/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png StreetBuzz दीवाली पर लौटे प्रवासियों को खिलाई फाइलेरियारोधी दवा lucknow
दीवाली पर लौटे प्रवासियों को खिलाई फाइलेरियारोधी दवा

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
- हरदोई एमडीए अभियान से पहले नेवर टेकन व प्रवासियों के लिए विशेष दवा सेवन अभियान शुरू
- यह विशेष अभियान 15 नवंबर तक चलेगा  कोथावां, सांडी, बिलग्राम और अहिरोरी ब्लाक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान संचालित होगा। इससे पहले नेवर टेकन यानी अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा न खाने वालों और दीवाली के अवसर पर घर वापस आ रहे प्रवासी लोगों को दवा खिलाने का अभियान गुरुवार से शुरू हो गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर हासबरौली पर प्रधान गीता देवी ने बूथ का इनॉग्रेशन किया। पहले प्रधान ने खुद दवा खाकर प्रवासी परिवारों के सदस्यों को दवा का महत्व समझाया और सभी लोगों से दवा खाने की अपील की। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) शमा खातून ने प्रवासी परिवारों के सदस्यों को दवा खिलाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द सचान ने बताया कि एमडीए के तहत स्वास्थ्यविभाग की टीमें घर-घर जाकर और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को अपने सामने फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगी। नोडल अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि दीवाली पर घर लौटे प्रवासियों और जिन लोगों ने पहले कभी दवा नहीं ली है, उन्हें फाइलेरिया से बचाने के लिए विभाग पूरी मुस्तैदी से जुटाहै। आगामी एमडीए अभियान से पहले ही विभाग की ओर से विशेष दवा सेवन अभियान की शुरुआत कर दी गई है। यह विशेष अभियान 15 नवंबर तक चलेगा।, 
दिल्ली में नहीं मिली दवा, हासबरौली आकर पहली बार खाई फाइलेरिया रोधी दवा
ग्राम हासबरौली निवासी 26 वर्षीय शालू बताती हैं,  हमारा परिवार अपनी आजीविका चलाने के लिए दिल्ली में काम करता है। वहां फाइलेरिया से बचाव की दवा नहीं खिलाई जाती है। आशा कार्यकर्ता वंदना सिंह और सेंटर फार एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) प्रतिनिधि ने फाइलेरिया रोधी दवा के सेवन से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मैंने पहली बार फाइलेरिया रोधी दवा खाई। यह दवा फाइलेरिया से बचने के लिए खिलाई जा रही है, सभी को इसे जरूर खाना चाहिए। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ता वंदना सिंह, पूजा देवी, सीमा देवी, रेनू, ममता और शांति सहित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्टाफ मौजूद रहा।
युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए तीन माह के पाठ्यक्रम शुरू करे मुक्त विश्वविद्यालय : राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश


प्रयागराज, 05 नवम्बर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति  आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के भ्रमण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश के युवाओं में ऐसे व्यावहारिक कौशल विकसित किए जाने चाहिए, जिनसे उन्हें रोजगार प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके। इस दिशा में मुक्त विश्वविद्यालय अपनी दूरस्थ शिक्षा प्रणाली और क्षेत्रीय केंद्रों के व्यापक नेटवर्क का प्रभावी उपयोग कर सकता है। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय तथा उसके क्षेत्रीय केंद्रों पर पर्याप्त स्थान एवं संसाधन उपलब्ध हैं। इनका सदुपयोग करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएँ। इससे युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के अवसर मिलने के साथ विश्वविद्यालय की छात्र संख्या में भी वृद्धि होगी।
इस संदर्भ में कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने भी सभी शिक्षकों को कौशल विकास से संबंधित पाठ्यक्रम के प्रस्तावों को तैयार करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर यह निर्धारित किया जाए कि किस क्षेत्र में कौन-सा कौशल प्रशिक्षण अधिक उपयोगी होगा। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय की अपेक्षाकृत कम छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नामांकन बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय को स्वयं नवाचारपूर्ण एवं व्यावहारिक सुझावों के साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य युवा पीढ़ी का कल्याण और उसके भविष्य को सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी को पूर्ण जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा तथा विश्वविद्यालय के उपयोगी एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक जनआवागमन वाले स्थानों पर विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों से संबंधित बैनर एवं पम्पलेट के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने आगामी नैक मूल्यांकन  में विश्वविद्यालय को अभी से व्यवस्थित तैयारियाँ प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व मूल्यांकन में चिह्नित कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर किया जाए तथा बेहतर ग्रेड प्राप्त करने के लिए शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत कार्यप्रणाली एवं अन्य आवश्यक मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने इस संबंध में विस्तृत प्रगति विवरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र से संचालित क्षेत्रीय केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अधिन्यास पुस्तिकाएँ जमा करने आए छात्र-छात्राओं से उन्होंने सीधे संवाद कर उनके करियर, अध्ययन संबंधी अनुभवों तथा विश्वविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित काउंसिलिंग कक्षाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों से उनकी सहभागिता के बारे में पूछा। राज्यपाल ने अवकाश के दिनों में भी काउंसिलिंग कक्षाओं का व्यवस्थित कार्यक्रम निर्धारित करने के निर्देश दिए, जिससे कार्यरत एवं अन्य व्यस्त विद्यार्थी इनका अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
क्षेत्रीय केंद्र के निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने क्षतिग्रस्त घोषित भवन के भूतल एवं प्रथम तल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के अनुरक्षण संबंधी कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी, प्रयागराज को भी भवन की क्षतिग्रस्त स्थिति के संबंध में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय आगमन पर कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के गंगा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजभवन के उच्चाधिकारी तथा विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र
जनसंपर्क अधिकारी
अक्षय गुर्जर बने राष्ट्रीय लोकदल के हस्तिनापुर क्षेत्रीय सचिव
क्षेत्रीय अध्यक्ष तिरसपाल मलिक ने की घोषणा, गन्ना समिति रामराज के डायरेक्टर अक्षय गुर्जर को नई जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों में खुशी

मेरठ। बहसुमा।राष्ट्रीय लोकदल ने संगठनात्मक विस्तार के तहत अक्षय गुर्जर को हस्तिनापुर क्षेत्र का क्षेत्रीय सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा क्षेत्रीय अध्यक्ष तिरसपाल मलिक ने की। अक्षय गुर्जर मूल रूप से गन्ना समिति रामराज, जिला मुजफ्फरनगर के डायरेक्टर हैं। उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

अक्षय गुर्जर को नई जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

अक्षय गुर्जर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। वह राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
युवा उत्सव में लोक संस्कृति, कला और रचनात्मक प्रतिभाओं का दिखा संगम


*जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं औराई विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को वुडवर्ड पब्लिक स्कूल, भदोही में एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के युवाओं ने लोक संस्कृति, कला, साहित्य एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी  शैलेष कुमार माननीय विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष  दीपक मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार तिवारी एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।

युवा उत्सव के अंतर्गत लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग एवं कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला, सृजनात्मक सोच, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति के आधार होते हैं। युवाओं में असीम ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार एवं सृजनात्मक क्षमता विद्यमान है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोककलाएं हमारी पहचान हैं। युवा पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। युवा उत्सव जैसे आयोजन नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा का निरंतर विकास करने और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

