Rohtas

Oct 14 2023, 19:11

पर्व को देखते हुए रेल यात्रियों के बीच आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

रोहतास: रेलवे सुरक्षा बल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज के निर्देश पर शुक्रवार की रात रेल यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सासाराम के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ ने सासाराम जंक्शन पर मानवाधिकार समस्या एवं समाधान सहायता संघ के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया।

 जहां यात्रियों को गाड़ी में चैन पुलिंग न करने, यात्रा के दौरान अनजान व्यक्ति से खाने पीने का सामान न ग्रहण करने, अपने सामानों की रक्षा करने, चलती गाड़ी में न उतरने चढ़ने, रेलवे ट्रैक पार न करने इत्यादि के सम्बंध में जागरूक किया गया।

 आरपीएफ द्वारा लोगों को बताया गया कि रेलवे परिसर एवं चलती गाड़ी में किसी भी प्रकार की कोई समस्या होने पर रेलवे टोल फ्री नंबर 139 पर तुरंत सूचना दें। जिससे यात्रियों को समय से सहायता प्रदान की जा सके।

 जागरुकता अभियान के दौरान अवर निरीक्षक आर के राय, सहायक अवर निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी बबलेश मीना तथा मानवाधिकार समस्या व समाधान सहायता संघ सासाराम के डायरेक्टर संजय कुमार गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, अमरजीत कुमार, ब्रम्हम कुमार, सरदार हरमीत सिंह, शशिबाला कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Rohtas

Oct 14 2023, 18:08

अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर पंचायत का चला बुलडोजर

रोहतास। अगामी त्योहारों को देखते हुए जिले के कोचस नगर पंचायत ने अब अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाना शुरु कर दिया है। कोचस बाजार में आए दिन हो रही सड़क जाम की समस्या पर्व को देखते हुए दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही थी। जिसको लेकर शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे लगे दर्जनों फुटपाथी दुकानदारों को सड़कों से दूर हटाया गया तथा चेतावनी भी दी गई। जिससे सड़कों का नजारा बदला बदला सा दिखाई दिया। इस संदर्भ में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ प्रियंका गुप्ता ने बताया कि आगामी पर्व को लेकर कोचस नगर पंचायत में प्रशासन द्वारा सड़क किनारे लगे सब्जी दूकान, ठेला तथा फल दुकानों आदि को हटाने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़कों को खाली नहीं किया गया। जिसके बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया है। उन्होंने बताया कि बार बार स्थानीय लोगो द्वारा भी सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई जा रही थी। जिसको संज्ञान में लेकर कुछ हिस्सो को पूर्व में भी प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। मौके पर थानाध्यक्ष अमोद कुमार, अंचला आधिकारी सह आरओ राकेश कुमार सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजुद थे।

Rohtas

Oct 14 2023, 17:49

रोहतास: तालाब में डूबने से एक बच्चे की मौत, परिवार में मातम

रोहतास: जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग दो के समीप एक तालाब में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। बताया जाता है कि दरिगांव थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी प्रहलाद पासी का 5 वर्षीय पुत्र विष्णु कुमार राष्ट्रीय राजमार्ग 2 के समीप एक तालाब के किनारे खेल रहा था। तभी खेलते खेलते तालाब के पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

 हालांकि वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाल कर इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दरिगांव थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा मां समेत सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Rohtas

Oct 14 2023, 17:47

रोहतास: जिलास्तरीय रबी कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, किसानों की आय एवं कृषि उत्पादकता बढ़ाने पर दिया गया जोर

रोहतास: शहर के फजलगंज स्थित मल्टीपरपस हॉल में शनिवार को जिला कृषि विभाग की ओर से जिला स्तरीय रबी कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

उक्त अवसर पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। इसलिए हमारे देश के किसान भारत की आत्मा हैं और कृषि के विकास से ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में नई तकनीक, उन्नत बीज, उर्वरक का इस्तेमाल एवं फसलों की अच्छे से देखभाल कर उत्पादकता को बढ़ाया जा रहा है।

 जिसके लिए किसानों को जागरुक होना अति आवश्यक है। वहीं उपस्थित प्रसार कर्मियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि कृषि विभाग की नवीनतम तकनीकों को पंचायत व गाँव स्तर पर अधिक से अधिक किसानों को दें। जिससे किसानों के उत्पादन में वृद्धि हो और उनकी आय को बढ़ाया जा सके। 

