बगहा के शास्त्रीनगर में कलश यात्रा के साथ नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ शुरू।
![]()
बगहा, 21अप्रैल।बगहा शास्त्रीनगर के वार्ड नम्बर चौदह में नव कुण्डीय नव चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का शुभारम्भ शास्त्रीनगर स्थित माता गंड़की से जल भरकर कलश यात्रा निकालकर शुक्रवार से शुरु हो गयी है।
कलश यात्रा शास्त्रीनगर घाट से प्रारम्भ होकर बगहा नगर परिषद कार्यालय के परिसर से गुजरते हुए भगवान शंकर के शिवालय से परिक्रमा करते हुए गायत्री परिजन शारद्धा प्रसाद के घर पर जाकर समाप्त हो गयी।
कलश यात्रा शुभारम्भ और समापन पश्चात शांतिकुंज की आयी हुई टोली प्रमुख ऋषिवर धर्मेंद्र कुमार ने कलश यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी प्रकृति और शक्ति है, इसलिए पुरूष उसकी पूजा करता है।माता अन्नपूर्णा,माता लक्ष्मी, माता दुर्गा, सद्बुद्धि दात्री माता गायत्री के रूप हम सभी परम पिता परमात्मा की उपासना करते हैं।
वहीं अखिल विश्व गायत्री परिवार बगहा गायत्री शक्ति पीठ के मुख्य ट्रस्टी प्रो. अरविंद नाथ तिवारी ने बताया कि नौ कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक गायत्री परिजन शारद्धा प्रसाद के द्वारा किया जा रहा है।
यह यज्ञ युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार, उत्तराखंड के मार्ग दर्शन में सम्पन्न किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस यज्ञ के माध्यम से अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार 2023 वर्ष को नारी सशक्तिकरण वर्ष के रूप में मना रहा है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक,
संरक्षक एवं अभिभावक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ युग ऋषि प० श्रीराम शर्मा आचार्य एवं स्नेह सलिला परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के संरक्षण में मानव में देवत्य का उदय एवं धरती पर स्वर्ग के अवतरण के लिये किया जा रहा है।
यज्ञीय कार्यक्रम प्रातः 08. 00 बजे से शुरू होकर रात्रि 09. 00 बजे तक, प्रत्येक दिन सम्पन्न होगा। इस बीच नव कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में ज्ञान विज्ञान, देवपूजन, कार्यकर्ता गोष्ठी, संगीत प्रवचन, विभिन्न संस्कार सामूहिक पुंसवन संस्कार आदि नि:शुल्क सम्पन्न किये जायेंगे ।
Apr 21 2023, 21:19