यालय के वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बिहार के 6543 पैक्सों में 26 नवंबर से पांच चरणों में होगा मतदान, निकाय में शामिल 105 पैक्सों में नहीं होंगे चुनाव

* डेस्क : बिहार में पैक्स चुनाव को लेकर रास्ता साफ हो गया है। राज्य के 6543 पैक्सों में 26 नवंबर से मतदान होंगे। वहीं निकाय में शामिल 105 पैक्सों में चुनाव नहीं होगा। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार कार्यालय में वरीय अधिकारियों की बैठक में पांच चरणों में मतदान की जानकारी सहकारिता विभाग, सामान्य प्रशासन, गृह विभाग और पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई। मतदान की प्रस्तावित तिथि पर सहमति बन गई है। इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। बीते बुधवार को बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के मुख्य चुनाव पदाधिकारी गिरीश शंकर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में सहकारिता सचिव धर्मेंद्र सिंह, सामान्य प्रशासन सचिव मो. सोहैल, निर्वाचन प्राधिकार सचिव पुरुषोत्तम पासवान, गृह विभाग विशेष सचिव केएस अनुपम, सूचना प्रावैधिक विशेष सचिव बिधानचंद्र यादव, पुलिस मुख्यालय डीआईजी राशिद जमा, होमगार्ड डीआईजी जयंत प्रताप सिंह, समादेष्टा एनामूलहक मेंगनू, वित्त विभाग संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ठाकुर और निर्वाचन प्राधिकार परामर्शी कुमार क्षांत रक्षित मौजूद रहे। बैठक में मतदान के दौरान कानून व्यवस्था, मतदान के दौरान मौत पर मुआवजा आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में शहरी निकाय में शामिल पैक्सों का चुनाव बाद में कराने का निर्णय लिया गया है। इन पैक्सों की उपविधि में संशोधन के बाद ही यहां चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे करीब 105 पैक्स हैं। इसके बाद शेष बचे 6543 पैक्सों में नवंबर माह में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। बैठक में तय हुआ कि मतदान के दौरान घायल, अपंग, मृत मतदानकर्मियों और पुलिसकर्मियों के लिए अनुदान राशि के बारे में गृह विभाग शीघ्र निर्णय लेगा। राज्य के 6543 पैक्सों में चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। इस पर दावा-आपत्ति 22 अक्टूबर तक किया जा सकता है। इसके बाद 25 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। सहकारिता विभाग ने बुधवार को कहा है कि आपत्ति पैक्स निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के यहां दर्ज करा सकते हैं। यदि संबंधित पैक्स निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष आपत्ति देने में किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई हो रही है तो तो जिला में गठित पैक्स निर्वाचन शिकायत कोषांग में दावा-आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
सीएम नीतीश कुमार का बड़ा एलान, किसानों को दिवाली से पहले मिलेगा फसल क्षति मुआवजा*

डेस्क : बिहार के 16 जिलों में इस साल आई भयंकर बाढ़ से भारी तबाही मची है। जहां लाखों लोगों विस्थापित हो गए है। वहीं फसल की भी भारी क्षति हुई है। फसल की क्षति की मार झेल रहे किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके लिए बड़ा एलान किया है। सूबे के बाढ़ प्रभावित जिलों के पीड़ित किसानों को फसलों की क्षति का मुआवजा दीपावली से पहले मिल जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुआवजे की राशि उनके खातों में चली जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कहा कि बाढ़ से प्रथम और दूसरे चरण में 16-16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। यहां के किसानों की फसल को क्षति पहुंची है। प्रथम चरण के लिए फसल क्षति के रूप में 229 करोड़ और दूसरे चरण के लिए 261 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है।
बिहार के 4 विस सीटों पर होनेवाले उपचुनाव को लेकर एनडीए में हुआ सीटों का बंटवारा, जानिए किसे मिली कितनी सीट

