lucknow

Apr 26 2024, 11:47

लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए अधिक से अधिक करें वोट : सपा

लखनऊ। लोकसभा चुनाव-2024 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है।चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने जनता से समर्थन मांगते हुए ‘पहले मतदान-फ़िर जलपान’ करने को कहा है। सपा ने अपील की है कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान करें।

समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से पोस्ट कर कहा कि ‘पहले मतदान-फ़िर जलपान’। अपनी पोस्ट में सपा ने लिखा कि आज लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा चरण है।सभी मतदाता भाइयों और बहनों से आग्रह है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के हक और सम्मान के लिए, देश व प्रदेश की खुशहाली और तरक्की के लिए अधिक से अधिक मतदान करें।

lucknow

Apr 26 2024, 11:46

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मतदान करें: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा आम चुनाव-2024 के अंतर्गत द्वितीय चरण के मतदाताओं से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मतदान की अपील की है। उप मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि मेरा भारत, मेरा परिवार, जनता ने दिया ढेर सारा प्यार।अबकी बार 400 पार,फिर आएगी मोदी सरकार।

आगे वह लिखते हैं कि आप अपने गाँव, क्षेत्र, जनपद के सर्वांगीण विकास व समृद्धि तथा आत्मनिर्भरता के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान अवश्य करें। मतदान करना आपका अधिकार भी व कर्तव्य भी।

lucknow

Apr 26 2024, 11:45

सुरक्षित व विकसित भारत के लिए करें मतदान : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पहले मतदान, फिर जलपान की अपील की। उन्होंने कहा कि कि सुरक्षित व विकसित भारत के लिए मतदान करें। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने देश के सम्मान की जिम्मेदारी निभाने के लिए मतदान की अपील की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, लोक सभा चुनाव-2024 के आज दूसरे चरण के मतदान में सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि 'सुरक्षित व विकसित भारत' के लिए मतदान अवश्य करें। आपका एक-एक वोट देश का स्वर्णिम भविष्य बनाने में निर्णायक है। पहले मतदान, फिर जलपान।’

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने लिखा, पहले मतदान, फिर जलपान मौका है मतदान का देश के सम्मान का जिम्मेदारी निभाने का भारत को विकसित बनाने का। इसके साथ ही उन्होंने जनता से मतदान करने के लिए अपील करते हुए एक वीडियो भी अपलोड किया, जिसमें उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने लिखा, ‘लोकसभा चुनाव-2024 के आज दूसरे चरण के मतदान में सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि सुरक्षित व विकसित भारत’ के लिए अवश्य मतदान करें। आपका एक-एक वोट देश का स्वर्णिम भविष्य बनाने में निर्णायक है।पूर्व मंत्री व भाजपा नेत्री स्वाती सिंह ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है। हर व्यक्ति को सुबह बूथ पर जाकर सुरक्षित भारत के लिए मतदान अवश्य करना चाहिए। मतदान से पूर्व भारत के भविष्य पर विचार करना चाहिए, जिससे देश फिर से सोने की चिड़िया के रूप में विश्व में अग्रणी हो सके।

lucknow

Apr 26 2024, 11:44

पक्ष के लोग सत्ता से कोसों दूर : योगी आदित्यनाथ


लखनऊ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में कहा कि विपक्ष के लोग सत्ता से कोसों दूर हैं। मोदी के कामों को जनता का आशीर्वाद है और विकास कार्यों पर लोग वोट कर रहे हैं। 04 जून को प्रचण्ड बहुमत से परिणाम आयेंगे।


योगी ने मुख्यमंत्री निवास पर मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में हर क्षेत्र में देश ने नया करके दिखाया है। भारत में नक्सलवाद पूरी तरह समाप्ति की ओर है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई सरकार पहले से ही कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र खतरनाक संकेत है। कर्नाटक में मुस्लिमों को जबरन आरक्षण दिया गया। देश का विभाजन जिन कारणों से हुआ। कांग्रेस पार्टी पर्सनल लाॅ को फिर से लागू करने की बात कर रही है। वह विरासत टैक्स की भी बात कर रही है। जनता की संपत्ति पर कांग्रेस की नजर है। महिलाओं का जेवर कांग्रेस वाले ले लेंगे।

lucknow

Apr 26 2024, 11:44

लोकसभा चुनाव: दूसरे चरण में सुबह नौ बजे तक 11.67 फीसदी मतदान, सबसे अधिक अमरोहा तो सबसे कम मथुरा में
लखनऊ । लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज यूपी की आठ सीटों पर मतदान जारी है। सुबह नौ बजे तक 11.67 फीसदी मतदान हुआ । अभी तक सबसे अधिक मतदान अमरोहा और सबसे कम मतदान मथुरा में हुआ है।  गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के कैला भट्ठा में चूड़ी मार्केट में बने बूथ पर कड़ी सुरक्षा है। अभी तक बूथ पर 55 वोट पड़े हैं। जी डी गोयंका स्कूल में बनाए गए बूथ पर बुजुर्ग महिला राजकली ने मतदान किया। एडिशनल कमिश्नर दिनेश कुमार पी ने लोनी इंटर कॉलेज में पहुंचकर मतदान केंद्र का जायजा लिया। भोपुरा के कंपोजिट विद्यालय में मतदान के दौरान डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। 

समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि नौगावां सादात में बूथ संख्या 15 पर उनके कार्यकर्ताओं को पुलिस धमका रही है। इस बारे में पार्टी ने एक्स पर पोस्ट किया है। उधर, इसे रिट्वीट करते हुए डीएम अमरोहा ने कहा है कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से चल रही है। सेक्टर मजिस्ट्रेट से जानकारी लेने पर इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है। सभी लोग उत्साह और उमंग के साथ मतदान प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं ।

lucknow

Apr 26 2024, 09:20

बागपत में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम हुई खराब, पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लगी कतार
लखनऊ । लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज यूपी की आठ सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे।गाजियाबाद के अर्थला के कैलाशवती स्कूल में मतदान केंद्र खाली पड़ा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद मतदान केंद्र पर लोगों में उत्साह नहीं दिख रहा है। गाजियाबाद के लोनी के सरस्वती इंटर कॉलेज में मतदान करने के लिए मतदाता सुबह से ही लाइन में लग गए। 

जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने गाजियाबाद के इंग्राहम में मतदान किया। इंग्राहम में पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा ने भी वोट डाला। इंग्राहम इंटर कालेज में सबसे पहला के के अग्रवाल ने वोट किया। एडिशनल एसपी राजकुमार अग्रवाल ने अपनी पत्नी मधुरिमा और पुत्री वंशिका के साथ मेरठ रोड स्थित सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित बूथ पर मतदान किया। वंशिका ने पहली बार अपना वोट डाला। बागपत के सिसाना गांव में बूथ संख्या 275 पर ईवीएम खराब हो गई। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में भी ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना है। उधर, अमीनगर सराय के बूथ संख्या 105 पर करीब 20 मिनट तक ईवीएम मशीन खराब रही। इसके बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट ने ठीक कराई।

lucknow

Apr 26 2024, 09:19

कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की जारी की सूची
लखनऊ । लोकसभा चुनाव जारी है और कई राज्यों में पार्टियां तेजी से प्रचार कर रही हैं। गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। प्रचारकों की लिस्ट में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेता शामिल हैं।

स्टार प्रचारकों की सूची में  मल्लिकार्जुन खड़गे, इमरान प्रतापगढ़ी , सोनिया गांधी ,जफर अली नकवी ,राहुल गांधी , रवि वर्मा, प्रियंका गांधी वाड्रा ,इमरान किदवई, अविनाश पांडे , बी.पी. सिंह , अजय राय , धीरज गुर्जर ,आराधना मिश्रा मोना ,नीलांशु चतुर्वेदी ,सलमान खुर्शीद, तौकीर आलम , शोक गहलोत ,नकुल दुबे , प्रमोद तिवारी ,हाजी इकराम ,सचिन पायलट , राजेश लिलोठिया ,निर्मल खत्री , सुप्रिया श्रीनेत ,राज बब्बर , हरेन्द्र अग्रवाल , पी.एल. पुनिया , अफरोज अली खान , अजय कुमार लल्लू , दीपक सिंह , दीपेन्द्र सिंह हुडडा , इमरान मसूद ,प्रदीप माथुर , नदीम जावेद , विवेक बंसल ,राजकुमार रावत , नसीमुद्दीन सिद्दीकी ,  योगेश दीक्षित ,  संजय कपूर ,  शरद मिश्रा आदि है।

lucknow

Apr 25 2024, 17:46

स्पेशल जज के नाबालिग पुत्र ने की आत्महत्या
लखनऊ। लखनऊ में हजरतगंज थाना क्षेत्र के बटलर पैलेस कॉलोनी में रहने वाले स्पेशल जज (एनआईए) विवेकानंद त्रिपाठी के नाबालिग पुत्र अजितेश त्रिपाठी ने आवास पर ही परदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वीआईपी मूवमेंट वाली बटलर पैलेस कालोनी में स्पेशल जज के आवास पर हुई घटना की जानकारी मिलने पर हजरतगंज थाने की पुलिस सक्रिय हुई।

