cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 16:05

सांसद बृजमोहन अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष

रायपुर-   सांसद बृजमोहन अग्रवाल को छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। रविवार को एसोसिएशन के एक्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई जिसमें बृजमोहन अग्रवाल को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। श्री अग्रवाल ने सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में तैराकी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जायेगा। यह कोशिश रहेगी कि राज्य के खिलाड़ी देश दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें। इसके लिए छत्तीसगढ़ में स्विमिंग के क्षेत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। राज्य के सभी जिलों में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्विमिंग पूल का निर्माण होगा। साथ ही खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हर संभव कार्य किया जाएगा, खिलाड़ियों के साथ ही अच्छे कोच की नियुक्ति भी की जायेगी।

बैठक में राज्य भर से आए एसोसिएशन के सदस्यों ने हिस्सा लिया और गोपाल खंडेलवाल को कार्यकारी अध्यक्ष, साई राम जाखड़ को सचिव, बंशी अग्रवाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और गौरव खंडेलवाल को उपाध्यक्ष चुना गया।

cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 14:25

कुपोषण से मुक्त करने हो रहे सार्थक प्रयास

रायपुर-     मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश अनुसार राज्य में कुपोषण से मुक्त करने सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चे उत्साह से भाग ले रहे हैं। नवाचार गतिविधियों से बच्चों का उत्साह वर्धन किया जा रहा है। पोषण संबंधित देख-भाल के लिए पोषण माह का आयोजन राज्य के विभिन्न जिलों में किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पोषण अभियान अंतर्गत बच्चों के वजन में बढ़ोत्तरी को मापने के साथ ही वजन त्यौहार, चौपाल, अन्नप्राशन दिवस, परिवार चौपाल, पोषण मेला, व्यंजन प्रदर्शन जैसे आयोजन पंचायत और शहरी क्षेत्रों में किए जा रहे हैं। पोषण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में नारा लेखन, निबंध, चित्रकला और दीवार लेखन प्रतिस्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही है।

सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी समूह बैठक में वजन त्यौहार के बारे में चर्चा की जा रही है। ग्रामीण महिलाओं से चर्चा के दौरान शून्य से 06 साल तक के बच्चे, किशोरी बालिकाओं की खान-पान और स्वास्थ्य देखभाल के बारे में विशेषज्ञों के माध्यम से बताया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार भोजन में शामिल करने का आग्रह किया जा रहा है।

पोषण माह अभियान के तहत जशपुर जिले में करीब 4315 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका लाभ जिले के 76 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगा।

cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 13:27

जरिता लैटफलांग के आरोप पर बीजेपी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव का पलटवार, कहा-

रायपुर-   कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिव जरिता लैटफलांग के भाजपा नेताओं पर महिला उत्पीड़न में संलिप्त होने के आरोप पर बीजेपी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जरिता का बयान अपने पाप को छुपाने वाला है. जब व्यक्ति खुद कटघरे में खड़ा होता है, तो सामने वाले पर आरोप लगाता है. 

बीजेपी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले 5 वर्षों के आंकड़ों का आकलन करें, तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. कांग्रेस की वापसी क्यों नहीं हो रही है. आत्मलोकन करने की आवश्यकता है. जिस तरीके से भ्रष्टाचार, अपराध, हत्या, नशा हुआ, वो पिछले 5 वर्षों में नहीं हुआ.

बीजेपी के सदस्यता अभियान पर संजय श्रीवास्तव ने कहा कि बीजेपी की सदस्यता अभियान को महापर्व के रूप में मनाते हैं. बीजेपी की ताकत उनके सदस्य के बदौलत है. केंद्र में 10 करोड़ प्लस का लक्ष्य रखा गया है. प्रारंभिक 15 दिन में हमेशा से अधिक सदस्य बने हैं. हमारे कार्यकर्ता काम कर रहे हैं, आम लोगों का भी झुकाव भाजपा की ओर है.