कृषि उत्पादों को आसानी और अच्छी कीमत में बिक्री हो सके इसके लिए उत्पादों का खाद्य प्रसंस्करण ईकाई की ओर अग्रसर होना आवश्यक है ताकि हम अपने उत्पादों की अच्छी कीमत प्राप्त कर सकें। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभीन्न लोककल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से योग्य किसानों तक पहुंचाई जाए। 

बता दें कि रबी अभियान के तहत आगामी 16 अक्टूबर से 04 नवम्बर तक प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण शिविर तथा 10 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक रबी किसान चौपाल का आयोजन किया जाना निर्धारित है। जिसको लेकर जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा राज्य स्तर से प्राप्त प्रखंडवार लक्ष्य का विखण्डन करते हुए सभी को पावर प्वाईन्ट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। 

वहीं जिला स्तरीय कार्यशाला के दौरान राज्य स्तरीय जिला नोडल पदाधिकारी डा० प्रमोद कुमार ने कीटनाशकों के उपयोग से होने वाले हानि तथा उपयोग की सावधानियों पर बल देते हुए पौधा संरक्षण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विभीन्न योजनाओं की जानकारी के साथ साथ कृषि तकनीकों के बारे में बताया गया।

 मौके पर उप विकास आयुक्त शेखर आनंद, जिला कृषि पदाधिकारी रामकुमार, सहायक निदेशक उद्यान, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण, सहायक निदेशक शष्य भूमि संरक्षण, उप परियोजना निदेशक आत्मा सहित इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं कृषि विभाग से जुड़े प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी के साथ-साथ कर्मी व किसान सलाहकार आदि उपस्थित रहे।

Rohtas

Oct 13 2023, 19:25

सासाराम स्टेशन से दो अज्ञात शव बरामद, शिनाख्त करने में जुटी जीआरपी

रोहतास - जीआरपी पुलिस सासाराम ने आज शुक्रवार को सासाराम रेलवे स्टेशन से मृत अवस्था में पड़े दो अज्ञात शवों को बरामद किया है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए रेल थाना प्रभारी केएम खान ने बताया कि जीआरपी पुलिस को प्लेटफार्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 03612 डाउन के बोगी संख्या 144841 में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला। जो संभवतः भिखारी प्रतीत हो रहा था और उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है। 

इसके अलावा रेल पुलिस ने प्लेटफार्म संख्या 02 स्थित एक यात्री शेड के पास से भी अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। आशंका जताई जा रही है कि 35 वर्षीय व्यक्ति की किसी अज्ञात ट्रेन से झटका लगने के कारण मृत्यु हुई होगी। 

रेल थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Oct 13 2023, 18:45

30 दिवसीय महिला ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम की हुई शुरुआत, बैंक से जुड़े स्कीमों के बारे में भी दी जाएगी जानकारी

रोहतास - पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार से जिले के नोखा में महिला ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुरूआत किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आरसेटी निदेशक अजीत कुमार एक्का, ट्रेनर रागीनी कुमारी, कार्यालय सहायक विकास कुमार एवं प्रियांशु कुमार द्वारा किया गया। ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अक्टूबर से लेकर आगामी 11 नवंबर तक चलाया जाएगा। 

इस संदर्भ में आरसेटी निदेशक अजीत कुमार एक्का ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी महिलाओं को बैंक से जुड़े सभी स्कीमों एवं सुरक्षा जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या बीमा योजना व ऋण के बारे में विस्तृत जानकारी दी जायेगी। जबकि प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रशिक्षणार्थियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा। 

वहीं प्रशिक्षण ट्रेनर रागीनी कुमारी ने बताया कि सभी महिलाओं को महिला ब्यूटी पार्लर से जुड़ी जानकारी दी जायेगी। जिसमें थ्रेडिंग, मैनीक्योर पेडीक्योर, वैक्स, फेशियल, हेयर कटिंग, हेयर स्पा, हाइलाइटर, स्ट्रेटनिंग एवं दुल्हन सजावट शामिल है। 

उन्होंने कहा कि ब्यूटी पार्लर एक ऐसा व्यवसाय है जो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को दूर दराज बाजार में जाकर ब्यूटी पार्लर से जुड़े कार्य करवाना पड़ता था। लेकिन अब वह स्वयं अपने घर में ही अपना व्यवसाय कर सकेंगी एवं आसपास के महिलाओं को सुविधा दे सकती है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Oct 13 2023, 18:28

सरकारी विद्यालय में आर्यभट्ट अंतरिक्ष प्रयोगशाला का डीएम ने किया उद्घाटन, ऑनलाइन क्लासेस की मदद से इसरो एवं नासा के वैज्ञानिकों से जुड़ेंगेबच्चे

