सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता कैबिनेट की हुई बैठक, इन 34 एजेंडों पर लगी मुहर
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कई एजेंडों पर मुहर लगी। नीतीश कैबिनेट की बैठक सुबह 11 बजे से पुराने सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में हुई। हालांकि पहले यह बैठक शाम 4 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अंतिम समय में इसका समय बदल दिया गया।
लगभग 17 दिनों के बाद आज कैबिनेट की बैठक हुई। इसके पहले 8 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक हुई थी। जिसमें कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगी थी। वहीं आज कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगी है।
कैबिनेट ने खेल विभाग को लेकर अहम फैसला लिया है। जिसके तहत बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न श्रेणियों में कुल 244 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे विश्वविद्यालय की कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के तहत प्रदेश के आठ अंचलों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के लिए कुल 526 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई। इनमें 422 पद शिक्षक श्रेणी (प्रत्येक महाविद्यालय के लिए एक प्रधानाचार्य सहित) तथा 104 पद शिक्षकेत्तर श्रेणी में होंगे। ये कॉलेज पश्चिम चंपारण, वैशाली, बेगूसराय, गया, कैमूर, बांका, मुंगेर और जमुई जिलों में खोले जाएंगे।
कैबिनेट की बैठक में पटना के महाधिवक्ता कार्यालय के लिए विभिन्न कोटि के 34 स्थायी पद तथा संविदा आधारित 06 पद अर्थात कुल 40 (चालीस) पदों के सृजन की स्वीकृति मिली है। इन 40 पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरु होगी।
कैबिनेट ने बिहार पशु चिकित्सा सेवा संवर्ग के अंतर्गत पूर्व स्वीकृत 2159 पदों के पुनर्गठन की मंजूरी दी। यह पुनर्गठन निर्धारित नियमावली और पदानुक्रम के अनुसार किया जाएगा।
Apr 25 2025, 14:20