यूपी में त्योहारों की सुरक्षा में तैनात होगी पीएसी की 34 कंपनी
लखनऊ और वाराणसी को दो-दो कंपनी, अयोध्या और चित्रकूट में विशेष सुरक्षा व्यवस्था
लखनऊ। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व को देखते हुए प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीएसी की 34 कंपनी और एक प्लाटून विभिन्न जिलों को आवंटित की गई है। यह बल प्रदेश के 45 कमिश्नरेट, जिलों और जीआरपी थानों में तैनात किया जाएगा। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी अधिकारियों को आवंटित बल का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पीएसी को प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा नियमित पैदल गश्त भी कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों को स्थानीय अभिसूचना तंत्र सक्रिय रखने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी करने को कहा गया है।आवंटन के तहत लखनऊ और वाराणसी को दो-दो कंपनी पीएसी दी गई हैं। कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद, आजमगढ़ और गोरखपुर को एक-एक कंपनी दी गई है। अलीगढ़ और अयोध्या को दो-दो कंपनी आवंटित की गई हैं।
आगरा, सहारनपुर, मथुरा और मीरजापुर को भी पीएसी बल उपलब्ध कराया गया है। मऊ को एक कंपनी और दो प्लाटून दिए गए हैं। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के लिए सात अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 27 निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक और 325 पुरुष व महिला मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पीएसी, आरएएफ, एटीएस, एनएसजी और एसडीआरएफ की टीमें भी सुरक्षा में लगाई जाएंगी। वहीं, चित्रकूट में दीपावली अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी आवंटित की गई हैं।
इसके साथ दो पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात उपनिरीक्षक, 40 यातायात पुलिसकर्मी, एक बम निरोधक दस्ता, दो एंटी सबोटाज जांच टीमें और एसडीआरएफ की एक टीम भी तैनात रहेगी। पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही न हो। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त कराई जाए, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.6k