Bhojpur

Aug 15 2023, 16:09

रूस में बड़ा हादसा, गैस स्टेशन में हुए भीषण विस्फोट में 25 से ज्यादा लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल

#russia_dagestan_gas_station_explosion_25_killed_100_injured

रूस के मखाचकाला में एक गैस स्टेशन में भीषण धमाका हो गया है। इस धमाके में तीन बच्चों समेत 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जबकि 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि आग पहले कार की मरम्मत करने वाली दुकान में लगी और देखते ही देखते पास के गैस स्टेशन में फैल गई।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती की देश के आपातकाल मंत्रालय के हवाले से जारी की गई खबर के मुताबिक, क्षेत्र की राजधानी मखचकाला के बाहरी क्षेत्र में स्थित गैस स्टेशन में सोमवार रात को विस्फोट हुआ था। आग पहले कार की मरम्मत करने वाली दुकान में लगी और देखते ही देखते पास के गैस स्टेशन में फैल गई। खबर के मुताबिक, गैस स्टेशन में लगी आग थोड़ी ही देर में 600 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैल गई। आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को साढ़े तीन घंटे से अधिक समय लगा।

रूसी उप स्वास्थ्य मंत्री व्लादिमीर फिसेन्को ने बताया है कि घायलों में से 10 की हालत गंभीर है। इंटरफैक्स ने दागेस्तानी स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया कि घायलों में तेरह बच्चे हैं। रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा कि गंभीर रूप से घायलों को मॉस्को ले जाने के लिए माखचकाला में एक विमान भेजा गया था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मखचकाला में ग्लोबस शॉपिंग सेंटर के पास एक कार सर्विस सेंटर में विस्फोट हुआ था। क्षेत्रीय गवर्नर ने मंगलवार 15 अगस्त को कहा कि दागेस्तान के दक्षिणी रूसी क्षेत्र में एक गैस स्टेशन में आग लगने का मामला सामने आया। डागेस्टानी डिजास्टर मेडिसिन सेंटर की जानकारी के अनुसार, 12.00 बजे (मॉस्को समय) तक 12 लोग मारे गए, 50 घायल हो गए। हालांकि बाद में मृतकों की संख्या और बढ़ी जो कि 25 से ज्यादा पहुंच गई। मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं।

Bhojpur

Aug 15 2023, 15:12

अक्षय कुमार को मिली भारतीय नागरिकता, बोले- दिल और सिटीजनशिप दोनों हिन्दुस्तानी

#akshaykumargetsindiancitizenship

भारतवासी आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस मौके पर हर व्यक्ति जोश और उत्साह से भरा हुआ है। बॉलीवुड में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलग उमंग देखने को मिल रही है। इस बीच बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है।अक्षय कुमार अब भारतीय नागरिक बन गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ऑफिशियल डॉक्यूमेंट शेयर किए हैं। उन्होंने डॉक्यूमेंट की तस्वीर शेयर करके फैंस को ये खुशखबरी दे दी है।बता दें कि फिल्मों में सफलता नहीं मिलने के कारण उन्होंने 1990 में भारत की नागरिकता छोड़ दी थी और कनाडा में बसने और काम करने के लिए वहां की नागरिकता ले ली थी।

नागरिकता को लेकर सवाल उठने वालों को मिला जवाब

अक्षय कुमार ने भारतीय नागरिकता पाने की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दी है।अक्षय ने फोटो शेयर करते हुए लिखा- 'दिल और सिटिजनशिप, दोनों हिंदुस्तानी। स्वतंत्रता दिवस की बधाई। जय हिंद। उन्होंने इंडियन सिटीजनशिप के लिए 2019 में आवेदन किया था।इसके साथ ही अक्षय कुमार की नागरिकता को लेकर उठने वाले सवालों पर पूर्ण विराम लग गया है।दरअसल, कनाडा की नागरिकता होने की वजह से हेटर्स ने कई बार उनकी देशभक्ति पर भी सवाल खड़े किए थे।

पहले अक्षय के पास थी कनाडा की नागरिकता

याद दिला दें कि अक्षय कुमार के पास पहले भारतीय नहीं, कनाडा की नागरिकता थी। लगातार उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं, जिसके बाद उन्होंने कनाडा में बसने का फैसला किया था, लेकिन इसके बाद एक बार फिर उनका सिक्का बॉलीवुड में चल पड़ा और वो भारत छोड़कर कनाडा नहीं जा पाए। लंबे वक्त से अक्षय भारतीय नागरिकता के लिए प्रयास कर रहे थे। आखिरकार अब उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई है।

