बिहार में आज पहली बार ओलंपिक की तर्ज पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स का होगा भव्य आगाज, सीएम करेंगे उद्घाटन
डेस्क : बिहार में आज रविवार को पहलीबार ओलंपिक की तर्ज पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य आगाज होगा। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शाम छह बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका शुभारंभ करेंगे। इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी उपस्थित रहेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना विडियो संदेश देंगे।
इस आयोजन के लिए पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का खेल मैदान पूरी तरह सजधज कर तैयार हो चुका है। उद्घाटन समारोह में एथलीटों की परेड से लेकर मशाल प्रज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बिहार के विकास गाथा की प्रस्तुति होगी।
आज 4 मई से 15 मई तक बिहार के पांच जिले पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय और भागलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की स्पर्धाएं होंगी। इनमें सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से 8500 खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक और उनके सपोर्ट स्टाफ शिरकत कर रहे हैं। बिहार के भी 450 खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेलो इंडिया गेम्स का रंगारंग आगाज और खेल देखने के लिए दर्शकों का प्रवेश दो नंबर गेट से नि:शुल्क होगा। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दर्शकों के लिए बैठने की क्षमता 15 से 20 हजार की है। खेलों का लाइव प्रशासन डीडी स्पोर्ट्स पर होगा। दर्शकों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजार किए गए हैं।
राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इसके कवरेज के लिए पहली बार इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की मीडिया टीम बिहार आ रही है।
May 04 2025, 11:23