डेस्क : बिहार विधानसभा के चार सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है। इस उपचुनाव को लेकर एनडीए की बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। इस बात की जानकारी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि चारों सीटों में दो सीटों पर बीजेपी और एक-एक सीट पर जदयू और हम चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ और तरारी विधानसभा सीट पर बीजेपी अपना कैंडिडेट उतारेगी, वहीं बेलागंज में जदयू और इमामगंज की सीट पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के उम्मीदवार मैदान में होंगे। दिलीप जायसवाल ने बताया कि चारों सीटों पर उम्मीदवारों का चयन सभी पार्टियों की मीटिंग में तय किया जाएगा। शराब से हुई मौत को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में 13 करोड़ से ज्यादा की आबादी है। ऐसे में ऐसे कुछ हादसों के बाद यह कहना कि शराबबंदी फेल है, यह सही नहीं है। हर जगह ऐसी छिटपुट घटनाएं होती है। लेकिन बिहार में नीतीश कुमार ने शराबबंदी का जो फैसला लिया था, वह पूरी तरह से सही है।
शिक्षा विभाग में अनुकंपा पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी, शिक्षा मंत्री ने किया यह एलान*

डेस्क : बिहार के शिक्षा विभाग में अनुकंपा पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे लोगों को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बड़ी खुशखबरी दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि अनुकंपा वाले 6430 पोस्ट पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है और उनकी जल्दी ही नियुक्ति करा दी जाएगी। वहीं गेस्ट टीचर के मामले में उन्होंने कहा कि इसमें कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है हम लोगों ने उनको अपनी मांगों के साथ कार्यालय में बुलाया है बहुत सारे शिक्षकों का सरकार ने किया है । उन्होंने कहा कि जो शिक्षक नियुक्त हुए हैं उनकी जो मांगे हैं उस पर विचार किया जाएगा और जो निर्णय होगा उससे अवगत करा दिया जाएगा। शारीरिक शिक्षक एवं स्वास्थ्य अनुदेशक पर उन्होंने कहा कि वह रखे गए हैं। शारीरिक शिक्षक वाले बहुत सारे है। जिसमें हम अपने बजट के अनुसार फैसला लेंगें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में बहुत सारी लाखों की संख्या में नौकरियां दी गई बीपीएससी के थ्रू सक्षमता एवं अनुकंपा के थ्रू और बहुत सारे ऐसे हैं लोगों को नौकरी दी गई है। वहीं वित्त रहित को अनुदान देने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो अनुदान करना था ,वह हमने कर दिया है और जो उसमें क्वालीफाई करते हैं उन्हें अगले सप्ताह में चला जाएगा। यूनिवर्सिटी का भी जो ग्रैंड था वह हमने पूरा कर दिया है।
*बड़ी खबर : बिहार के छपरा-सीवान जिले में 8 लोगों की संदिग्ध मौत 5 की आंख की रौशनी गायब, जहरीली शराब का सेवन बताया जा रहा कारण*

डेस्क : बिहार के छपरा और सीवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां तकरीबन 8 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। वहीं 5 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। घटना के पीछे जहरीली शराब के सेवन की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से प्रशानिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार सीवान के भगवानपुर प्रखंड के माघर गांव में संदिग्ध परिस्थिति में सात लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं 3 व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी हुई है। जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। सदर अस्पताल में 2 व्यक्ति का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के कौड़ियां पंचायत और अन्य गांव की है। मृतक के परिजनों के अनुसार एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जहरीले शराब पीने से मौत हुई है। महाराजगंज एसडीएम अनिल कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा की प्रथम दृष्टया शराब पीने से मौत लग रहा है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों में कौड़िया वैश्य टोला के अरविंद सिंह 40 वर्ष रामेंद्र सिंह 30 वर्ष, माघर पोखरा के संतोष महतो उम्र 35वर्ष, मुन्ना कुमार 32 वर्ष , कौड़िया वैश्य टोला के रविंद्र सिंह के अलावा अन्य मृतकों में विलासपुर और सरसैया के ग्रामीण शामिल है ग्रामीणों का कहना है कि कौड़िया वैश्य टोला के अरविंद सिंह की रात में ही परिजनों ने अत्येष्टी कर दी। वहीं 2 लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं छपरा जिले के मशरक क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। मृतक का नाम इस्लामुद्दीन बताया गया है, जो लतीफ मियां का बेटा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीमार व्यक्तियों में शमशाद और मुमताज अंसारी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि इन दोनों की आंखों की रोशनी चली गई है। यह घटना इब्राहिमपुर काइया टोला में हुई थी, जहां तीन लोगों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी।
विदेश में पिकनिक यात्रा के बाद विधानसभा उप चुनाव में अपनी प्रत्यक्ष हर को देखकर आभार यात्रा का ढोंग करने लगे हैं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव :-

