नीलम शिंदे के परिवार को मिला अमेरिका का वीजा, सड़क हादसे के बाद से कोमा में है भारतीय छात्रा
#father_of_indian_student_in_coma_gets_us_visa
अमेरिका में दुर्घटना के बाद कोमा में गई महाराष्ट्र की छात्रा के परिवार को वीजा मिल गया है। इससे पहले भारतीय छात्रा के परिवार ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। उनके पिता ने विदेश मंत्रालय से इमरजेंसी वीजा की अपील की थी। नीलम शिंदे कैलिफोर्निया में सड़क दुर्घटना के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। नीलम महाराष्ट्र के सातारा जिले की रहने वाली हैं। 4 साल से अमेरिका में रह रही हैं।
नीलम शिंदे को 14 फरवरी को कैलिफोर्निया में कार ने टक्कर मार दी थी।उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हैं। सिर में गंभीर चोट है।नीलम तानाजी शिंदे वर्तमान में कैलिफोर्निया के अस्पताल में कोमा की हालत में भर्ती हैं।नीलम के मस्तिक का ऑपरेशन होना है। इसके लिए परिवार का होना जरूरी है। ऐसे में महाराष्ट्र में रहने वाले उसके पिता अमेरिका जाने के लिए अर्जेंट वीजा की मांग की थी और केंद्र सरकार से मदद की मांगी थी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बुधवार को इस मामले को उठाया था। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, छात्रा नीलम शिंदे अमेरिका में दुर्घटना में घायल हो गई हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुले ने कहा, उनके पिता तानाजी शिंदे, सतारा, महाराष्ट्र से हैं, चिकित्सकीय आपातकाल स्थिति के कारण उन्हें अपनी बेटी से मिलने की तत्काल आवश्यकता है। तानाजी शिंदे ने अमेरिका जाने के लिए तत्काल वीजा के वास्ते आवेदन किया है और उन्हें सहायता की आवश्यकता है।
नीलम के परिवार के अनुसार, 14 फरवरी को वह शाम की सैर पर निकली थी, जब हादसे का शिकार हो गई। परिवार ने बताया कि यह हिट-एंड-रन मामला था। एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी, जिससे उनके दोनों हाथ, पैर, सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं हैं। दुर्घटना के बाद भारतीय छात्रा को कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में सी डेविस मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
नीलम शिंदे उच्च शिक्षा हासिल करने अमेरिका गई थी। वे वहां कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में चौथे वर्ष की छात्रा थीं। नीलम शिंदे पिछले चार साल से अमेरिका में रह रही हैं। वे मास्टर ऑफ साइंस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं। एक साल पहले ही ब्रेन ट्यूमर से नीलम की मां का निधन हो चुका है।
Feb 28 2025, 14:36