Rohtas

Aug 30 2023, 12:22

बड़ी खबर : सदर अस्पताल का क्लर्क ले रहा था 55 हजार घूस, निगरानी ने रंगे हाथ दबोचा

रोहतास : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां निगरानी की टीम के एक सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथ घूस लेते गिरफ्तार किया है। 

निगरानी की टीम ने बुधवार की सुबह रोहतास जिले के सासाराम सदर अस्पताल के क्लर्क को 55000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नब दवा दुकानदार से घूस ले रहा था।

बताया जा रहा है कि क्लर्क संतोष कुमार के खिलाफ निगरानी में पूर्व में शिकायत की गई थी। निगरानी ने इसकी जांच कराई। जांच के क्रम में मामला सही पाया गया। 

जिसके बाद क्लर्क संतोष कुमार की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया। वहीं आज बुधवार को वह अपने आवास पर घूस ले रहा था उसी दौरान निगरानी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद क्लर्क संतोष कुमार को निगरानी की टीम पटना लेकर रवाना हो गई।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 30 2023, 09:43

बड़ी खबर : रोहतास में स्कॉर्पियो और कंटेनर में सीधी भिड़ंत में एक ही परिवार के 7 की मौत, 5 गंभीर रुप से घायल

रोहतास : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां भीषण सड़क दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 5 लोग गंभीर रुप से घायल हुए है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जिले के एनएच-2 पर हुई है। मृतकों में सभी एक ही परिवार और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो पर 12 लोग जिसमें महिला-पुरुष और बच्चे सवार होकर बोधगया से कैमूर जिला के सबार थाना के कुडा़री गांव लौट रहे थे। तभी रोहतास जिला के पखनारी के पास शिवसागर थाना इलाके में स्कॉर्पियो और कंटेनर की टक्कर हो गई।

 

इस घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। मृतकों में तारा कुमारी 18 वर्ष, चांदनी कुमारी 15 वर्ष, अरविंद शर्मा 50 वर्ष, राजमती देवी 50 वर्ष, आदित्य कुमार 8 वर्ष, रिया कुमारी 9 वर्ष, तथा सोनी कुमारी 35 वर्ष शामिल है।

 

वहीं घायलों में रवि नंदन प्रियदर्शी 30 वर्ष, रितु शर्मा 14 वर्ष, सुदेश्वर शर्मा 60 वर्ष, दिव्या कुमारी 25 वर्ष तथा उपेंद्र शर्मा 30 वर्ष शामिल है।

 

पांच घायलों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल सासाराम से हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।

   

वहीं पुलिस ने 7 शवों को सदर अस्पताल सासाराम में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई जारी रखी है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 29 2023, 19:18

विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुखिया संघ ने एक दिवसीय धरना का किया आयोजन, सरकार के खिलाफ लगाए जमकर नारे

रोहतास : ग्राम पंचायत के अधिकारों में बिहार सरकार द्वारा की जा रही कटौती के विरोध में मंगलवार को रोहतास जिला मुखिया संघ ने जिला समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया है। बिहार प्रदेश मुखिया संघ के तत्वाधान में आयोजित राज्य व्यापी हड़ताल के दौरान काफी संख्या में जुटे मुखिया ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की तथा सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए।

बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए संघ ने कहा कि ग्राम पंचायत के अधिकारों की कटौती नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार द्वारा मुखिया के अधिकारों की कटौती करना असंवैधानिक है। जिसपर सरकार को विचार करना चाहिए तथा पंचायती राज के जनप्रतिनिधियों को अधिकार में बढ़ावा देना चाहिए। ताकि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक सुलभता से पहुंचा जा सके।

मुखिया संघ ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बिहार सरकार में अफसरशाही अपने चरम पर है। जिसके चलते जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता बढ़ती जा रही है।

संघ का मानना है कि ग्राम पंचायत के अधिकारों में सरकार को और इजाफा करना चाहिए लेकिन इसके विपरीत सरकार द्वारा कटौती की जा रही है। जिसका ग्रामीण लोगों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 29 2023, 19:17

राष्ट्रीय खेल दिवस के रुप में मनाई गई हाकी के जादूगर मेजर की जयंती, कई खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

रोहतास : कला,संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को शहर के फजलगंज स्थित न्यू स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें सबसे पहले 5 किलोमीटर दौड़ बालक और बालिका वर्ग कि स्पर्धा हुई। इसके बाद 1500 मीटर और उसके बाद 400 मीटर दौड़ की स्पर्धा का आयोजन किया गया। जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार तथा जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर 5 किलोमीटर दौड़ को आरंभ किया तथा अंत में विजेता सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया।

इस बात की जानकारी देते हुए रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विनय कृष्ण ने बताया कि इस दौड़ की प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 60 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

उक्त अवसर पर तकनीकी पदाधिकारी के रूप में सत्येंद्र कुमार, मनोज कुमार, मिथिलेश कुमार, धर्मेंद्र यादव, उपेंद्र कुमार,राणा प्रताप सिंह, टुन्नू यादव, आदि उपस्थित थे।