Bhojpur

Aug 15 2023, 14:41

'हर भारतीय की आवाज़ है भारत माता..', राहुल गांधी ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, भारत जोड़ो यात्रा का भी किया जिक्र

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मंगलवार (15 अगस्त) को देश के लोगों को 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत माता को हर भारतीय की आवाज बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर राहुल गांधी ने कहा कि, "भारत माता हर भारतीय की आवाज है! सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।"

इसके साथ ही राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' का अपना अनुभव भी साझा किया और कहा कि उन्होंने समुद्र के किनारे से 145 दिन की पैदल यात्रा शुरू की और कश्मीर की बर्फ पर पहुंचे। राहुल ने कहा कि, 'पिछले साल मैंने एक सौ पैंतालीस दिन उस ज़मीन पर घूमते हुए बिताए जिसे मैं अपना घर कहता हूँ। मैंने समुद्र के किनारे से शुरुआत की और गर्मी, धूल और बारिश से गुज़रा। जंगलों, कस्बों और पहाड़ियों से होते हुए, जब तक कि मैं नरम बर्फ तक नहीं पहुँच गया मेरे प्यारे कश्मीर की।'

उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखने के दौरान हुए दर्द और उस प्रेरणा का भी उल्लेख किया जिसने उन्हें यात्रा जारी रखने में मदद की। राहुल गांधी ने कहा कि, "कुछ ही दिनों में, दर्द शुरू हो गया। मेरी पुरानी घुटने की चोट, जो फिजियोथेरेपी के घंटों के बाद खत्म हो गई थी, वापस आ गई। कुछ दिनों की सैर के बाद, मेरा फिजियो हमारे साथ आ गया, वह आया और मुझे उचित सलाह दी। दर्द बना रहा। और फिर मैंने कुछ नोटिस करना शुरू कर दिया। हर बार जब मैं रुकने के बारे में सोचता, हर बार जब मैं हार मानने के बारे में सोचता, कोई आता और मुझे जारी रखने की ऊर्जा उपहार में देता।'

बता दें कि, स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी करते हुए पुलिस कर्मियों ने वाहनों की जांच की। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत में विभिन्न प्रतिष्ठित इमारतों और स्मारकों को तिरंगे की रोशनी में रोशन किया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और इंडिया गेट रोशनी से जगमगा रहे क्योंकि शहर स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में डूबा हुआ है।

Bhojpur

Aug 15 2023, 14:32

पीएम मोदी के 2024 में लाल किले से तिरंगा फहराने वाले बयान पर विपक्ष हमलावर, लालू -खड़गे ने यूं किया पलटवार

#kharge-andlaluyadavreplyonpmnarendramodi_statement

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले पर 10वीं बार तिरंगा फहराया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि अगले 15 अगस्त को इसी लाल किले से देश की उपलब्धियों और विकास को जनता के सामने रखेंगे।प्रधानमंत्री अपने इस दावे पर घिरते नजर आ रहे हैं।2024 में फिर से लाल किले से तिरंगा फहराने के पीएम मोदी के दावे पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने तंज कसा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बी इस बयान पर पलटवार किया है।

पीएम मोदी के बयान पर लालू “लाल”

दरअसल, आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से पूछा गया कि पीएम नरेंद्र मोदी अगले साल लाल किले से तिरंगा फहराएंगे? इस पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लाल किले से अंतिम बार तिरंगा फहरा रहे हैं, अगली बार हम तिरंगा फहराएंगे।

अगली बार पीएम मोदी तिरंगा अपने घर पर फहराएंगे

पीएम मोदी के इस बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी झंडा तो फहराएंगे, लेकिन अपने घर पर। खरगे ने कहा कि हर इंसान कहता है कि मैं ही जीतूंगा. लेकिन जीताती तो जनता है। वे (मोदी) अहंकार की तरह बोल रहे हैं।

Bhojpur

Aug 15 2023, 13:58

लाल किले पर खाली रही कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की कुर्सी, कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर उठे सवाल, तो दिया ये जवाब

