जनपद मऊ -: तमसा नदी का बढ़ा जलस्तर, बच्चों के नदी में नहाने से हादसे का खतरा
![]()
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बरसात के कारण तमसा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
नदी का पानी बढ़ने से राजघाट और रामघाट सहित नदी किनारे बने प्राचीन शिव मंदिर की सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। इसके बावजूद आसपास के नन्हे-मुन्ने बच्चे जान जोखिम में डालकर नदी में नहाने और छलांग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
बच्चों की इस लापरवाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस टीम द्वारा सुबह, दोपहर और शाम कई बार तमसा नदी के किनारे पहुंचकर राजघाट, रामघाट तथा आसपास के घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इस दौरान नदी में नहाते और पानी के समीप घूमते बच्चों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों वह उनके घरों को भेजा जा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों पर फिसलन भी बढ़ गई है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस लगातार लोगों को नदी में न जाने और बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की हिदायत दे रही है। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें तमसा नदी में नहाने अथवा जलमग्न घाटों पर जाने से रोकें। प्रशासन की सक्रियता का उद्देश्य नदी में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।








Sep 06 2026, 17:23
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2