मौसम का हाल : पटना में आज छाए रहेंगे बादल, इन 15 जिलों में वज्रपात-आंधी का अलर्ट
डेस्क : बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा। मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। सोमवार को पूर्वी बिहार और तराई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। ठंडी हवाओं के साथ मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दिन और रात में लोगों को राहत मिल रही है। रात में हल्की ठंड भी महसूस हो रही है।
![]()
राज्य के 15 जिलों में आज मंगलवार को ठनका गिरने और आंधी चलने की चेतावनी है। वहीं प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। पटना में बादल छाया रहेगा और छिटपुट बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम में 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भागलपुर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बांका को छोड़कर प्रदेश के सभी जगहों पर बारिश हुई। इस दौरान दरभंगा के हायाघाट में सबसे अधिक 74 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गोपालगंज जिले के एक-दो जगहों पर हवा चली। वहीं, राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 और अधिकतम तापमान में 2 से 10 डिग्री की गिरावट आई। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 18.4 डिग्री सेल्सियस के साथ दरभंगा और 40 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रोहतास का डेहरी रहा। प्री-मानसून सीजन के दौरान राज्य में 28 अप्रैल तक सामान्य से 119 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
Apr 29 2025, 11:11