#khargeschairseenemptyatred_fort

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लालकिले पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर पक्ष-विपक्ष के नेता और सांसद लाल किले पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में कई दिग्गज और करीब दो हजार तक अतिथि शामिल हुए। हालांकि, इस दौरान एक कुर्सी खाली दिखाई दी। यह कुर्सी कांग्रेस के एक बड़े नेता की थी। जी हां, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कुर्सी इस समारोह के दौरान खाली दिखी। खरगे इस समारोह में शिरकत नहीं कर सके।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि खरगे को ठीक महसूस नहीं हो रहा था, इसलिए वह लाल किले पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस की तरफ से सफाई देते हुए बताया गया,'खरगे को अपने घर और कांग्रेस पार्टी दफ्तर में तिरंगा फहराना था। इसलिए वह लाल किला में होने वाले समारोह में शामिल नहीं हो पाए। अगर वे जाते तो वह घर वहां से जल्दी नहीं निकल सकते। उन्हें कम से कम दो घंटे तक वहां पर रहना ही पड़ता, वे कांग्रेस मुख्यालय में समय से ध्वजारोहण नहीं कर पाते।

लाल किला नहीं पहुंचने पर दी सफाई

लाल किले नहीं जाने का सवाल खरगे से किया गया तो उन्होंने अपनी आंखों की समस्या बताई। दूसरी बात उन्होंने कही कि मुझे घर पर प्रोटोकॉल के तहत झंडा फहराना था। फिर मुझे कांग्रेस ऑफिस आकर झंडा फहराना था। यहां तो मैं पहुंच ही नहीं सकता था। उनकी सिक्योरिटी इतनी टाइट है। पहले प्रधानमंत्री के जाने तक किसी को नहीं छोड़ते। आजकल होम मिनिस्टर के जाने तक नहीं छोड़ते। रक्षा मंत्री, स्पीकर... के बाद हम लोगों का नंबर लगता। इसलिए समय के अभाव और सिक्योरिटी की अड़चन थी। अब जैसा उन्हें छोड़ते हैं वैसा मुझे तो रास्ता नहीं देते।

खरगे का सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश

इस बीच खरगे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट के जरिए एक वीडियो संबोधन जारी किया। जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दीं। कहा कि लोकतंत्र और संविधान हमारी देश की आत्मा है। हम यह प्रण लेते हैं कि हम देश की एकता और अखंडता के लिये, प्रेम और भाईचारे के लिए, सौहार्द और सद्भाव के लिए लोकतंत्र और संविधान की स्वतंत्रता कायम रखेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बीआर अंबेडकर जैसे स्वतंत्रता प्रतीकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदानों का किया जिक्र

अपने वीडियो संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह जैसे अन्य कांग्रेस प्रधानमंत्रियों के योगदानों का जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी के आदर्श अटल बिहारी वाजपेयी का भी जिक्र किया। कहा कि हर प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी के साथ-साथ सभी प्रधानमंत्रियों ने देश के बारे में सोचा और विकास के लिए कई कदम उठाए।

नाम लिए बिना पीएम पर निशाना

पीएम मोदी का नाम लिए बिना खरगे ने कहा कि कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि देश पिछले कुछ वर्षों में विकसित हुआ है। लेकिन यह सच नहीं है। जब अंग्रेज देश छोड़कर चले गए, तो स्थिति ऐसी थी कि देश में एक सूई भी नहीं बनती थी। तब पंडित नेहरू बड़ी पहल की, इस्पात संयंत्र स्थापित किए, बांध बनाए, आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे संस्थान स्थापित किए। इंदिरा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री हरित क्रांति लेकर आए, भारत को आत्मनिर्भर बनाया। सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोकतंत्र का ढोल बजाते हैं, वे दूसरे तरफ विपक्ष का मुंह बंद कर देते हैं। आज लोकतंत्र को बहुत बड़ा खतरा है। संसद में विपक्ष की आवाज बंद कर दी जाती है, मेरा माइक बंद कर दिया जाता है।

Bhojpur

Aug 15 2023, 12:08

पीएम मोदी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण पर किया कड़ा प्रहार, भारत के विकसित देश बनने की राह में बताया सबसे बड़ा रोड़ा*

#pmmodiattackedcorruptionfamilialism_polarisation 

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के विकास में आने वाली सबसे बड़े रोड़ों का जिक्र किया। लाल किले पर तिरंगा लहराने के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों के सामने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहीं देश के विकास में आ रही बाधा की बात करते हुए परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के बहाने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में इन तीन बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सपनों को सिद्ध करने के लिए भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण का आंख में आंख डालकर सामना करने की बात कही।

मोदी का कमिटमेंट है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा-पीएम मोदी

