India

Jan 05 2024, 13:32

सोमालिया के तट से एक जहाज हाइजैक, क्रू मेंबर्स में शामिल हैं 15 भारतीय, बचाव के लिए एक्शन में नौसेना

#ship_hijacked_near_somalia_coast_include_15_indians_in_crew 

अरब सागर में सोमालिया के तट के पास एक और जहाज हाईजैक कर लिया गया। इस पर 15 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार हैं। लाइबेरिया के फ्लैग वाले इस जहाज का नाम लीला नोर्फोर्क है।भारतीय नौसेना स्थिति पर नजर रखे हुए है।नौसेना ने अगवा जहाज की निगरानी के लिए अपने एयरक्राफ्ट तैनात कर दिए हैं। अगवा जहाज के क्रू से कम्युनिकेशन भी स्थापित कर लिया गया है। 

अगवा जहाज के चालक दल ने यूकेटीएमओ से संपर्क साध मदद मांगी थी। चालक दल की अपील पर इंडियन नेवी तुरंत ऐक्शन में आई और मदद के हाथ बढ़ाए।नेवी ने कहा कि ऐक्शन में आते हुए हमने एक एमपीए लॉन्च किया और जहाज की सहायता के लिए समुद्री सुरक्षा संचालन के लिए तैनात आईएनएस चेन्नई को डायवर्ट कर दिया है। विमान ने 05 जनवरी की सुबह जहाज के ऊपर से उड़ान भरी और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जहाज के साथ संपर्क स्थापित किया गया है।

भारतीय नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि घटना गुरुवार शाम की है, जब लाइबेरिया का झंडा लगा जहाज अरब सागर से गुजर रहा था। जहाज ने UKMTO पोर्टल पर एक संदेश भेजा कि करीब 5-6 हथियारबंद अज्ञात लोग जहाज पर चढ़ गए हैं और जहाज को अगवा करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना ने अपने युद्धक जहाज आईएनएस चेन्नई को रवाना किया। आईएनएस चेन्नई मेरीटाइम सिक्योरिटी के लिए ही अरब सागर में तैनात है। साथ ही शुक्रवार सुबह नौसेना के एयरक्राफ्ट्स ने भी अगवा जहाज के ऊपर से उड़ान भरी। नौसेना ने जहाज से संपर्क साधा और क्रू सदस्यों के सुरक्षा का हाल जाना। नौसेना क्षेत्र में मौजूद अन्य सहयोगी देशों और एजेंसियों के साथ हालात पर करीब से नजर बनाए हुए है। 

बता दें कि पिछले कुछ समय से मालवाहक जहाजों पर समुद्री हमलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है।अरब और लाल सागर में इन दिनों मर्चेंट वेसल पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले 14 दिसंबर को भी समुद्री लुटेरों ने माल्टा के एक जहाज को हाईजैक कर लिया था।वहीं, अरब सागर में पोरबंदर तट पर 23 दिसंबर को एक मर्चेंट शिप पर ड्रोन हमला किया गया था। जहाज के चालक दल में कुल 21 भारतीय शामिल थे। लगातार हमलों के चलते भारतीय नौसेना ने अरब सागर और अदन की खाड़ी में अपने निगरानी तंत्र को बढ़ा दिया है।

India

Jan 05 2024, 13:13

जिसने स्कॉर्पियो से मचाया था आतंक उसी बेटे से परेशान हुए BJP विधायक, बोले- 'मैं खुद दे चुका हूँ पुलिस जैसी थर्ड डिग्री...'

 मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पड़ोसी को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास करने वाले MLA के बेटे को हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। अब स्वयं भाजपा MLA प्रीतम लोधी ने भी अपने बदमाश बेटे को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। पिछोर से भाजपा MLA प्रीतम लोधी ने कहा, ''अपराधी की कोई जाति नहीं होती, कोई रिश्ता नहीं होता। अपराधी तो अपराधी ही होता है। मेरे लड़के ने अपराध किया है। मैंने स्वयं फरियादी से बोलकर मुकदमा दर्ज कराया। उसे गिरफ्तार कराया। एसपी साहब से स्वयं बात की। मैंने कहा कि अपराध रोकने के लिए मेरे बेटे पर सख्त से सख्त धाराएं लगाई जाएं तथा सख्त कार्रवाई की जाए। एसपी साहब इस बात के गवाह हैं। 

