भारतीय सेना में नीरज चोपड़ा को मिला बड़ा पद, बने लेफ्टिनेंट कर्नल
#neerajchoprahonoraryrankinterritorialarmy
![]()
ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की ऑनररी रैंक से सम्मानित किया गया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से एक नोटिफिकेशन जारी कर ये जानकारी दी गई है।
रक्षा मंत्रालय की ओर से बुधवार 14 मई को एक नोटिफिकेशन के जरिए इसका ऐलान किया गया। राष्ट्रपति ने 9 मई को इस नोटिफिकेशन में इसका ऐलान किया। रक्षा मंत्रालय की इस अधिसूचना के मुताबिक नीरज राष्ट्रपति ने टेरिटोरियल आर्मी रेगुलेशन के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए नीरज चोपड़ा को मानद लेफ्टिेंट कर्नल की रैंक से सम्मानित किया है। नीरज की ये रैंक 16 अप्रैल 2025 से ही लागू हो गई थी।
नीरज चोपड़ा को भारत की टेरिटोरियल आर्मी रेगुलेशन, 1948 के Para-31 के तहत शामिल किया गया है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक दी है। इससे पहले नीरज राजपूताना राइफल्स में सूबेदार के पद पर थे। नीरज 2016 में नायब सूबेदार के पद पर भारतीय सेना में शामिल हुए थे।
नीरज गोल्ड मेडल जीतकर रच चुके हैं इतिहास
नीरज टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के लिए जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। वह देश के लिए व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले ट्रैक एंड फील्ड एथलीट बने थे। नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर की दूरी के साथ पहला स्थान हासिल कर गोल्ड अपने नाम किया था। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए पहला गोल्ड जीता था। नीरज चोपड़ा ने जहां टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता। वहीं पेरिस ओलंपिक 2024 में भी नीरज भारत के लिए सिल्वर मेडल लेकर आए।
इन दिग्गजों को भी मिल चुका है सम्मान
ये पहला मौका नहीं है जब किसी खिलाड़ी को राष्ट्रपति ने टेरिटोरियल आर्मी में इस रैंक से सम्मानित किया है। भारत को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव को लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया था। फिर 2011 में एमएस धोनी और अभिनव बिंद्रा को भी ये सम्मान मिला था। वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भारतीय वायु सेना ने ऑनररी ग्रुप कैप्टन बनाया था।
May 15 2025, 10:12