राजस्थान में भजनलाल शर्मा आज लेंगे सीएम पद की शपथ, समारोह में मोदी-शाह भी होंगे शामिल
#rajasthan_bhajanlal_sharma_chief_minister_oath_ceremony
राजस्थान में आज नई सरकार का शपथग्रहण है।भजनलाल शर्मा शुक्रवार को राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। समारोह ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के बाहर होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र, भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। साथ ही दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को मंत्रिमंडल सदस्य की शपथ दिलाएंगे।
खास बात ये है कि आज भजनलाल शर्मा का जन्मदिन भी है। ये उनका 56वां जन्मदिन है। बता दें कि बीजेपी विधायक दल की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें भजनलाल शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी की ओर से विधायक दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री तथा वासुदेव देवनानी को राजस्थान विधानसभा का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
केंद्रीय मंत्री, राज्यों के सीएम भी आएंगे
समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि समारोह के लिए केंद्रीय नेताओं और राज्य के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों के अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय भी समारोह में हिस्स ले सकते हैं। समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया गया है। इनमें भाजपा के झंडे और होर्डिंग कटआउट सहित केंद्र सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं।
पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा
राजस्थान के सीएम पद की शपथ लेने वाले भजनलाल शर्मा राजस्थान की सांगानेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान ईकाई के प्रदेश महामंत्री का पद भी संभाल रहे थे। भरतपुर से ताल्लुक रखने वाले 56 वर्षीय भजन लाल शर्मा ब्राह्मण समाज से आते हैं। खास बात ये है कि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में वह पहली बार विधायक बने हैं। भजनलाल शर्मा को संघ और संगठन दोनों का करीबी माना जाता है।









Dec 15 2023, 10:40
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
23.7k