वहीं परिणाम की बात करें तो 5 किलोमीटर बालक वर्ग में डेहरी के अरबाज अंसारी ने प्रथम स्थान,सासाराम के प्रिंस राज ने द्वितीय स्थान जबकि रामडिहरा, तिलौथू के चंदन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान चेनारी की रिंकी कुमारी, द्वितीय स्थान सासाराम की निशा कुमारी और तृतीय स्थान अठखंभवा की कुसुम कुमारी ने प्राप्त किया।

400 मी दौड़ की स्पर्धा के बालक वर्ग में करगहर के उत्पल कुमार एवं बालिका वर्ग में तलत जहां ने बाजी मारी। 1500 मीटर दौड़ बालक वर्ग में डेहरी के राजीव कुमार तथा बालिका वर्ग में भदोखरा की रूबी कुमारी अव्वल रहे।

इसके साथ हीं राज्य एकलव्य खेल प्रशिक्षण केंद्र सासाराम में भी बास्केटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिता का आयोजन सायंकालीन सत्र मे आयोजित किया गया। जिसमें बास्केटबॉल और बैडमिंटन के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 29 2023, 18:11

जिला राजस्व कार्यक्रमों के प्रगति की एडीएम ने की समीक्षा, कई दिशा निर्देश जारी

म्यूटेशन के लंबित मामलों का शीघ्रता से करें निष्पादन- एडीएम

रोहतास। जिला समाहरणालय स्थित डीआरडीए संवाद कक्ष में मंगलवार को जिला राजस्व कार्यक्रमों के प्रगति की अपर समाहर्ता चंद्रशेखर प्रसाद की अध्यक्षता में समीक्षा की गई। इस दौरान ऑनलाइन म्यूटेशन, परिमार्जन, एलपीसी आरओआर डिजिटलाइजेशन, भूमि अतिक्रमण, भू-मापी एवं सीडव्लूआईसी/एमआइसी सहित अन्य मामलों का समीक्षा किया तथा संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि केसी ऐप के माध्यम से आधार सीडिंग एवं अभियान बसेरा - 2 के सर्वेक्षण की इंट्री में तेजी लाते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए भूमि की उपलब्धता जल्द से जल्द सुनिश्चित करें। जिससे सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाया जा सके। समीक्षा के दौरान एडीएम ने जिले में ऑनलाइन म्यूटेशन के बढ़ते मामलों पर भी नाराज़गी ज़ाहिर की तथा कहा कि ऑनलाइन म्यूटेशन के तहत लंबित सभी मामलों को शीघ्रता से निष्पादित करें। मौके पर डिहरी व विक्रमगंज अनुमंडल के डीसीएलआर, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित प्रत्येक अंचल से तीन-तीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rohtas

Aug 28 2023, 19:10

मुर्गीपालन बैकयार्ड पोल्ट्री विषय पर एकदिवसीय ओंकेंपस प्रशिक्षण का हुआ आयोजन


रोहतास : कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के सभागार भवन में सोमवार को वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ शोभा रानी की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति उप परियोजना के तहत मुर्गी पालन बैकयार्ड पोल्ट्री विषय पर एकदिवसीय ओंकेंपस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। 

जिसमें जिला के विभिन्न प्रखंडों से आई हुई 39 महिलाओं ने भाग लिया एवं प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें मुर्गी का चूजा भी उपलब्ध कराया गया। यह चूजे मुर्गी के उन्नत प्रभेद वन राजा एवं सोनाली है। 

प्रशिक्षण के दौरान डॉ रामाकांत एवं डॉक्टर रतन के द्वारा मुर्गी पालन के विभिन्न पहलुओं पर जैसे खान-पान , रहन- सहन रख-रखाव टीकाकरण एवं जलवायु परिवर्तन की स्थिति में रखे गए विशेष सावधानी इत्यादि पर विशेष प्रकाश डाला गया। 

महिलाओं को यह बताया गया कि बैकयार्ड पोल्ट्री के द्वारा वह अपने परिवार के पोषण स्तर को तो ऊंचा कर ही सकती हैं एवं साथ ही आय का एक सहारा भी बना सकती हैं। 

इस कार्यक्रम में सूर्यपुरा , नोखा , संझौली , बिलारी, सासाराम इत्यादि जगह से आई हुई विभिन्न समूह की महिलाओं ने भाग लिया। जिसमें मुख्य रूप से सुनैना देवी, रोहिणी देवी ,इंदु देवी, पार्वती कुमारी, लालसा देवी इत्यादि महिलाओं ने प्रशिक्षण का लाभ उठाया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 28 2023, 19:08

कोटा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या, परिवार और गांव में मातम

रोहतास : राजस्थान के कोटा शहर में रहकर नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली है। मृतक युवक रोहतास जिले के दरिहट थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़कुड़िया गांव का निवासी बताया जाता है। इस हादसे के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। 

जानकारी के मुताबिक आदर्श राज नीट की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा में अपने फुफेरे भाई व बहन के साथ रह रहा था। जहां टेस्ट एग्जाम में कम अंक आने से वह डिप्रेशन में था। 

