5 या 6 सितंबर,यहां जानिए, कब है हरतालिका तीज व्रत, और व्रत करने का शुभ मुहूर्त
सुहागिन महिलाओं के लिए हरतालिका तीज व्रत का खास महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन उपवास रखने और भगवान शिव तथा माता पार्वती की पूजा करने से अखंड सौभाग्यवती का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसके साथ ही व्रत रखने वाली महिलाओं के पति पर आने वाले सभी संकट दूर हो जाते हैं। वहीं, जो कुंवारी कन्याएं हरतालिका तीज का व्रत करती हैं, उन्हें मनचाहा जीवनसाथी प्राप्त होता है तथा उनका दांपत्य जीवन महादेव और मां गौरी के समान होता है। आइए आपको बताते हैं कि इस साल हरतालिका तीज का व्रत कब रखा जाएगा और पूजा के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा।
सुहागिन महिलाएं 6 सितंबर 2024 को हरतालिका तीज का व्रत रखेंगी। प्रत्येक वर्ष भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज मनाई जाती है। इस दिन महिलाएं लाल रंग के कपड़े पहनती हैं, मेहंदी लगाती हैं तथा सोलह श्रृंगार करती हैं। महादेव और माता पार्वती की मिट्टी से बनी मूर्ति की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए किया था।
हरतालिका तीज व्रत पूजा का शुभ मुहूर्त
भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि आरंभ: 5 सितंबर 2024 को दोपहर 12:21 बजे से
भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि समाप्त: 6 सितंबर 2024 को दोपहर 3:01 बजे पर
प्रातःकाल हरतालिका पूजा का शुभ मुहूर्त: 6 सितंबर 2024 को सुबह 6:02 बजे से 8:33 बजे तक
Sep 01 2024, 11:47