विधायक औराई दीनानाथ भास्कर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कला, संस्कृति एवं खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष  दीपक मिश्रा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक विधाएं हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में कविता लेखन की एक श्रेणी में प्रथम स्थान गरिमा पांडेय, द्वितीय स्थान सृष्टि तथा तृतीय स्थान अंकित सरोज ने प्राप्त किया। वहीं एक अन्य घोषित परिणाम में प्रथम स्थान आलो चटर्जी तथा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान कशिश मौर्या एवं श्रेया मौर्या ने प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में काशी नरेश विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रथम तथा वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भदोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला युवा अधिकारी, माय भारत तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर विभागीय कार्यालय के  आशुतोष गौतम,  प्रशांत दुबे, शशि प्रकाश तिवारी तथा पीआरडी स्वयंसेवक  रवि, विजय शंकर, श्री राजाराम, राजकुमार, श्री देवेंद्र प्रताप,  ऋतुराज,  विनय प्रताप सिंह सहित अन्य स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री रवि कुमार तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अतिथियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। युवा उत्सव ने जनपद के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।
पूर्व प्रधान निर्मल यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर 250 जरूरतमंदों को वितरित किए गए कंबल
भातकोल (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के भाटापारा ग्रामसभा के पूर्व प्रधान निर्मल यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर भातकोल स्थित बासमती देवी इंटर कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान करीब 250 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। आयोजकों ने कहा कि पूर्व प्रधान निर्मल यादव हमेशा समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहते थे। उनका पूरा जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा। उनकी स्मृतियों को संजोए रखने और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पुण्यतिथि पर यह सेवा कार्य किया गया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सच्ची पहचान उसके सामाजिक कार्यों और लोगों के प्रति समर्पण से होती है। निर्मल यादव ने अपने कार्यों से क्षेत्र में जो पहचान बनाई थी, उसे हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभिषेक यादव, अमरेश यादव, प्रमोद यादव, बिट्टू शर्मा, अरविंद मिश्रा, चंद्रजीत यादव, पप्पू उपाध्याय, लक्ष्मी गुप्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन के लिए आवेदन कर सकेंगे मतदाता*

*आवेदनों की जांच के बाद नियमानुसार होगी कार्रवाई, संशोधित सूची को सुरक्षित रखेगा जिला निर्वाचन कार्यालय*

*गोण्डा, 05 नवम्बर 2026* -  जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) गोण्डा द्वारा पंचायतों की निर्वाचक नामावली में नामों के परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा-9 (8) के प्रावधानों के अनुसार किसी ग्राम पंचायत के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि के बाद तथा निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने से पहले मतदाता सूची में कोई सुधार, नाम निष्कासन अथवा परिवर्धन नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्गत उत्तर प्रदेश पंचायत राज निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण (पूरक उपबन्ध) आदेश, 2005 के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा नाम विलोपित कराने की कार्यवाही की जा सकती है। इसके लिए किसी भी सामान्य निवासी से आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस प्रक्रिया के तहत परिवर्धित, संशोधित एवं विलोपित किए गए नामों की सूची सुरक्षित रखी जाएगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा-9 के प्रावधानों के अंतर्गत आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण की अधिसूचना जारी किए जाने पर जनपद स्तर से ऑनलाइन डाटा एंट्री कराई जाएगी तथा सुरक्षित सूची के अनुसार संबंधित मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं आयोग के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
दीपावली पर गोण्डा में सजेगा लघु माटीकला मेला, 07 नवंबर तक होगा आयोजन

*मिट्टी के दीये, खिलौने और बर्तनों की होगी प्रदर्शनी एवं बिक्री, कारीगरों को मिलेगा अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर*

*गोण्डा 05 नवम्बर 2026* - दीपावली के पर्व पर पारंपरिक माटीकला को बढ़ावा देने तथा स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, गोण्डा द्वारा लघु माटीकला मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले का शुभारम्भ प्रजापति पुरम, जानकी नगर, बहराइच रोड, गोण्डा में किया गया है। यह मेला 07 नवंबर 2026 तक चलेगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि मेले में माटीकला से जुड़े कारीगर, शिल्पी एवं उद्यमी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने के साथ उनकी बिक्री भी कर सकते हैं। मेले के माध्यम से मिट्टी से निर्मित पारंपरिक एवं उपयोगी उत्पादों को आमजन तक पहुंचाने और माटीकला से जुड़े कामगारों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर मिट्टी के दीये, खिलौने, बर्तन एवं अन्य माटीकला उत्पादों की खरीदारी करें तथा स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वदेशी एवं पारंपरिक कला को बढ़ावा दें।
मवाना में समाजवादी भाईचारा सम्मेलन, पीडीए और एकजुटता का दिया संदेश
पूर्व विधायक योगेश वर्मा के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर दिया जोर