लाल किले के प्राचीर से भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। इसने देश के सामर्थ्य को बुरी तरह नोंच लिया है। यह मोदी के जीवन का कमिटमेंट है, यह मेरे व्यक्तित्व की प्रतिबद्धता है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार से मुक्ति पानी है। इस देश में पिछले नौ साल में दस करोड़ लोगों को मैंने गलत फायदा उठाने से रोक दिया। ये दस करोड़ लोग वो थे, जिनका जन्म ही नहीं हुआ था। वे विधवा, वृद्ध, दिव्यांग हो जाते थे। दस करोड़ बेनामी चीजों को रोका है। भ्रष्टाचारियों की संपत्ति पहले की तुलना में 20 गुना ज्यादा जब्त की है। पीएम मोदी ने बताया कि इस सरकार ने सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए पिछली सरकारों की तुलना अदालत में ज्यादा चार्जशीट दायर की हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ नफरत का माहौल बनाना होगा। जैसे गंदगी हमारे मन में नफरत पैदा करती है, वैसे ही सार्वजनिक जीवन की इस गंदगी को भी दूर करना होगा।

देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'लोकतंत्र में यह कैसे हो सकता है, विशेष बल देकर राजनीतिक दलों के बारे में कह रहा हूं। यह बुराई है परिवारवादी पार्टियां। उनका मूल मंत्र है उनका राजनीतिक दल, परिवार का, परिवार के द्वारा और परिवार के लिए काम करे। परिवारवाद और भाई-भतीजावाद प्रतिभाओं के दुश्मन होते हैं। किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है।

तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा नुकसान किया है। सामाजिक न्याय को तबाह किसी ने किया है तो वह तुष्टीकरण की राजनीति ने किया है। इसने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया है। 

इनसे लड़ने के लिए संकल्प लेने का आहवान

इन तीन बुराइयों के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश को इनसे पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ने का संकल्प लेने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों से देश के लोगों की आकांक्षाओं का दमन होता है और ये बुराइयां लोगों के सामर्थ्य का शोषण करती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े, पसमांदा, आदिवासी, माता-बहनों को उनका हक दिलाने के लिए देश को इन तीन बुराइयों से मुक्ति पाना होगा।

Bhojpur

Aug 15 2023, 11:18

लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन, किये ये बड़े ऐलान

#independence_day_pm_modi_red_fort_speech

देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश के लोगों को संबोधित किया।इस दौरान पीएम मोदी ने लाल किले से नई योजनाओं का ऐलान किया, साथ ही कई वादे भी किए।साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन है, ऐसे में इस संबोधन के कई राजनीतिक मायने भी हैं।

-लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया कि वह सुनार, सुतार, राजमिस्त्री, बाल काटने वाले, औजारों-हाथों से काम करने वाले वर्ग को नई ताकत देने वाले हैं। इसके लिए वह विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना शुरू करेंगे।इसकी शुरुआत 13 से 15 हजार करोड़ रुपये से की जाएगी।

-पीएम मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि देश में अभी तक 10 हजार जन औषधि केंद्र थे, अब हम इस लक्ष्य को 25 हजार जन औषधि केंद्र तक पहुंचा रहे हैं और आने वाले वक्त में इस ओर काम शुरू हो जाएगा।

-पीएम ने ऐलान किया कि मोदी की गारंटी है कि आने वाले पांच साल में देश दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्था में शामिल होगा।

-शहरों में जो लोग किराये पर रहते हैं या जिनके पास अपना घर नहीं है या जो अनाधिकृत कॉलोनी में रहते हैं, उनको अपना घर बनाने के लिए बैंक से जो लोन मिलता है, उसके ब्याज में राहत दी जाएगी और इसके लिए जल्द योजना का ऐलान होगा।

-प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा नया लक्ष्य गांव में 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है, एग्रीकल्चर सेक्टर के जरिए हम वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप की ट्रेनिंग देंगे जिसमें महिलाओं को ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। हम गांव में महिलाओं को मजबूत करना चाहते हैं और इस ओर यह कदम अहम है।

Bhojpur

Aug 14 2023, 21:16

मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत वीर शहीद कवि कैलाश, स्वतंत्रता सेनानी रामसुभग सिंह,अंबिका सिंह को दी गई श्रद्धांजलि