कांग्रेस के महिला सदस्यता अभियान चलाए जाने पर बीजेपी प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस का कोई भी अभियान पैसे से प्रारंभ होता है. अब तो कांग्रेस के विस्थापन का समय आ गया है. कांग्रेसी बीजेपी की नकल करने की कोशिश करते हैं, लेकिन नकल के लिए भी अकल की जरूरत होती है.

cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 11:20

मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वरी जयंती की दी बधाई
रायपुर-     मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को भुवनेश्वरी जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सबके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि आदि शक्ति स्वरुपा मां भुवनेश्वरी देवी दस महाविद्याओं में से एक महा विद्या मानी जाती हैं। मान्यता है कि भुवनेश्वरी देवी की श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जन्म मरण के चक्र से मुक्ति मिलती है। श्री साय ने कहा कि भुवेनश्वरी देवी आदिशक्ति शाकंभरी नाम से प्रसिद्ध हुई हैं। पुत्र प्राप्ति के लिए लोग भुवनेश्वरी देवी की अराधना करते है। भक्तों को अभय एवं सिद्धि प्रदान करना इनका गुण है।

cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 11:17

मुख्यमंत्री ने ओणम पर्व की दी बधाई
रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों विशेष रूप से मलयाली समुदाय के लोगों को ओणम पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। ओणम के अवसर पर जारी अपने शुभकामना संदेश में श्री साय ने कहा है कि ओणम केरल राज्य का मह्त्वपूर्ण त्यौहार है। छत्तीसगढ़ में मलयाली समुदाय द्वारा इसे उत्साह से मनाया जाता है। ओणम अच्छी फसल के लिए मनाया जाता है। यह त्यौहार हमारे जीवन में प्रकृति की महत्वपूर्ण भूमिका और मेहनती किसानों के महत्व की पुष्टि करता है। श्री साय ने प्रार्थना की है कि ओणम का त्यौहार समाज में खुशहाली लाए और सद्भाव बढ़े।

cgstreetbuzz

Sep 15 2024, 11:16

मुख्यमंत्री ने अभियंता दिवस की दी शुभकामनाएं

रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी इंजीनियरों को अभियंता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंनेे कहा कि भारत के महान इंजीनियर भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के सम्मान में उनके जन्मदिन 15 सितम्बर को अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाता है। विश्वेश्वरैया जी ने अपनी असाधारण दृष्टि और प्रतिभा से भारत को इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नई ऊँचाई पर ले गए। उन्हें आधुनिक भारत के विश्वकर्मा के रूप में याद किया जाता है। उनके इंजीनियरिंग के असाधारण कार्यों में से एक मैसूर का कृष्णराज सागर बांध है। इस बांध के बनने से सिंचाई क्षमता में विस्तार के साथ अनेक उद्योग विकसित हुए, जिसने कर्नाटक राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और राज्य के निर्माण में इंजीनियरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इंजीनियर्स अपनी दूरदृष्टि और कौशल से किसी राज्य के विकास को नए आयाम दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सर विश्वेश्वरैया जी की निष्ठा और समर्पण सबके लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है।

cgstreetbuzz

Sep 14 2024, 22:21

विघ्नहर्ता के दर्शन-पूजन के लिए गोल बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गोलबाजार में 115 वर्षों से विराजित हो रहे हैं गणपति

रायपुर-     विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के दर्शन और पूजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रात्रि 8 बजे राजधानी रायपुर के गोल बाजार पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजित भगवान गणेश के दर्शन कर नवरत्न जड़ित 750 ग्राम का स्वर्ण मुकुट पहनाकर तिलक लगाया और विधिवत पूजा-अर्चना व आरती की। मुख्यमंत्री ने भगवान विघ्न विनायक से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गौरतलब है कि राजधानी रायपुर के गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास बीते 115 वर्षों से श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी पर गणपति प्रतिमा की स्थापना की जाती है। यहां विराजित की जाने वाली गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता के कारण न सिर्फ गोल बाजार बल्कि पूरे रायपुर में आकर्षण का केन्द्र होती है। गोल बाजार पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों द्वारा ढोल-नंगाड़ों और फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। यहां समिति ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर उनका अभिवादन किया। गणपति दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री श्री साय पास ही स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ नितिन नबीन, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, पूर्व विधायक श्रीचंद सुन्दरानी, केदार गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

cgstreetbuzz

Sep 14 2024, 22:05

मांदर की थाप पर जमकर थिरके सीएम साय, कहा- अपनी परंपरा और संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए

रायपुर-     करमा तिहार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने स्टेज में मांदर पर थाप दी और पारंपरिक करमा नृत्य किया। कार्यक्रम इन्दिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में हुआ। इस अवसर पर सीएम साय ने कहा सौभाग्य का विषय है हमारे कंवर समाज की ओर से राजधानी रायपुर में समारोह को शुभारंभ किया जा रहा है। समाज एक अच्छी परंपरा का शुरूआत कर रहा है। अपनी परंपरा और संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। हमारे बेटा-बेटी पढ़ लिख कर आगे बढ़ जाते हैं और अपनी परंपरा व संस्कृति को भूल जाते हैं। यह हम सबको याद रखना है कि अपनी परंपरा और संस्कृति को भूलना नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई तरह के करमा है। आज का त्योहार कुंवारी बेटियों की त्योहार है। बेटियों को अच्छा वर और घर मिले इसलिए ये पूजा की जाती है। दशहरा करमा विवाहित बेटी के लिए होता है। जितिया करमा बेटा बेटी के उम्र बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। बीमारी को दूर करने के लिए बांबा करमा मनाया जाता है, युवा बेटा उपासना करते हैं। सूखा दूर करने के लिए पानी करमा होता है, जिसमें इंद्र देव का उपासना की जाती है।

