कब घर लौट रहे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, ISS से वापसी का काउंटडाउन शुरू
#indianastronautshubhanshushuklahomecoming
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। शुभांशु शुक्ला और उनके तीन साथियों की पृथ्वी पर वापसी अब नजदीक है।शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर गए थे। इन अंतरिक्ष यात्रियों का 14 दिन का मिशन था, जो पूरा हो चुका है। फिलहाल शुभांशु शुक्ला समेत अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के पृथ्वी पर लौटने का इंतजार है।
![]()
15 जुलाई को होगा स्प्लैशडाउन
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को एक्सिओम-4 इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन मिशन से जुड़ा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि शुभांशु शुक्ला 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे (भारतीय समयानुसार) पृथ्वी पर लौट सकते हैं। जानकारी के अनुसार, शुभांशु 14 जुलाई को आईएसएस से वापसी की यात्रा शुरू करेंगे। 14 जुलाई को दोपहर 4:35 बजे (भारतीय समय) पृथ्वी वापसी की यात्रा पर रवाना होंगे। उनका ‘क्रू ड्रैगन’ यान धरती के वायुमंडल में धीरे-धीरे प्रवेश करेगा और फिर 15 जुलाई को अमेरिका के कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में स्प्लैशडाउन करेगा।
एक्सिओम-4 टीम ने कई अहम एक्सपेरिमेंट किए- नासा
नासा के मुताबिक, एक्सिओम-4 टीम ने शुक्रवार को कई अहम प्रयोग किए। पहले जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान के तहत रक्त के नमूने लिए गए। इसके बाद माइक्रोएल्गी का अध्ययन किया गया, जो अंतरिक्ष में भोजन और जीवन समर्थन प्रणाली का संभावित स्रोत है। साथ ही नैनोमटेरियल्स का अध्ययन किया गया। ये ऐसे वियरेबल डिवाइस के विकास में सहायक हैं, जो क्रू की सेहत पर लगातार नजर रख सकते हैं।
क्या बोले शुभांशु शुक्ला के पिता
शुभांशु शुक्ला के पिता ने कहा, वो जल्दी से जल्दी वापस आ आए, हम लोगों को बहुत खुशी है. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वो सकुशल वापस आ जाएं। हमारी दुआएं उनके साथ हैं। जब मेरी बात उनसे हुई थी, तब वो बिल्कुल ठीक थे। उन्होंने बताया कि हमारे सभी काम समय पर हुए। कोई दिक्कत नहीं होगी। वहां लैब कैसी है? सोते कहां हैं? सूरज कैसे उगता है? यह सब कुछ उन्होंने हमें दिखाया। बड़ा अच्छा लगा उन्हें वहां प्रसन्न देखकर। यह हमारे लिए गर्व का पल है। हम अच्छी तरह उनका स्वागत करेंगे। उनका सम्मान करेंगे।
11 hours ago