अपराध कोई भी करे, प्रीतम लोधी उसके खिलाफ रहेगा। चाहे रिश्तेदार हो, बेटा हो। मैं तो शुरू से अत्याचार के विरोध में रहा हूं। गरीबों के सेवा में रहा हूं। मैं तो यही करूंगा। आप पता कर लीजिए थाने के टीआई से।।।हमने स्वयं आरोपी बेटे को थाने ले जाकर सौंपा। यही नहीं, पुलिस जो थर्ड डिग्री का उपयोग करती है, उसका हमने भी किया। हमने तय किया कि घर में अपराधी को नहीं रहने देंगे। यदि अपराध किया तो बख्शेंगे नहीं। लोगों को भले ही नहीं पता हो, मगर पुलिस प्रशासन को मालूम है कि हमने इस मामले में अपराधी का साथ दिया या फिर फरियादी का साथ दिया। हमने फरियादी का साथ दिया।''

भाजपा MLA का दावा है कि उन्होंने ही अपने पड़ोसी को पुरानी छावनी थाने ले जाकर अपेन बेटे के खिलाफ FIR दर्ज करवाई तथा उसे जेल भिजवाया। आपको बता दें कि प्रीतम लोधी ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के तहत आने वाले जलालपुर गांव के निवासी हैं तथा शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से पहली बार MLA बने हैं।

India

Jan 05 2024, 12:09

स्वाति मिश्रा के बाद जुबिन नौटियाल और मनोज मुंतशिर का ये राम भजन सुन मंत्रमुग्ध हुए पीएम मोदी, सोशल मीडिया पर किया शेयर

#pm_modi_praises_jubin_nautiyal_payal_dev_manoj_muntashir_bhajan

रामनगरी अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही राम मंदिर का भी उद्घाटन करेंगे। इस खास मौके का पूरे देश में इंतजार है। पूरे देश में इन दिनों त्योहार जैसा माहौल है। इस बीच भगवान राम के स्वागत में कई भजन इन दिनों चर्चा में हैं। इनमें जुबिन नौटियाल का भजन बहुत पॉपुलर हो रहा है। अब इस भजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रिएक्ट किया है।पीएम मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (ट्विटर) पर भगवान श्रीराम का एक मधुर भजन साझा किया है। साथ ही भजन के गायक जुबिन नौटियाल, लेखक मनोज मुंतशिर और म्यूजिक कंपोजर पायल देव की तारीफ भी की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भगवान श्रीराम के शानदार भजन को लेकर गायक जुबिन नौटियाल, लेखक मनोज मुंतशिर और म्यूजिक कंपोजर पायल देव की तारीफों के पूल भी बांधे हैं। प्रधानमंत्री ने 'मेरे घर राम आए हैं' भजन शेयर करते हुए लिखा, 'भगवान श्री राम की प्राण-प्रतिष्ठा के सुअवसर पर अयोध्या के साथ-साथ पूरा देश राममय हो रहा है। राम लला की भक्ति से ओतप्रोत जुबिन नौटियाल जी, पायल देव जी और मनोज मुंतशिर जी का यह वेलकम भजन दिल को छू लेने वाला है।' 

'मेरे घर राम आये हैं' पिछले साल रिलीज किया गया था। अब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और राम मंदिर के उद्घाटन के उत्साह के बीच ये गाना तेजी से वायरल हो रहा है। यूट्यूब पर इस भजन के वीडियो पर 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। 

हंसराज रघुवंशी की प्रशंसा

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम मंदिर पर आधारित भजन, 'जय श्री राम' के लिए गायक हंसराज रघुवंशी की प्रशंसा की थी। पीएम मोदी ने बीते गुरुवार को एक्स पर लिखा, 'अयोध्या में प्रभु श्री राम के स्वागत को लेकर पूरा देश राममय है। राम लला की भक्ति में डूबे भक्तजन इस शुभ दिन के लिए तरह-तरह से अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे हैं। भगवान श्री राम को समर्पित हंसराज रघुवंशी जी का ये भजन सुनिए।' 

स्वाति मिश्रा के भजन को पीएम ने बताया मंत्रमुग्ध करने वाला

वहीं, 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी' की इन दिनों देशभर में धूम मची हुई है। अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले ये भजन लोगों की जुबान पर चढ़ चुका है।इस भजन की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भजन को मंत्रमुग्ध करने वाला बताया है। पीएम मोदी ने स्वाति मिश्रा के इस भजन की तारीफ करते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट लिखा है। पीएम मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि 'श्री राम लला के स्वागत में स्वाति मिश्रा जी का भक्ति से भरा यह भजन मंत्रमुग्ध करने वाला है।'