सीएम साय ने कहा कि आज हिन्दी दिवस है। इस साल से मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में होगी, जो हिन्दी में पढ़ना चाहता है उनको हिन्दी में पढ़ाया जाएगा। नई शिक्षा नीति रोजगार परख है। स्कूलों में अपनी भाषा व बोली में पढ़ाई शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री की सोच है कि बच्चों को उनकी भाषा में ही शिक्षा मिले। प्रदेश ये हमने शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान कटोरा है, 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की गई है। महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए दिया जा रहा है। अयोध्या दर्शन योजना चला रही है। आपके समाज का बेटा प्रदेश के विकास लिए काम कर रहा है।

cgstreetbuzz

Sep 14 2024, 21:35

राजधानी में आयोजित भाजपा के सदस्यता अभियान में शामिल हुए प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, सैकड़ों श्रमिकों को दिलाई पार्टी की सदस्यता
रायपुर-     भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने शनिवार को राजधानी पहुँचकर भाजपा के सदस्यता अभियान में हिस्सा लिया। विदित रहे, प्रदेश में इन दिनों भाजपा का संगठन महापर्व सदस्यता अभियान तेज गति से चल रहा है और सभी कार्यकर्ता प्रदेश के लिए निर्धारित सदस्यता का लक्ष्य हासिल करने में जुटे हुए हैं। ज्ञातव्य है, अब तक प्रदेश में भाजपा की सदस्यता 10 लाख से अधिक हो चुकी है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी नवीन सदस्यता अभियान में हिस्सा लेने और अभियान की समीक्षा करने रायपुर पहुँचे हैं। शनिवार को नितिन नवीन पहले औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिक बंधुओं को सदस्यता दिलाने के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होनें उरला मतदान केंद्र के सार्थक इस्पात इंडस्ट्रीज में उन्होंने श्रमिकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने रायपुर ग्रामीण में सिलतरा स्थित सार्थक इस्पात में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के तहत नवीन सदस्यता दिलवाई। सार्थक इसेपात में श्रमिक बंधुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूलमंत्र पर हासिल उपलब्धियों के परिप्रेक्ष्य में पूर्ण विश्वास व समर्थन व्यक्त करते हुए पूरे उत्साह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सव्वनी, प्रदेश के सदस्यता अभियान के प्रभारीअनुराग सिंह देव, प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला रायपुर के अध्यक्ष जयंती पटेल उपस्थित रहे।

भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने में जुटे हैं : नवीन

भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने कार्यक्रम में कहा कि सभी कार्यकर्ता गली-गली घर-घर पहुँचकर भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अर्जित उपलब्धियों ने भारत को एक नई पहचान दी है। मोदी की गारंटी पूरी करके भाजपा की हमारी प्रदेश सरकार ने अगाध जन विश्वास अर्जित किया है। सदस्यता अभियान भाजपा और देश को मजबूत बनाने का अनमोल अवसर है। सदस्यता हमारी पार्टी का मूल आधार है। इस अभियान में पूरे देश के सभी वर्ग, समाज, आयु के लोग आज भाजपा से जुड़ने के लिए तत्पर हैं।

प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सदस्यता अभियान में वे अपना अधिक-से-अधिक समय दे तथा इस अभियान में और तेज गति से जुटें ताकि निर्धारित अवधि में लक्ष्य से पार सदस्यता दिलाकर छत्तीसगढ़ भाजपा की मिसाल पेश की जा सके। प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि संगठन की मजबूती और नवीनता के लिए अधिक-से-अधिक सदस्य बनाने का प्रण लेना होगा। केंद्रीय नेतृत्व ने जो लक्ष्य राज्य के लिए तय किया है, उसे पूरा करने के लिए हम सभी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सदस्यता अभियान को व्यापक रूप दे रहे हैं। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में लगातार सदस्य बनने की प्रक्रिया बेहतर है। करीब 10 लाख हमारे सदस्य बन गए हैं।