आराः सोमवारः 14/08/23

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चल रहे मेरी माटी मेरा देश अभियान के जिला संयोजक रामदिनेश यादव के नेतृत्व मे सोमवार को 1942 भारत छोड़ो आंदोलन के नेता वीर शहीद कवि कैलाश के गाँव घोड़ादेई मे एक कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हे श्रद्धांजलि दी गई और उनके गाँव की मिट्टी को कलश मे एकत्रित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़हरा विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के समय अपने बाबा और बाबुजी के द्वारा सुनाए गए पीड़ा की कहानी को लोगो के साथ साझा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश मे एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश के इतिहास मे बिछुड़े स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके आँगन की मिट्टी से अमृत वाटिका बना रही है और उन्हे समुचित सम्मान देने का काम कर रही है। उन्होने कवि कैलाश के जीवन संघर्ष और अंग्रेजों द्वारा दी गई प्रताड़ना को बताते हुए कहा कि कवि कैलाश को अंग्रेज अपनी जय और गाँधी जी के क्षय बोलवाना चाहते थे,लेकिन उन्होने गाँधी जी की जय और अंग्रेजों का क्षय बोला।उन्हे गर्म पानी और विभिन्न तरह से प्रताड़ित कर मार दिया गया था।

स्वतंत्रता सेनानी रामसुभग सिंह के गाँव खजुरिया मे उनके आँगन की मिट्टी एकत्रित किया गया और उनके पौत्र अमित सिंह को अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया।

विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के गाँव धमार मे उनके आँगन की मिट्टी और उनके पिताजी अंबिका शरण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हे अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम मे ई. धीरेन्द्र सिंह,संजय कुमार सिंह,संतोष चंद्रवंशी, दीपक सिंह,धनंजय तिवारी,जैनुल आदि लोग थे।

कायमनगर बाजार से तिरंगा मार्च विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व मे निकाला गया।

देश की आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य मे बड़हरा के विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व मे तिरंगा यात्रा निकाली गई।

तिरंगा यात्रा मोटरसाईकिल द्वारा कायमनगर बाजार से देवरिया तक भारत माता की गगनचुंबी जयकार के साथ निकाली गई।

कार्यक्रम मे जिलाध्यक्ष दुर्गा राज,जिला उपाध्यक्ष ई. धीरेन्द सिंह सहित सैकड़ों युवा और भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए।

Bhojpur

Aug 14 2023, 21:15

स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2023 का आगाज

आरा स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2023 का आगाज,जिला के सनदिया पंचायत से आज पेय जल एवं स्वच्छता विभाग,जल शक्ति मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के कार्यो का आंकलन किया जा रहा है।

इस क्रम आज भोजपुर जिला में भी इस कार्य की शुरुआत हुई। भोजपुर जिला पहुँची स्वच्छ सर्वेक्षण के टीम के द्वारा आज सनदिया ग्रा. पं. का सर्वे संपन्न किया गया । ज्ञात हो कि यह सर्वे जिले के 9 प्रखंडो के 31 गाँवो में किया जाना है ।सर्वे के दौरान टीम के साथ जिला जल एवं स्वच्छता समिति के रौशन कुमार,पंचायत के मुखिया जी हरेन्द्र प्रसाद यादव,प्रखंड समन्वयक चंद्रदीप कुमार तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक लखनदीप दुबे आदि मौजूद रहे।

Bhojpur

Aug 14 2023, 21:13

स्वरोजगार से खुल रहे है रोजगार के नए अवसर

आरा सासाराम मेन रोड बुलेट शोरूम के पास महादेव मार्केट में अपना डिजिटल जोन का विधिवत उद्घाटन आरा नगर निगम मेयर प्रतिनिधि सरोज सिंह एवं जदयू जिला उपाध्यक्ष भोजपुर डॉ शशि कुशवाहा उर्फ सक्सेना जी ने संयुक्त रूप से किया अब सहर के लोगो को एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं प्राप्त होंगी और आज के वर्तमान समय में युवाओं की रुचि स्वरोजगार में बढ़ी है और इसके माध्यम से ये लोग आज दुसरो को रोजगार देने का काम कर रहे है वही सरोज सिंह ने कहा कि आज के इस डिजिटल युग मे इनका प्रयास सराहनीय है वही शशि सक्सेना ने कहा कि अब आरा शहर के लोगो का सारा काम एक ही क्लिक पर ही जायेगा इसके लिए इसके संचालक धन्यबाद के पात्र है इस मौके पर इस दुकान के प्रोपराइटर राकेश गुप्ता एवं सभी सहयोगियों को ढेर सारी शुभकामनाएं दी और एक ही छत के नीचे शादी विवाह के फोटोग्राफी मिक्सिंग लाइव मोबाइल एसोसिएट फ्लेक्स छपाई शादी विवाह गिफ्ट कई सामान उपलब्ध है इस मौके पर उपस्थित लोगों में राकेश कुमार गुप्ता कार्तिक पांडे साजन कुमार रोशन कुमार प्रदीप जी अनुज कुमार छोटू जी शहबाज राजा कुमार आदि मौजूद रहे