India

Jan 05 2024, 10:51

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा चुनाव आयोग, 7 जनवरी से शुरू होगा राज्यों का दौरा

#lok_sabha_elections_2024_election_commission_will_visit_the_states

2024 के आगामी लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। बीजेपी, कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन इंडिया के सभी दल सीट बंटवारे और प्रचार रणनीति बनाने में जुट गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ चुनाव आयोग ने इसके लिए सभी तैयारियों को पर काम जोर-शोर से शुरू कर दिया है।निर्वाचन आयोग 7 जनवरी यानी रविवार से लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्यों के दौरे का शुभारंभ करेगा।  

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल 7 से 10 जनवरी के बीच आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। निर्वाचन आयोग के उपायुक्तों ने पिछले दो महीनों में लगभग सभी राज्यों में चुनावी तैयारियों और बुनियादी चुनौतियों का जायजा लेने के लिए दौरा पूरा कर लिया है। अब वो मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और अरुण गोयल के दौरे से पहले अपनी रिपोर्ट देते हुए इसके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद अगले कुछ दिनों में रिपोर्ट बनेगी और फिर लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक चुनाव आयोग फरवरी के अंत तक सभी राज्यों का दौरा पूरा कर लेगा। पहले चरण में आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु का दौरा होना है। 15 जनवरी से दूसरा चरण होगा जिसमें कौन से राज्य शामिल हैं इसकी जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि फरवरी के अंत तक सभी राज्यों का दौरा पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले कुछ दिनों में लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो सकता है।

India

Jan 05 2024, 10:14

कड़ाके की ठंड से कांपा उत्तर भारत, कोहरे और शीतलहर के प्रहार से बढ़ी कनकनी, अभी राहत ने नहीं आसार

#today_severe_cold_day_conditions_in_north_india

नए साल की शुरूआत कड़ाके की ठंड से हुई है। इस साल के पांच दिन बीत गए हैं, पर सूर्य भगवान के दर्शन दुभर हो गए हैं। उत्तर-पश्चिम दिशाओं से चल रही बर्फीली हवाओं के चलते उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। कड़ाके की सर्दी ने जैसे लोगों की कुल्फी जमा दी है। लोगों की लगातार ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विभाग ने कहा कि दिन में लगातार बादल छाए रहने और सूरज के नहीं दिखाई देने के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगर अधिकतम तापमान मौसम के हिसाब से सामान्य से 4.5-6.4 डिग्री नीचे गिरता है तो ठंडा दिन घोषित किया जाता है। यदि तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम हो तो गंभीर ठंडा दिन घोषित किया जाता है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे है। हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। पंजाब के पटियाला में तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम है। मध्य प्रदेश के भोपाल में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि गर्म और नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से रविवार के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह की शुरुआत में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की भी भविष्यवाणी की है।

India

Jan 04 2024, 20:09

मोदी का मुरीद हुआ ड्रैगन, चीन के ग्लोबल टाइम्स ने की भारत की नीतियों और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की तारीफ

#china_acknowledged_indias_strength_global_times_praised_pm_modi

हाल के कुछ सालों में भारत ने आर्थिक और कूटनीति रूप से अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत की आर्थिक नीति, कूटनीति का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। यही वजह है कि फिर चाहे रूस-यूक्रेन युद्ध या इजराइल-गाजा के बीच का तनाव दुनिया के कई देशों और राष्ट्रप्रमुखों ने भारत से हस्तक्षेप करने की वकालत की है। इस बीच चीन सरकार के मुखपत्र कहे जाने वाले ग्लोबल टाइम्स ने अपने लेख में बदलते और विकसित होते भारत की जमकर तारीफ की है। ग्लोबल टाइम्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को काफी सराहा है। अपने लेख में कहा कि भारत वर्तमान समय में आर्थिक, सामाजिक, और विदेश नीति के नए पर्याय बना रहा है और असाधारण प्रगति कर रहा है। ग्लोबल टाइम्स ने यह भी कहा कि भारत अब विकसित भारत बनने में रणनीतिक रूप से पहले की तुलना में और ज्यादा सक्रिय हो गया है।

ग्लोबल टाइम्स चीन का सरकारी अखबार है और इसमें प्रकाशित लेखों को चीन की सरकार के विचार माना जाता है। ताजा लेख चीन की शंघाई स्थित फुदान यूनिवर्सिटी के दक्षिण एशिया मामलों के जानकार झांग जियादोंग ने लिखा है। लेख में भारत की पिछले चार वर्षों की उपलब्धि पर उल्लेखनीय प्रकाश डाला गया है। इसमें बताया गया है कि भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, शहरी शासन में सुधार और अंतरराष्ट्रीय संबंधों, विशेष रूप से चीन के साथ दृष्टिकोण में लगातार बदलाव हो रहा है। झांग लिखते हैं कि 'उदाहरण के लिए, जब चीन और भारत के बीच व्यापार असंतुलन के मुद्दे पर चर्चा होती थी तो भारतीय प्रतिनिधियों का फोकस पहले असंतुलन दूर करने के लिए चीन द्वारा उठाए गए कदमों पर ही होता था, लेकिन अब भारतीय प्रतिनिधि भारत की निर्यात क्षमता को बढ़ाने पर फोकस करते हैं। तेज आर्थिक विकास और सामाजिक विकास के चलते भारत अब पहले से ज्यादा रणनीतिक रूप से विश्वास से भरा हुआ है। 

इसके अलावा, लेख में मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति की रणनीति की सराहना की गई, इसमें देश के बहु-संरेखण दृष्टिकोण और अमेरिका, जापान और रूस जैसी प्रमुख वैश्विक शक्तियों के साथ संबंधों को मजबूत करने पर प्रकाश डाला गया, जबकि रूस-यूक्रेन संघर्ष में एक सूक्ष्म रुख प्रदर्शित किया गया। लेख में कहा गया है कि विदेश नीति में भारत की रणनीतिक सोच में एक और बदलाव आया है और वह स्पष्ट रूप से एक महान शक्ति रणनीति की ओर बढ़ रहा है।

लेख के अंत में लिखा गया है कि ऐसा लगता है कि पूरी तरह से बदला हुआ, मजबूत भारत आज एक नया भूराजनैतिक फैक्टर बन गया है और कई देश इसके साथ अपने संबंध मजबूत करना चाहते हैं।

India

Jan 04 2024, 18:44

गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, हिजबुल का आतंकी गिरफ्तार, सिर पर 10 लाख का इनाम

#hizbul_terrorist_mattu_arrested_by_delhi_police

गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। जम्मू-कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन का 10 लाख का इनामी आतंकी जावेद अहमद मट्टू को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।वह सुरक्षा एजेंसियों की सूची में जम्मू कश्मीर के टॉप 10 वांछित आतंकियों में शामिल है।पुलिस को इसकी तलाश कई महीनों से थी। इसकी गिरफ्तारी के लिए देश के कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

स्पेशल सेल के सूत्र के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम जावेद मट्टू के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के साथ-साथ हत्या करने के कई मामले दर्ज है। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी इसकी काफी समय से तलाश थी। इसी दौरान दिल्ली स्पेशल सेल की टीम को इस आतंकी के बारे में दिल्ली में होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जानकारी मिलने के तुरंत बाद बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के स्पेशल कमिश्नर ने इस खबर की औपचारिक तौर पर पुष्टि की है।स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि 26 जनवरी के पहले कई मायनों में इस आतंकी की गिरफ्तारी महत्वपूर्ण है। जल्द ही इस मामले में कई खुलासे हो सकते हैं।

पिछले साल 15 अगस्त के दिन एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जावेद मट्टू का भाई घर पर तिरंगा फहराता हुआ नजर आया था। 77वें स्वतंत्रता दिवस पर कश्मीर में किश्तवाड़ और सोपोर में दो आतंकवादियों के घरों पर तिरंगा फहराया गया थाय़ सोपोर में मट्टू के भाई रईस मट्टू ने घर पर तिरंगा लहराया था।तिरंगा फहराने के बाद मट्टू के भाई ने कहा था कि हम सभी हिंदुस्तानी हैं और हिंदुस्तान हमारा है। मेरे भाई ने गलत राह चुनी लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि हमें अपने देश से प्यार नहीं है। रईस ने कहा था कि उन्होंने प्यार और देशभक्ति के साथ तिरंगा फहराया है। हालांकि रईस ने इस बात पर अफसोस जताया था कि उनके भाई ने खतरनाक रास्ता चुना है और युवा इस रास्ते पर जाने की गलती न करें।