रोहतास - जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलौथू में शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आर्यभट अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। बिहार के सरकारी स्कूल में पहली बार इस प्रकार के अंतरिक्ष शिक्षा प्रयोगशाला का निर्माण कार्य किया गया है। जिसमें छात्रों को बहुत कम उम्र से हीं विज्ञान और तकनीकी विषयों जैसे रॉकेट्स, सैटेलाइट्स, ड्रोन्स, रोबोटिक्स, हवाई जहाज एवं खगोल विज्ञान के बारे में प्रशिक्षण दिया जायेगा। 

प्रयोशाला में कुल 100 से भी ज्यादा छोटे बड़े उपकरण लगाए गए हैं। जिनमें से टेलिस्कोप, चंद्रयान एवं मंगलयान सॅटॅलाइट, इसरो के राकेट, रोबोट्स, 3 डी प्रिंटर और विभिन्न प्रकार के ड्रोन्स मुख्य हैं। इस अंतरिक्ष प्रयोगशाला के छात्र छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ ऑनलाइन क्लासेज की मदद से इसरो और नासा के वैज्ञानिको से भी जुड़ेंगे और अंतरिक्ष के विषयों का ज्ञान प्राप्त करेंगे। 

बता दें कि जिला प्रशासन रोहतास, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान और उत्तर प्रदेश स्थित स्टार्टअप व्योमिका स्पेस द्वारा इस प्रयोगशाला को स्थापित कराया गया है। जिससे निश्चित रूप से बिहार के हर बच्चे को वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा मिलेगी।

वहीं प्रयोगशाला के उद्घाटन के पश्चात जिला पदाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व के इतिहास में भी बिहार में खगोल विज्ञान के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट कार्य हुए थे। इस प्रकार की नई तकनीक से हमारे बच्चों को परिचित कराया जाना हमारे लिए गौरव की बात है। 

उन्होंने कहा कि रोहतास जिले को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी बेहतर बनाना है। इसी उद्देश्य से उपविकास आयुक्त द्वारा इस प्रयोगशाला के अधिष्ठापन में उत्कृष्ट मार्गदर्शन किया गया है। 

मौके पर उपविकास आयुक्त शेखर आनंद, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सासाराम यतेन्द्र कुमार पाल एवं अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Oct 13 2023, 18:14

पशु चिकित्सालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, दिए कई जरुरी निर्देश

रोहतास - जिले के तिलौथू प्रखंड क्षेत्र में संचालित एक पशु चिकित्सालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 51 को बंद पाया गया। जिसको लेकर डीएम ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए तिलौथू प्रखंड के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र के समय से खुलने एवं समय से बंद होने के साथ साथ वहां निर्धारित सेवाओं का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित कराएं। ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति अधिक से अधिक बच्चों को आकर्षित किया जा सके। हालांकि निरीक्षण के दौरान तिलौथू स्थित प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय खुला पाया गया तथा वहां उपस्थित लोगों को आवश्यक सेवाएं दी जा रही थी। 

डीएम ने पशु चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सक एवं अन्य कर्मियों को और बेहतर करते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम द्वारा चिकित्सालय में उपस्थित दवाइयां की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली गई तथा कहा कि चिकित्सालय परिसर की साफ सफाई के साथ-साथ कार्यालय को व्यवस्थित बनाएं। 

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शेखर आनंद, नगर आयुक्त यतेन्द्र कुमार पाल, जिला वन पदाधिकारी मनीष कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Oct 12 2023, 22:57

जातीय जनगणना को सम्राट अशोक जन्मोत्सव समिति ने बताया गलत, विरोध में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

रोहतास। बिहार में हुए जातीय जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद कुशवाहा समाज के लोगों द्वारा इसका लगातार विरोध किया जा रहा है।

गुरुवार को भी पुरानी जीटी रोड स्थित कुशवाहा सभा भवन के समीप सम्राट अशोक जन्मोत्सव समिति सासाराम के तत्वावधान में कुशवाहा समाज के लोगों ने बिहार के मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बिहार में जारी जातीय जनगणना के आंकड़े बिल्कुल गलत है। राजनीतिक लाभ के लिए दो जातियों को छोड़कर अन्य सभी जाति को कम दिखाया गया है।

जो अन्य जातियों के साथ नाइंसाफी है। बिहार में जारी जातीय जनगणना में कुशवाहा एवं किन्नर समाज को आश्चर्य जनक रूप से कम दिखाया गया है। जिससे प्रतीत होता है कि बिहार सरकार ने जातीय जनगणना में भी भरपूर घोटाला किया है।

