आतंकवाद के खिलाफ जंग : बिहार में सुरक्षा सख्त, सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की छुट्टियां रद्द
डेस्क : बीते अप्रैल माह में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में तनातनी चल रही है। बीते गुरुवार को पाकिस्तान की ओर से देश के कई शहरों पर कायराना हमले के बाद अब हालात बदल चुके है। पाकिस्तान के हमले को नाकाम करने के बाद भारतीय सेना द्वारा जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई बड़े शहरों पर जवाबी हमले किये गए है। हालात युद्ध जैसे बन गए है।
इधर आतंकवाद के खिलाफ आपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में बिहार में सुरक्षा सख्त कर दी गई है। सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीमावर्ती जिलों में कड़े सुरक्षा प्रबंध और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते गुरुवार शाम मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, राज्य के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा और डीजीपी विनय कुमार समेत अन्य आलाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में हर संदिग्ध व्यक्ति तथा वस्तु पर कड़ी नजर रखने को कहा है। खासकर सीमावर्ती जिलों में तमाम एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री खुद 10 मई को पूर्णिया में राज्य के सीमावर्ती जिलों के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों व कर्मियों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों तथा कर्मियों की छट्टियां रद्द कर दी गयी हैं। स्वास्थ्य विभाग एवं कानून व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है। सीएम की इस उच्चस्तरीय बैठक के बाद सामान्य प्रशासन और पुलिस मुख्यालय ने अलग-अलग आदेश जारी कर 8 मई से अगले आदेश तक के लिए छुट्टियां रद्द करने की अधिसूचना भी जारी कर दी। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार उपस्थित थे।
भारत-पाकिस्तान के बीच गहरे तनाव की स्थिति को देखते हुए बिहार से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। राज्य की करीब 729 किमी लंबी सीमा नेपाल के साथ लगती है। इसके साथ पश्चिम बंगाल होकर बांग्लादेश की सीमा भी बिहार को छूती है।
10 hours ago