मवाना, मेरठ। मवाना स्थित गार्डन सिटी मंडप में गुरुवार को समाजवादी भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पीडीए की भावना को मजबूत करने और समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समानता और सद्भाव को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि समाज की मजबूती एकता और परस्पर सम्मान में निहित है।
सम्मेलन में समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करना तथा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों सहित सभी समुदायों के बीच आपसी सहयोग और एकता का संदेश पहुंचाना रहा। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने से ही सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिल सकती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक योगेश वर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि भाईचारा केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज को जोड़कर रखने वाली महत्वपूर्ण भावना है। सभी लोगों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
सम्मेलन में बस्तोरा से मनोज प्रधान, इंद्रजीत, जयंत, अजय सागर, तोफापुर के प्रधान प्रदीप नागर, रवि, शिवान्या सिंगर, डॉ. अनिल कुमार और अजय हस्तिनापुर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान पीडीए की अवधारणा और समाजवादी भाईचारे को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने तथा संगठन के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक एकता, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने सामाजिक एकजुटता के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा।
छह साल पहले बेसहारा हुए परिवार की आज भी निभा रहे जिम्मेदारी, सांसद राजीव राय ने दिवाली पर पहुंचाई खुशियां
मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए एक बार फिर बड़ागांव निवासी स्व. बाबूलाल राजभर के परिवार के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

सांसद ने अपने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से परिवार को फल, मिठाई, कपड़े, पटाखे और आर्थिक सहायता भिजवाई।
सांसद राजीव राय के अनुसार, करीब छह वर्ष पूर्व बड़ागांव निवासी गरीब मजदूर बाबूलाल राजभर का अचानक निधन हो गया था।

उनके निधन के बाद सात मासूम बच्चों समेत 10 सदस्यों का परिवार आर्थिक संकट में आ गया था। परिवार की स्थिति इतनी दयनीय थी कि अंतिम संस्कार तक के लिए पैसे नहीं थे और रहने के लिए केवल एक कच्ची झोपड़ी थी।

ऐसे कठिन समय में राजीव राय ने परिवार की मदद का जिम्मा उठाया था। उन्होंने अंतिम संस्कार से लेकर परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, पक्के मकान के निर्माण और बेटी के विवाह तक में सहयोग किया। सांसद के मुताबिक, आज सभी बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और परिवार पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है।
खेत बचाओ अभियान: जैविक खाद अपनाने और मृदा संरक्षण पर वैज्ञानिकों ने किसानों को किया जागरूक
मऊ। खेतों की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भा.कृ.अनु.प.) के राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के वैज्ञानिकों की टीम ने खेत बचाओ अभियान के तहत ग्राम बबुआपुर का दौरा किया।

इस दौरान किसानों को जैविक खाद के उपयोग, मिट्टी की जांच, उन्नत बीजों के चयन और मृदा संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ. अंकित ने कहा कि हरित क्रांति ने भारत में कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन इसके साथ रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता भी बढ़ी है।

असंतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के लगातार इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने किसानों को गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट और हरी खाद के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया। साथ ही रासायनिक उर्वरकों का संतुलित मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने मिट्टी की जांच के लिए नमूने एकत्र करने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। किसानों को बताया गया कि खेत के 8 से 10 अलग-अलग स्थानों से लगभग 15 से 20 सेंटीमीटर की गहराई तक मिट्टी के नमूने लेकर उन्हें अच्छी तरह मिलाना चाहिए। इसके बाद परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजना चाहिए, ताकि मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की सही जानकारी मिल सके।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश राय ने किसानों को अच्छे बीजों का चयन, बीज उपचार, अंकुरण परीक्षण और सुरक्षित भंडारण की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बदलते मौसम और मिट्टी की परिस्थितियों के अनुसार उन्नत एवं नई बीज किस्मों को अपनाने पर जोर दिया।
वैज्ञानिकों ने मृदा संरक्षण के लिए फसल चक्र, मिश्रित खेती, मेड़बंदी, हरी खाद, मल्चिंग और वर्षा जल संरक्षण जैसी पारंपरिक तकनीकों के महत्व को भी समझाया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में गांव के कुल 54 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 43 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिकों ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, जैविक खाद अपनाने और नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराने की अपील की।
वैज्ञानिकों ने कहा कि मिट्टी की सेहत सुरक्षित रखने से न केवल फसल उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि खेती को अधिक टिकाऊ, सुरक्षित और लाभकारी भी बनाया जा सकेगा।
स्वस्थ मिट्टी, बेहतर फसल और सुरक्षित भविष्य ही टिकाऊ कृषि का आधार है।