डालीबाग चौकी इंचार्ज रामेश्वर यादव के मौके पर पहुंचने पर परिजन ने उन्हें बताया कि अजितेश त्रिपाठी की उम्र 17 वर्ष थी। जेईई मेंस परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाने से वह परेशान था। जिसके कारण यह घटना हुई।घटना के बाद स्पेशल जज विवेकानंद त्रिपाठी ने शव को पुलिस को देने से इंकार कर दिया। जिसके कारण पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो सकी। स्पेशल जज अपने पुत्र के शव को लेकर मूल स्थान अयोध्या के लिए रवाना हो गये। बटलर पैलेस के निवासियों की मानें तो अजितेश पढ़ने में बहुत अच्छा था और खुशमिजाज लड़का था।

lucknow

Apr 25 2024, 17:45

आगरावासियों से आज विकसित भारत के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं : नरेन्द्र मोदी


लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगरा की चुनावी सभा को राधे-राधे कहकर संबोधित करने की शुरूआत की। पहले मैं यहां आता था तो कुछ देने के लिए आता था। कुछ लेकर आता था लेकिन आज कुछ मांगने के लिए आया हूं। आज आपसे विकसित भारत के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत विकसित होगा तो आपका, आपके बच्चों का भला होगा। भारत की बढ़ती हुई शक्ति कुछ ताकतों को पसंद नहीं आ रही है। यहां डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत और निर्यात के लिए महत्वपूर्ण हैं। पुरानी सरकारों में हथियारों के दलाल परेशान हैं। भारत में जब शस्त्र बनाने की बात की जाती है तो वे बौखला गए हैं। वे नहीं चाहते कि भारत आत्मनिर्भर बने। मोदी को रोकने के लिए वे एकजुट हो गए हैं। इसलिए फिर एक बार एनडीए सरकार लाना जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा कि हम जोर दे रहे हैं कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना बिचौलियों के सबको मिले। यह भाजपा का विकास का मॉडल है। हमारा सेक्युरिज्म यही है कि बिना भेदभाव के सबको लाभ मिलना चाहिए। इससे बड़ा सामाजिक न्याय और क्या हो सकता है।

*मोदी ने सबसे हाथ उठवाया*

पीएम मोदी ने अपनी सरकार की कई योजनाओं का जिक करते हुए कहा कि हमारी योजना को प्रदेश में सबतक ले जाने में सीएम योगी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनकी पूरी सरकार कार्य कर रही है। आप सब जाएं गांवों में, उनकी सूची बनाएं जो लाभ नहीं पाए हैं। उनसे यह भी कहिए कि मोदी आगरा में आए थे। उन्होंने यह कार्य कराने की गारंट दी है। जनसभा में मौजूद लोगों से हाथ उठवा कर घर-घर जाकर सूची बनाने की हामी भरवाई।

उन्होंने कहा कि हमने जिस मॉडल पर कार्य किया, उससे आज 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। अब मोदी तुष्टीकरण से आगे बढ़कर संतुष्टीकरण की ओर आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन घोर तुष्टीकरकण में जुटा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र पर मुस्लिम लीग से प्रेरित है। भारत का संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता है। कांग्रेस पार्टी धर्म के आधार पर आरक्षण की बात करते बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर का अपमान कर रही है। कांग्रेस की हर बात को देश की न्यायपालिका ने ठुकरा दिया है। अब कांग्रेस ने पीछे के दरवाजे से खेल करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण में से कुछ चोरी करना चाह रही है। कांग्रेस चाह रही है कि धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया जाए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर जोरदार हमला बोला है।

*विपक्ष पर योगी आदित्यनाथ का हमला*

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस, सपा समेत इंडी गबंधन का देश के साथ गद्दारी करने का इतिहास रहा है। वे गरीब, पिछड़ों और दलितों के हकों पर डाका डालने वाले हैं। 2014 में आप सब ने पीएम मोदी पर भरोसा किया। उसका परिणाम सबके सामने हैं। भारत आज दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनने की ओर अग्रसर है। आपके वोट ने बड़ा काम किया। पिछले 10 वर्षों में भारत की तस्वीर बदली है। आपका एक-एक वोट प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूती प्रदान करेगा।

lucknow

Apr 25 2024, 09:27

आईटीआई संस्थान में लगी आग, कई वाहन जले,कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बुधवार को आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत करने के बाद आग को बुझा लिया। आग की वजह से कई मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गयीं। अलीगंज आईटीआई परिसर की पार्किंग एरिया में खड़े दो पहिया वाहनों में आग लग गई।

सिलसिलेवार कई मोटर साइकिलें जलकर स्वाहा हो गईं। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से कुछ वाहनों को कतार से हटाकर उन्हें जलने से बचाया। इधर आग लगने के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल की गाड़ियों ने आग को बुझा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।