राष्ट्रीय साइंस टेक्नो फेस्टिवल में प्रतिभा दिखाएंगे पूर्वांचल के विद्यार्थी, 31 सदस्यीय टीम गुजरात रवाना
- गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर के 23 विद्यार्थी व आठ शिक्षक-मेंटर होंगे शामिल
- डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन की पहल, अंकलेश्वर में 24-25 अक्टूबर को आयोजित होगा छठवां भारतीय साइंस टेक्नो फेस्टिवल
गोरखपुर। पूर्वांचल के विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के राष्ट्रीय मंच से जोड़ने की दिशा में डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन (DANSF), गोरखपुर की पहल रंग ला रही है। गुजरात के अंकलेश्वर में 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले छठवें भारतीय साइंस टेक्नो फेस्टिवल में प्रतिभाग करने के लिए पूर्वांचल के पांच जिलों के 23 विद्यार्थियों और आठ शिक्षकों एवं मेंटर्स की 31 सदस्यीय टीम गुजरात रवाना हो गई। टीम को लैब सॉल्यूशन्स के निदेशक संजीव कुमार, निगमा नंद अग्रहरि, दिनेश यादव, बृजेश यादव, अंजनी मिश्रा, आलोक साहनी, आकाश साहनी, राजेंद्र कुमार सहित अन्य सहयोगियों और नवापार के ग्रामीणों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस राष्ट्रीय आयोजन में पूर्वांचल के विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को प्रस्तुत करेंगे। फेस्टिवल के माध्यम से उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा अपने ज्ञान और अनुभव को विस्तार देने का अवसर मिलेगा। आयोजन में रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन, एपीजे अब्दुल कलाम नेशनल काउंसिल ऑफ यंग साइंटिस्ट, नेशनल काउंसिल ऑफ टीचर्स साइंटिस्ट और संकल्प दीप ट्रस्ट सहित कई संस्थाओं का सहयोग है।
- पांच जिलों के विद्यार्थियों का चयन
फेस्टिवल के लिए चयनित विद्यार्थियों में गोरखपुर से आदित्य यादव और अंशिका यादव, कुशीनगर से श्याम जी और अभिनव कुमार तथा महराजगंज से शुभम यादव, अमित विश्वकर्मा, काजल निषाद, कोमल जायसवाल, श्रेयांशी रौनियार और अंकित श्रीवास्तव शामिल हैं। इसी तरह बस्ती से दिव्यांश चौधरी, अमरमणि पांडे, आदित्य सोनी, अनंत पांडे, अरुण, तेजस राठौर और कृष्णा वर्मा का चयन हुआ है। सिद्धार्थनगर से दीपक कुमार, अवंतिका, शिवांगी, अनुज कुमार, आंचल, बिंद्रावती और नेहा को अवसर मिला है। चयनित विद्यार्थियों में आरपीआईसी, महराजगंज सहित पूर्वांचल के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
- वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर
फाउंडेशन की संस्थापक प्रिया यादव और सह-संस्थापक सरोज के नेतृत्व में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस पहल में डे एंड नाइट स्पेस इनोवेशन लैब्स प्राइवेट लिमिटेड, कुरत्रिम स्पेस टेक एलएलपी, भारत विज्ञान यात्रा, आरपीआईसी महराजगंज, कासिम इंटर कॉलेज सिद्धार्थनगर, स्मार्ट स्टडी क्लासेज कुशीनगर, प्रैक्सिस विद्यापीठ बस्ती, क्रिस्तुराजा पब्लिक जूनियर हाईस्कूल गोरखपुर, एसआरएल अकादमी सिद्धार्थनगर, लैब सॉल्यूशन्स हरियाणा, स्पेस टू स्पेस, कलाग्रह मध्य प्रदेश, इंडोप्लैनेटएक्स स्पेस वॉल्ट एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड रुड़की, ए.डब्ल्यू. इंटरप्राइजेज तमिलनाडु और केपी टेक्नो लाइफ अमरावती, महाराष्ट्र सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग रहा है।
- वैज्ञानिकों ने दी शुभकामनाएं
टीम की गुजरात रवानगी पर विज्ञान एवं खगोल विज्ञान से जुड़े अनेक विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। शुभकामना देने वालों में डॉ. चंद्रमौली जोशी, डॉ. जे.जे. रावल, डॉ. दिलीप भट्ट, डॉ. ए.सी. माथुर, डॉ. आलोक माथुर, डॉ. एस.पी. व्यास, इंजीनियर जयंत पी. जोशी, प्रो. हरिओम वत्स, प्रो. चंद्रमौली सोलंकी, प्रो. मुकेश कुमार, इंजीनियर वी.एन. राव रेड्डी, डॉ. राजेश ठाकुर, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. दुर्गेश शाही, जय प्रकाश ओझा, मनीषा सिंह, आनंदमई पांडे, शोभा चौहान, शालिनी त्रिपाठी और खगोलविद अमर पाल सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
फाउंडेशन के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में भागीदारी से विद्यार्थियों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक गतिविधियों को समझने, अपने विचार साझा करने तथा नवाचार के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलेगा। संस्था को उम्मीद है कि यह अनुभव पूर्वांचल के विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
Oct 22 2026, 19:20
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.6k