जेएसएससी की ओर से आयोजित सीजीएल परीक्षा को लेकर नेट बंदी से पूरा झारखंड रहा प्रभावित
झा. डेस्क
रांची : जेएसएससी की ओर से आयोजित सीजीएल परीक्षा-2023 में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सूबे में साढ़े 5 घंटे मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने से शनिवार को लोगों के जरूरी कार्य के साथ व्यापार-कारोबार पर असर दिखा।
आम लोग मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन टिकटिंग जैसी सेवाओं के लिए परेशान रहे। करीब साढ़े 5 घंटे तक यूपीआई लेनदेन नहीं होने से व्यवसायी और ग्राहक दोनों परेशान हुए। सेल्स कारोबार भी काफी ज्यादा प्रभावित हुआ। व्यवसायियों ने कहा कि मोबाइल इंटरनेट बंद होने से साढ़े पांच घंटे तक ऑर्डर लेने का काम ठप रहा। ऑनलाइन लेनदेन भी नहीं कर सके। इससे करोड़ों का कारोबार प्रभावित हुआ।
फूड डिलीवरी सबसे ज्यादा प्रभावित
नेटबंदी का असर ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवा पर भी पड़ा। इस क्षेत्र में काम करने वाले साढ़े पांच घंटे तक परेशान रहे। इसका नुकसान गीग वर्कर्स को भी उठाना पड़ा। फूड डिलीवरी कंपनी के एक राइडर ने बताया कि अधिकांश ऑर्डर 9 से एक बजे के बीच मिलते हैं। लेकिन नेटबंदी से शनिवार को सामान्य दिन की तुलना में आधे से भी कम ऑर्डर मिले। गौरतलब है कि सिर्फ रांची में 1200 से अधिक गीग वर्कर्स हैं।
कई संस्थान प्रभावित
प्रखंड और आसपास के इलाकों में लगभग आठ घंटे नेट बंद रहने से हजारों उपभोक्ता सहित आम लोग परेशान रहे। वहीं नेट सेवा बंद रहने से प्रखंड, अंचल, बैंक, इटकी यक्ष्मा आरोग्यशाला, प्रज्ञा केंद्र सहित सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में काम पूर्ण रूप से बाधित रहा। क्षेत्र में सुबह साढ़े छह बजे से नेट सेवा बंद कर दी गई थी। इस दौरान मोबाइल पर नेट नहीं चलने से उपभोक्ता परेशान होकर एक-दूसरे से नेट नहीं चलने की जानकारी लेते नजर आए। प्रज्ञा केंद्र और बैकों में लोगों काफी भीड़ लगी रही। लगभग 1.45 बजे दोपहर में विभाग द्वारा नेट सेवा बहाल की गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और अपने काम में जुट गए।
एक संदेश से शाम से रात तक मची रही अफरा-तफरी
रांची। शनिवार की शाम में लोगों के मोबाइल पर एक संदेश प्रसारित किया गया। जिसमें लिखा था कि रविवार की सुबह चार बजे से शाम साढ़े तीन बजे तक इंटरनेट की सभी सेवाएं बंद रहेंगी। इस समय आप इंटरनेट संबंधी किसी भी सेवा का उपयोग नहीं कर पाएंगे। यह संदेश पढ़ते ही लोग इसे सत्यापित करने के लिए एक-दूसरे को फोन करने लगे। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शनिवार को ही इंटरनेट सेवा ठप होने से लोग परेशान थे। एक दिन और परेशानी की बात पर वे असमंजस में थे।
गौरतलब है कि सरकार के निर्देश के अनुसार रविवार को भी झारखंड में सुबह 8 से दोपहर डेढ़ बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। इस दौरान मोबाइल उपभोक्ता केवल वाइस कॉल कर सकेंगे। ब्रॉडबैंड सेवा चालू रहेगी।
Sep 22 2024, 14:35
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
7.8k