बिहार में बदला मौसम का मिजाज, पटना समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ हो रही बारिश
डेस्क : बिहार का मौसम इन दिनों करवट ले चुका है। पिछले तीन दिनों से आंधी-बारिश की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में आज सुबह से ही राजधानी पटना का मौसम बदल हुआ नजर आ रहा है।
बुधवार को चार डिग्री तक पारा चढ़ा। वहीं आज गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हो रही है। वहीं कुछ जगहों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट है। अभी राज्य में कहीं भी अत्यधिक गर्मी जैसी स्थिति नहीं होगी।
राज्य में सर्वाधिक तापमान का आंकड़ा तीन मई तक 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार चार मई तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है। बुधवार को पटना व आसपास इलाकों में धूप-छांव की स्थिति बनी रही। गुरुवार को दिन के पूर्वार्द्ध में गर्मी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बारिश हो सकती है। गुरुवार को जमुई, भागलपुर, नवादा में आंशिक बारिश के प्रबल आसार हैं।
बुधवार को नालंदा, पटना के आसपास, अररिया व वैशाली में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। नालंदा के हिलसा में 1.4 मिमी, पटना के फतुहा में 1.2 मिमी, नालंदा के अस्थावां में 1.2 मिमी, अररिया में एक मिमी, वैशाली में 0.5 मिमी, पटना के दनियावां में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बुधवार को बक्सर, डेहरी को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
May 01 2025, 10:07