बताया जाता है कि मृतक बीती रात अपने कमरे में बंद कर पढ़ाई कर रहा था और जब खाना खाने के लिए उसकी बहन ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो काफी देर बाद भी उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद अन्य लोगों की मदद से कमरे का दरवाजे को तोड़ दिया गया जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए। पंखे से लटक रहे आदर्श राज को आनन-फानन में नीचे उतार कर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

वहीं परिजनों ने बताया कि राजस्थान के कोटा शहर में आदर्श अपनी बहन के साथ एक फ्लैट में रहता था। जिसमें दो अन्य लोग भी रह रहे थे। हाल ही में हुए एक टेस्ट एग्जाम में उसे काफी कम मार्क्स मिले थे जिसके कारण वह काफी परेशान था। 

इधर घटना की सूचना पाकर परिजन कोटा के लिए रवाना हो गए हैं तथा पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 28 2023, 18:25

रोहतास पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, लूटकांड के आरोपी एक शातिर अपराधी को छपरा से किया गिरफ्तार

रोहतास : पुल निर्माण कार्य में लगे बेस कैंप लूट काण्ड में शामिल एक अपराधी को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि बीते कई महीनों से उक्त अपराधी फरार चल रहा था। जिसे रोहतास पुलिस ने छपरा से गिरफ्तार कर लिया है। 

इस संदर्भ में रोहतास एसपी विनीत कुमार ने सोमवार को डेहरी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि टॉप 20 सूची में शामिल 19वें अपराधकर्मी प्रमोद सिंह पिता राज किशोर सिंह को रोहतास पुलिस की विशेष टीम ने छपरा से गिरफ्तार कर लिया है। 

गिरफ्तार अपराधकर्मी द्वारा रोहतास जिले के अकोढी गोला थाना अंतर्गत बुधुवाँ महुआरी काव नदी पुल निर्माण कार्य के बेस कैम्प लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार अपराधकर्मी कई महीनो से फरार चल रहा था। 

जिसकी गिरफ्तारी के लिए अकोढी गोला थाना एवं जिला आसूचना इकाई की विशेष टीम का गठन किया था। गठित विशेष टीम ने आज फरार अभियुक्त प्रमोद सिंह को छपरा से गिरफ्तार कर लिया है। 

उन्होंने बताया कि उक्त कांड में शामिल तीन अपराधकर्मी पहले ही न्यायालय में समर्पण कर चुके हैं।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 28 2023, 17:34

मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के विरुद्ध प्राप्त दावा आपत्तियों का डीएम ने किया निस्तारण, राजनीतिक दलों ने जताई सहमति

रोहतास : मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण कार्यक्रम अन्तर्गत प्रारूप प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची पर प्राप्त दावा आपत्तियों के निस्तारण को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। 

इस दौरान प्रारूप प्रकाशन के आलोक में जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मात्र तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से हीं दावा आपत्ति प्राप्त हुए। जिसमें 208 - सासाराम विधानसभा सभा निर्वाचन क्षेत्र के जदयू जिला प्रवक्ता अलख निरंजन एवं 210 - दिनारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक विजय कुमार मंडल द्वारा एक एक तथा 213 - काराकाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों द्वारा दो दावा आपत्ति शामिल है। 

बैठक के दौरान डीएम ने बिन्दुवार सभी आपत्तियों पर विचार विमर्श किया। जिसके पश्चात उक्त तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से प्राप्त दावा आपत्तियों का निस्तारण कर लिया गया। 

जिस पर सभी उपस्थित विधायक, अध्यक्ष, सचिव व अन्य प्रतिनिधियों द्वारा सहमति भी व्यक्त की गई।

 मौके पर दिनारा विधायक विजय मंडल, भाजपा जिला महामंत्री अशोक शाह, आप जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार, राजद जिलाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, माले जिला सचिव नंद किशोर पासवान सहित जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 27 2023, 18:26

बालू लदे ट्रैक्टर से दबकर एक युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

रोहतास : सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीता बीगहा मोड़ के समीप रविवार को एक बालू लदे ट्रैक्टर से दबकर युवक की मौत हो गई है। 35 वर्षीय मृतक युवक अमरा तालाब का निवासी था। जिसका नाम रिंकू गुप्ता बताया जाता है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुरानी जीटी रोड को जाम कर दिया तथा प्रशासन से मुआवजे की मांग करने लगे। इस दौरान सड़क जाम होने से लगभग एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया तथा गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें भी लग गई।

हालांकि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने किसी तरह समझा बूझाकर ग्रामीणों को सड़क से हटाया। जिससे आवागमन सुचारू रूप से जारी हो गया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं पुलिस ने घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी जप्त कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि मृतक अपने घर का एकलौता पुत्र था और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में केवल उसकी मां और पत्नी के साथ तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। जिसके लालन-पालन की चिंता अब लोगों को सता रही है।

लोगों ने बताया कि मृतक रिंकू गुप्ता हीं पूरे परिवार का कर्ताधर्ता था। जिसके चले जाने से पूरा परिवार उजड़ गया है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी