हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के नेता चुन्नू शर्मा का जहानाबाद विधायक पर तीखा हमला, तेजस्वी यादव पर भी कसा तंज
जहानाबाद, बिहार हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के नेता रितेश शर्मा उर्फ़ चुन्नू शर्मा ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान जहानाबाद के विधायक सुदय यादव और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता अब सिर्फ 17 महीने नहीं, बल्कि पूरे साढ़े सात साल का हिसाब मांगेगी।
चुन्नू शर्मा ने स्थानीय विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि जहानाबाद का विकास पूरी तरह ठप हो गया है और विधायक ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा, "जनता अब जागरूक हो चुकी है, और वह विधायक सुदय यादव से उनके कार्यकाल का विस्तृत हिसाब जरूर लेगी। अब कोई बहाना नहीं चलेगा।"
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव को भी आड़े हाथों लिया। हाल ही में तेजस्वी द्वारा आयोगों में परिवारवाद पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए शर्मा ने कहा, "तेजस्वी यादव को परिवारवाद पर बोलना शोभा नहीं देता, क्योंकि उनका पूरा राजनीतिक करियर और परिवार इसी संस्कृति से जुड़ा रहा है। वर्षों तक सत्ता में रहकर उनके परिवार ने केवल अपने हितों को प्राथमिकता दी है।"
चुन्नू शर्मा ने संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और जनता के असल मुद्दों, जैसे विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद समर्थकों ने भी जिले की समस्याओं को उजागर करते हुए मौजूदा विधायक की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव बदलाव की भूमिका तय करेगा और जनता विकास करने वाले उम्मीदवार को ही मौका देगी।
Jun 24 2025, 20:22