*दिल्ली-यूपी-बिहार समेत मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा, आईएमडी ने जारी की चेतावनी, सोमवार तक 3 डिग्री और बढ़ेगा तापमान*
#imdalerttemperature_increase
अब सर्दियों की विदाई होने वाली है। ठंडी तेज हवाओं के चलने का सिलसिला अब थम चुका है। अब बस सुबह शाम थोड़ी ठंड महसूस हो रही है और दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है।दिल्ली-बिहार-यूपी-एमपी सहित मैदानी राज्यों में अब धीरे-धीरे तापमान में रोज बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में अगले दो-तीन दिनों तक कोई खास बदलाव तो नहीं दिखेगा लेकिन उसके बाद तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ने लगेगी।
सोमवार तक 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है तापमान
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सोमवार तक इसके और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है।मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत में अधिकतम तापमान बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस और सोमवार तक इसकी 32 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, हवा में नमी का स्तर 33 से 79 प्रतिशत रहा।
न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की संभावना
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की उम्मीद है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 21 फरवरी तक बढ़कर 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी ने शुक्रवार को जारी एक अपडेट में कहा कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज और कल हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा अंडमान निकोबार और कुछ दक्षिणी राज्यों में भी अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, पंजाब और हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर शनिवार, 18 फरवरी को न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।








Feb 18 2023, 16:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k