15 को विभिन्न चरणों में बैठकें लेकर भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे नवीन

भाजपा प्रदेश प्रभारी नवीन अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कल 15 सितंबर को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में विभिन्न चरणों में बैठकें लेकर भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे। इस क्रम में सबसे पहले सुबह 9 बजे रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की समीक्षात्मक बैठक होगी। इसके बाद वह सुबह 10 बजे से प्रदेश महामंत्रियों, संभाग प्रभारियों और प्रदेश सदस्यता टोली के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 11 बजे से सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, सभी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व सह संयोजकों के साथ बैठक करके सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे।

cgstreetbuzz

Sep 14 2024, 21:26

छत्तीसगढ़ राज्य को पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत 240 ई-बसों के संचालन की स्वीकृति

रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ राज्य के चार शहरों में पीएम ई बस सेवा योजना के तहत सार्वजनिक परिवहन के लिए 240 ई-बसों की स्वीकृति भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई है। राजधानी रायपुर सहित बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई एवं कोरबा में शीघ्र ही ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन के ढांचे को दुरुस्त करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा पीएम ई बस सेवा योजना प्रारंभ की गई है। योजना के तहत राज्यों को शहरो की जनसंख्या के आधार पर बसों की संख्या निर्धारित की गई है। जिसके तहत छत्तीसगढ़ नगरीय विकास विभाग द्वारा प्रेषित प्रस्ताव पर भारत सरकार द्वारा रायपुर को 100, दुर्ग-भिलाई को 50. बिलासपुर को 50 तथा कोरबा को 40 इस प्रकार कुल 240 ई बसों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की यह योजना राज्यों को मिलने वाली केंद्रीय सहायता को पारदर्शिता और उनके प्रदर्शन से जोडने की कोशिश का हिस्सा है। केंद्र सरकार की मंशा है कि यह योजना शहरों में मेट्रो के विकल्प या उसके सहयोगी साधन के रूप में विकसित हो, ताकि लोगों को किफायती, भरोसेमंद और सुगम परिवहन की सुविधा मिले।

उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा की इस अभिनव योजना में केंद्र सरकार द्वारा शहरों को बसों की खरीद तथा उनके संचालन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जावेगी। जिसमें एक बड़ा हिस्सा शहरों में बस डिपो जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए भी खर्च किया जाएगा। योजना की सामान्य शर्तों में यह भी शामिल है कि प्रोजेक्ट के तहत दिए जाने वाले पैसे का थर्ड पार्टी ऑडिट अनिवार्य होगा, ताकि पूरी पारदर्शिता रहे।

पीएम ई बस सेवा योजना के अंतर्गत हर तीन महीने में बसों के संचालन का हिसाब-किताब देना होगा। योजना के तहत तीन तरह की बसें स्टैंडर्ड, मीडियम और मिनी चलाई जाएंगी। शहरों को जनसंख्या के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया है। बीस से चालीस लाख तक की आबादी वाले शहरों को 150, दस से बीस लाख तथा पांच से दस लाख तक की आबादी वाले शहरों को 100-100 तथा पांच लाख से कम आबादी वाले शहरों को 50 ई बसों की पात्रता थी, जिसके आधार पर रायपुर को 100 मीडियम ई बसें, दुर्ग भिलाई को 50 मीडियम ई बस, बिलासपुर को 35 मीडियम तथा 15 मिनी ई बस और कोरबा को 20 मीडियम तथा 20 मिनी ई बसों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

योजना के दिशा निर्देशों के अनुसार बसों का क्रय तथा संचालन एजेंसी का चयन केंद्र सरकार द्वारा किया जायेगा और केंद्रीय सहायता सुनिश्चित किलोमीटर संचालन के आधार पर दी जाएगी और अगर बसें इससे कम किलोमीटर चलती हैं तो केंद्रीय सहायता उसी के अनुपात में कम हो जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा शहरों के प्रदर्शन के आधार पर पैसा दिया जाएगा। अद्यतन शहरों द्वारा भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त किए जाने सिविल तथा पावर इंफ्रास्ट्रक्चर एवं संचालन हेतु मीटरिंग के डीपीआर तैयार किए जा रहे है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि ई-बस सेवा प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ के शहरों में कम कार्बन उत्सर्जन से वायु गुणवत्ता में सुधार तथा पर्यावरणीय संरक्षण के साथ-साथ कम ऊर्जा खपत और बेहतर ईंधन दक्षता एवं नागरिकों को आरामदायक आवागमन की सुविधा सुलभ होगी।