इंदौर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि
इंदौर। मध्यप्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य कैडेट फेंसिंग ट्रायल्स 2026 का आयोजन 09 मई 2026 को भोपाल स्थित टाट्या टोपे स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में इंदौर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए वॉरियर जर्नी डोजो के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में डोजो के चार खिलाड़ियों — वैष्णवी बोरकर (फॉइल गर्ल्स), नुर्वी जोशी (सेबर गर्ल्स), हृदिमा जगताप (सेबर गर्ल्स) एवं अश्विन राठौर (फॉइल बॉयज़) ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में वैष्णवी बोरकर एवं नुर्वी जोशी ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-4 में स्थान प्राप्त किया तथा 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए चयनित हुईं। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 28 मई 2026 तक रुद्रपुर, उत्तराखंड में आयोजित होगी। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से इंदौर जिले एवं वॉरियर जर्नी डोजो में हर्ष का माहौल है।
वहीं हृदिमा जगताप एवं अश्विन राठौर ने भी ट्रायल्स में शानदार खेल भावना, अनुशासन एवं संघर्षपूर्ण प्रदर्शन दिखाया। हालांकि वे चयन से थोड़ा पीछे रह गए, लेकिन उनके प्रदर्शन की उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा सराहना की गई।
प्रतियोगिता के दौरान मध्यप्रदेश फेंसिंग संघ के सचिव श्री डी.के. विद्यार्थी एवं अकादमी कोच विक्रम अवॉर्डी श्री भूपेंद्र सिंह राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रशिक्षक करण साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम आज पूरे इंदौर जिले को गौरवान्वित कर रहा है। वहीं कोच हरिओम परमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार नई सफलताएं प्राप्त कर रहे हैं।
वॉरियर जर्नी डोजो निरंतर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने हेतु कार्य करता रहेगा।















May 11 2026, 16:16
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.2k