डेस्क :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द कुमार सिंह ने कहा है कि बिहार जब बाढ़ जैसी भीषण आपदा से जूझ रहा था तो तेजस्वी यादव अपना गैर जिम्मेदाराना एवं नाकामी पूर्ण रवैया दिखाते हुए जनता के पीड़ा के समय में विदेश पिकनिक यात्रा पर आराम फरमाने चले गए थे। जबकि जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया और अब विधानसभा उप चुनाव में अपनी प्रत्यक्ष हर को देखकर आभार यात्रा का ढोंग करने लगे हैं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव। बिहार के जनता का रुपया चोरी में कोर्ट से कनविक्टेड जनता की अदालत में हाजिर होने जा रहे हैं। जबकि बिहार की जनता पहले से ही फैसला और मन दोनों बना चुकी है फिर एक बार एनडीए सरकार। यात्रा कर रहा है सावन में मछली खाने वाला व्यक्ति, जबकि यात्रा तो करनी चाहिए थी, कृष्ण भक्त को जो इसका हकदार है बड़ा बेटा होने के कारण, लेकिन राजद में घोटाले का बोलबाला है, बिहार की जनता सब जानती है। कहा कि एनडीए सरकार और एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता सालों भर जनता के बीच में रहते हैं और बाढ़ जैसी भीषण आपदा के समय में भी जनता के बीच में ही थे। बिहार की जनता प्रबुद्ध है वह सब जानती है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी यात्रा के नाम पर ढोंग कर रहे हैं और विधान सभा उप चुनाव के समय में जनता को अपने स्वार्थ पूर्ति के लिए याद कर रहे हैं। वें आपदा के समय में जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिए थे और विदेश यात्रा पर पिकनिक सैर सपाटा एवं आराम फरमा रहे थे। दूसरे चरण के यात्रा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जन आक्रोश को देखते हुए उसमें कटौती की है और कोशिश किए हैं कि अपने दागदार छवि और कनविक्टेड चरित्र को लेकर जनता के बीच में नहीं जाएं। श्री अरविन्द ने कहा कि जनता जनार्दन को एनडीए सरकार द्वारा बिहार में स्थापित की गई सुशासन, रोजगार उन्मुख नीतियां और एनडीए सरकार के काम पर भरोसा है। एनडीए सरकार विधानसभा उपचुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उपलब्धियां के बदौलत एनडीए सरकार विधानसभा उपचुनाव और आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीतेगा और बिहार में राजद का सुफड़ा साफ कर देगा।
एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं, उपचुनाव हम मजबूती से लड़ेंगे : डॉ. दिलीप जायसवाल*

डेस्क : भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा है कि एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती के साथ झारखंड चुनाव लड़ेगा। बिहार उपचुनाव भी हम मजबूती से लड़ेंगे। सहयोगी दलों के साथ सीटों को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं है। जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां विपक्षी गठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए के बीच बिहार में सीट बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं है। बिहार उपचुनाव की तैयारी भी अच्छी तरह चल रही है। इमामगंज की सीट पहले से हमारे पास है और अब बेला, तरारी, और रामगढ़ की सीटों को भी विपक्ष से छीनने के लिए हम पूरी तैयारी कर चुके हैं। हमें पूरा विश्वास है कि हमारा प्रदर्शन इस बार भी शानदार रहेगा। एनडीए की ओर से आगामी सभी चुनावों में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। जनता का समर्थन बीजेपी व एनडीए के साथ है। तेजस्वी की यात्रा पर तंज कसते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता अब यह बात समझ चुकी है कि विपक्ष और उनके नेता राहुल गांधी देश का नमक खाकर विदेश में जाकर देश के खिलाफ बोलते हैं। इसका खामियाजा विपक्षी गठबंधन को आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा। तेजस्वी यादव किस मुंह से यात्रा करेंगे? जनता उनसे सवाल करेगी कि जब विधानसभा सत्र चलता है तब वह विदेश चले जाते हैं। जब राज्य में बाढ़ आती है तब भी वह विदेश में होते हैं। अब जब चुनाव का समय है तब जनता के बीच आकर दिखावा कर रहे हैं।
बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर, बिजली दरों में नहीं होगी कोई बढ़ोत्तरी*