India

Jan 04 2024, 16:24

राहुल गांधी की यात्रा का नाम बदला, जानें 14 जनवरी से शुरू होनी वाली यात्रा का नया नाम

#bharat_jodo_nyay_yatra_complete_schedule

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक बाद फिर यात्रा पर निकलने वाले हैं।भारत जोड़ो यात्रा की अपार सफलता के बाद राहुल गांधी चुनावी वर्ष में वापसी करने के लिए तैयार है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यात्रा शुरू हो रही है। 14 राज्यों से गुजरने वाली राहुल गांधी की ये यात्रा 14 जनवरी से शुरू हो रही है।इस बीच कांग्रेस ने यात्रा का नाम बदल दिया है। इस यात्रा का नाम 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' होगा। इस बात की जानकारी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी। इससे पहले इस यात्रा नाम 'भारत न्याय यात्रा' दिया गया था। 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक की। इस बैठक में सारे प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता उपस्थित थे। बैठक में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की रणनीति बनाई गई। साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 

बैठक के बाद जयराम रमेश ने कहा, यात्रा की शुरुआत मणिपुर की राजधानी इंफाल से होगी। यात्रा 14 जनवरी दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि 6,700 किलोमीटर लंबी यात्रा 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस और पद यात्रा करेंगे। इस यात्रा में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी न्यौता दिया जाएगा। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत 67 दिनों में 6713 किमी का सफर तय करेंगे। यह यात्रा 15 राज्यों के 110 जिले से होकर गुजरेगी। इसके अन्तर्गत 100 लोकसभा सीटें आएंगी। उन्होंने कहा कि मणिपुर में 107 किलोमीटर यात्रा होगी। यह यात्रा 4 जिले, 2 लोकसभा, 11 विधानसभा कवर करेंगे। वह डेढ़ दिन रहेंगे। नागालैंड में 257 किलोमीटर की यात्रा होगी। 5 जिले कवर होगी और 2 दिन में रहेंगे। असम में 833 कवर होगा। 8 दिन रहेंगे।17 जिले कवर होंगेराहुल गांधी की यात्रा मुंबई में खत्म होगी।।

India

Jan 04 2024, 16:04

'मैं क्या वहां तालियां बजाकर जय-जयकार करूंगा?', पूरी के शंकराचार्य निश्चलानंद ने किया अयोध्या नहीं जाने का ऐलान

 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार तथा अयोध्या प्रशासन ने पूरी ताकत लगा दी है। राम मंदिर का प्रथम तल बनकर तैयार है, जिसे सजाया-संवारा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी को श्रीराम जन्मभूति तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान के तौर पर आमंत्रित किया गया है। यानी इस बात की पूरी संभावना है कि पीएम अपने हाथों से ही रामलला की प्रतिमा को गर्भ गृह में सिंहासन पर विराजमान करवाएंगे। इसे लेकर ओडिशा के जगन्नाथपुरी मठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने विरोध व्यक्त किया है। 

उन्होंने बुधवार को रतलाम में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह 22 जनवरी 2024 को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए अयोध्या नहीं जाएंगे। रतलाम में त्रिवेणी तट पर हिंदू जागरण सम्मेलन को संबोधित करने आए शंकराचार्य निश्चलानंद ने मीडिया से चर्चा में कहा, 'मोदी जी लोकार्पण करेंगे, प्रतिमा का स्पर्श करेंगे तो मैं वहां तालियां बजाकर जय-जयकार करूंगा क्या? मेरे पद की भी मर्यादा है। राम मंदिर में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा शास्त्रों के अनुसार होनी चाहिए, ऐसे आयोजन में मैं क्यों जाऊं'। राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से प्राप्त हुए निमंत्रण के बारे में शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा, 'मुझे जो आमंत्रण प्राप्त हुआ है उसमें लिखा है कि आप और आपके साथ सिर्फ एक व्यक्ति आयोजन में आ सकता है। इसके अतिरिक्त हमसे किसी प्रकार का अब तक संपर्क नहीं किया गया है, जिस वजह से मैं आयोजन में नहीं जाऊंगा'। 

उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर जिस प्रकार की राजनीति हो रही है, वह नहीं होनी चाहिए। इस वक़्त राजनीति में कुछ सही नहीं है। पुरी के शंकराचार्य ने धर्म स्थलों पर बनाए जा रहे कॉरिडोर की भी आलोचना की। स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि आज सभी प्रमुख धर्म स्थलों को पर्यटन स्थल बनाया जा रहा है। इस प्रकार इन्हें भोग-विलासता की चीजों को जोड़ा जा रहा है, जो ठीक नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि दुनिया में चाहे जिस भी धर्म के लोग हों, उन सभी के पूर्वज हिंदू थे। बता दें कि निश्चलानंद सरस्वती पुरी के पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्धन पीठ के वर्तमान 145वें जगद्गुरु शंकराचार्य हैं। स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का जन्म 1943 में बिहार के मधुबनी जिले में हुआ था। वह दरभंगा के महाराजा के राज-पंडित के पुत्र हैं।

India

Jan 04 2024, 16:03

श्रमजीवी ट्रेन ब्लास्ट में 18 साल बाद आया फैसला, हरकत-उल-जिहाद-उल-इस्लामी के दो आतंकियों को फांसी की सजा, कई लोगों की हुई थी मौत

 उत्तर प्रदेश के जौनपुर की जिला अदालत ने 2005 के श्रमजीवी एक्सप्रेस बम विस्फोट में उनकी भूमिका के लिए दो आतंकवादियों को मौत की सजा सुनाई है। RDX से किए घातक हमले में 14 लोगों की मौत और 62 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 28 जुलाई 2005 की शाम को राजगीर और नई दिल्ली के बीच चलने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस भयानक आतंकवादी हमले का निशाना बन गई थी। हरपालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ विस्फोट दो आतंकियों द्वारा किया गया था, जिन्होंने ट्रेन में RDX से भरा सूटकेस रख दिया था। इस जघन्य कृत्य के बाद, अपराधी तेजी से उतर गए और अपने पीछे अराजकता और तबाही का मंजर छोड़ गए।

अदालत ने दोषियों की पहचान कुख्यात हरकत-उल-जिहाद-उल-इस्लामी (हूजी) संगठन से जुड़े बांग्लादेश के हिलाल उर्फ हेलालुद्दीन और पश्चिम बंगाल के नफीकुल विश्वास के रूप में की थी। छह वर्षों तक चला उनका मुकदमा इस महत्वपूर्ण फैसले में परिणित हुआ, जिससे प्रभावित परिवारों को कुछ हद तक न्याय मिला। 18 साल बाद भी, कई लोगों के लिए उस दुखद शाम के घाव हरे हैं। एक गवाह, जो उस समय मात्र 14 वर्ष का था, को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का माहौल स्पष्ट रूप से याद है। ट्रेन की देरी के कारण भ्रम और बढ़ती बेचैनी के बीच, संभावित दुर्घटना की फुसफुसाहट फैल गई थी। स्मार्टफोन और इंटरनेट का इस्तेमाल उस समय भारत में इतना नहीं हुआ करता था। जिसका मतलब था कि जानकारी दुर्लभ थी और अफवाहें बड़े पैमाने पर थीं। उसने अफवाह सुनकर ही ट्रेन छोड़ दी थी, अगले दिन जब उसके पिता अख़बार पढ़ रहे थे, तब उसे श्रमजीवी ट्रेन में ब्लास्ट के बारे में पता चला। 

उस समय आतंकी अक्सर इस तरह के शक्तिशाली विस्फोटक RDX का इस्तेमाल धमाकों के लिए किया करते थे, मुंबई ब्लास्ट, उत्तर प्रदेश के कचहरी ब्लास्ट, जोधपुर ब्लास्ट इसके कुछ उदाहरण थे, जिसमे सैकड़ों निर्दोष आतंकियों की जिहादी विचारधारा की भेंट चढ़ गए थे। लेकिन, इंटरनेट और सोशल मीडिया न होने के करण अक्सर चीज़ें उतनी उभरकर सामने नहीं आया करती थी। बीते 10 वर्षों में जागरूक हुई पीढ़ी को शायद ही श्रमजीवी ब्लास्ट के बारे में पता ही हो। आज जब 18 साल बाद इसके पीड़ितों को कोर्ट से कुछ हद तक न्याय मिला है, तो ये केस एक बार फिर सुर्ख़ियों में आ गया है।