राजधानी पटना की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जुड़ी दो बड़ी सुविधाएं, सीएम नीतीश कुमार ने मल्टी मॉडल हब और भूमिगत पाथवे का किया लोकार्पण
डेस्क : राजधानी पटना की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में
शनिवार को दो बड़ी सुविधाएं जुड़ गईं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 84.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पटना जंक्शन के समीप भूमिगत पथ (सब-वे) का लोकार्पण किया। उन्होंने रिमोट से मल्टी मॉडल हब से बसों एवं यात्री वाहन के परिचालन का शुभारंभ किया।
यह पटना जंक्शन के पास से प्रारंभ होकर जीपीओ गोलम्बर तक जाता है, जिसकी लम्बाई 440 मीटर है। भविष्य में इस भूमिगत पथ को निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ने की योजना है। इस परियोजना में जीपीओ गोलंबर के नजदीक 66.81 करोड़ से मल्टी मॉडल हब का निर्माण किया गया है जहां बस, ऑटो, टैक्सी एवं निजी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्टी मॉडल हब से आवागमन आसान होगा। यही नहीं पैदल यात्रियों को सुविधा भी होगी। इस क्रम में सीएम ने नवनिर्मित भूमिगत पैदल यात्री मार्ग का निरीक्षण किया। ट्रैवेलेटर, एस्केलेटर आदि का जायजा लिया और यात्री सुविधाओं तथा कनेक्टिविटी के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत होने से पटना जंक्शन और इसके आसपास के इलाकों में भीड़भाड़ कम होगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी। जीपीओ गोलम्बर के नजदीक मल्टी लेवल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने हेतु भूमिगत पैदल यात्री मार्ग का निर्माण कराया गया है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पटना जंक्शन परिक्षेत्र के अन्तर्गत यातायात व्यवस्था को विकसित करना है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान पार्षद नीरज कुमार, विधान पार्षद रविन्द्र प्रसाद सिह, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त अनिमेश परासर आदि मौजूद थे।
May 18 2025, 11:17