डेस्क : बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं होगी। बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली कंपनी की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई के बाद बिजली दर में वृद्धि के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। हालांकि आयोग ने कंपनी की ओर से उठाए गए बिंदुओं का समाधान कर दिया। खासकर कंपनी के खर्च का हिसाब और आमदनी को दुरुस्त कर दिया गया है। दरअसल, इस साल मार्च में विनियामक आयोग ने नई बिजली दर तय किया था, जो एक अप्रैल से लागू है। उस समय आयोग ने बिजली दर में वृद्धि के बदले 15 पैसे प्रति यूनिट की कमी कर दी थी। इस पर कंपनी ने पुनर्विचार याचिका दायर की थी। कंपनी ने 17 बिंदुओं पर सवाल उठाए थे। कंपनी ने तर्क दिया था कि आयोग ने पैसों का हिसाब सही तरीके से नहीं किया है। खासकर कंपनी की आमदनी, खर्च और बिजली की खरीद मूल्य का जोड़ सही तरीके से नहीं किया गया। अगर सही तरीके से मूल्यांकन हो तो बिहार में बिजली दर में वृद्धि की आवश्यकता है। कंपनी ने वितरण और तकनीकी नुकसान तथा बाजार से अधिक दाम पर बिजली की खरीद का भी सही तरीके से मूल्यांकन नहीं होने का मामला उठाया था। आयोग ने कंपनी की सभी दलीलों को सुना। साथ ही कंपनी की आमदनी के पैसों के जोड़ को सही किया। साथ ही कुछ टंकण भूल भी दुरुस्त किया गया, लेकिन आयोग ने कंपनी की ओर से बिजली दर में वृद्धि के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। विनियामक आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी, सदस्य अरुण कुमार सिन्हा और पीएस यादव ने कंपनी की पुनर्विचार याचिका पर यह फैसला सुनाया।
बड़ी खबर : बिहार खनिज (संशोधन) नियमावली, 2024 को कैबिनेट ने दी मंजूरी, अवैध खनन करने वालों की अब खैर नही*

डेस्क : बिहार में अवैध खनन और परिवहन पर लगाम लगाने को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाया है। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने को लेकर मौजूदा कानून और सख्त होगा। सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पूर्व के मानकों को और कड़ा करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गयी। इसके तहत दंड की राशि बढ़ाकर एक से 10 लाख तक कर दी गयी है। पहले 25 हजार से चार लाख तक जुर्माना का प्रावधान था। कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (संशोधन) नियमावली, 2024 को मंजूरी दी गयी है। नये प्रावधान में घाटों की बंदोबस्ती को भी व्यावहारिक बनाया गया है। ई-नीलामी कर बंदोबस्ती के बाद 15 दिनों के अंदर खनन पट्टा का संचालन शुरू किया जा सकेगा। इस समय पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त करने में औसतन आठ से दस माह का समय लग जाता है। नियमावली में संशोधन होने से सरकार पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए किसी एजेंसी या पदाधिकारी को प्राधिकृत कर पाएगी। डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि बालू, गिट्टी समेत अन्य सभी खनिजों का खनन, भंडारण और परिवहन में गड़बड़ी करने वालों से अब भारी जुर्माना वसूला जाएगा। अनिबंधित और गैर व्यावसायिक ट्रैक्टर एवं ट्राली से 1 लाख, मेटाडोर- छोटे ट्रक (407, 408) से 2.50 लाख, ट्रक या वाहन (6 चक्का) से 4 लाख और डम्पर (6 चक्का)/10 या उससे अधिक चक्का वाले वाहन से 8 लाख तथा क्रेन, नाव, एक्सकावेटर, लोडर, पावर हैमर, ड्रिलिंग मशीन एवं अन्य समरूप मशीन से 10 लाख वसूले जाएंगे।