ताकि सत्ता में बैठे लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी हो सके। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में इकट्ठा हुए सम्राट अशोक जन्मोत्सव समिति के सदस्यों ने कुशवाहा समाज के समर्थन में नारे लगाए तथा बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

Rohtas

Oct 12 2023, 20:18

द्वेषपूर्ण भावना से जातीय गणना में ब्राह्मणों की संख्या को दिखाया गया कम, विरोध में 19 अक्टूबर को एकदिवसीय धरना : डॉ दिनेश शर्मा

रोहतास : अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की रोहतास जिला इकाई की बैठक गुरुवार को धनवन्तरी चिकित्सालय के सभागार में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता डॉ दिनेश शर्मा एवं संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश रंजन मिश्र उर्फ संतोष मिश्र द्वारा किया गया। आज की सभा का मुख्य विषय "बिहार सरकार द्वारा सम्पन्न हुई जातिगत गणना एवं उसका प्रकाशन" है। इस बैठक में पूरे रोहतास जिले के विभिन्न प्रखंडो से आये हुए महासभा के सदस्यो ने भाग लिया। 

बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुक्ति नारायण मिश्र, प्रदेश अध्यक्ष रंगनाथ तिवारी, बलराम मिश्र, रामजी मिश्र आदि उपस्थित हुए।बैठक में बिहार में जातिगण गणना में हुई अनियमितता पर विचार विमर्श किया गया एवं सरकारी तंत्र द्वारा जानबूझ कर कुछ विशेष वर्गो को चिन्हित कर उनकी संख्या को कम करके उनके मनोबल को नीचा करने की कोशिश पर चिंता ब्यक्त की गयी।  

महासभा में अपने विचार ब्यक्त करते हुए बलराम मिश्र ने कहा कि जातीय गणना में सरकारी तंत्र द्वारा की गई हेराफेरी के मुद्दे का विरोध किया जाय। जो समाज में संधर्ष नहीं करता उसे अधीनता स्वीकार करना पडता है। सभा को संबोधित करते हुए रामजी मिश्र ने संगठित होने पर बल दिया क्योकि तभी ब्राह्मणों की आवाज़ सरकार तक पहुंच सकती है। 

राजेश तिवारी जिला सह-सचिव ने जातिय गणना में विभिन्न स्तरों पर हुई अनियमितताओ की ओर सभा का ध्यान आकृष्ट किया। वहीं रंगनाथ तिवारी ने कहा कि हमें कम करके जातीय जनगणना में बताया गया है जबकि हमारी उपस्थिति प्रकाशित आंकड़े से ज्यादा यानि लगभग 6 प्रतिशत है। मुक्ति नारायण मिश्र ने सभा का ध्यान इस ओर खींचा कि हम कहाँ खडे हैं एवं इससे उपर कैसे उठें ताकि हमारी राजनीतिक पकड़ समाज में कहीं कमजोर न हो जाय। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सरकार द्वारा कराई गई जातिय गणना के विरोध में संगठित होने के आह्वान को स्वीकार किया। सरकार के द्वारा की गई अनियमितताओं के विरोध में शंखनाद करने का निर्णय लिया तथा 19 अक्टूबर 2023 दिन गुरुवार को ब्राह्मण महासभा रोहतास की ओर से समाहरणालय के समीप एक दिवसीय धरना के कार्यक्रम में भाग लेने का संकल्प लिया। 

महासभा का समापन करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ दिनेश शर्मा ने सभी को संगठित होकर एक स्वर में संवैधानिक रूप से अपना प्रतिकार दर्ज कराने की अपील की तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति हेतु सभी को बधाई दी। जबकि सभी से 19 अक्टूबर को आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। 

मौके पर पंडित रंगनाथ तिवारी, मुक्ति नारायण मिश्र, बलिराम मिश्र, डॉ दिनेश शर्मा, रामजी मिश्र, बूट्स तिवारी, ददन पाण्डेय, राजेश रंजन मिश्र उर्फ संतोष मिश्रा, विनोद तिवारी, फूलन पाण्डेय, उमेश पाण्डेय, आचार्य बिनोद गोस्वामी, संजय तिवारी, दयानन्द तिवारी, दिवाकर तिवारी, डॉ जितेन्द्र नाथ तिवारी, संतोष दुबे, राधेश्याम पाण्डेय उर्फ भोला पाण्डेय, मान बाबा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी