*भदोही में जर्जर दीवार गिरने से दो भाइयों की मौत, अभी कुछ दिन मुंबई से आये थे घूमने*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले में एक बड़ा ही दर्दनाक हादसा सामने आया है। हादसे में एक परिवार का पल भर में घर का चिराग बुझ गया। हुआ यूं कि जर्जर दीवार गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। दोनों बच्चे साइकिल से अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। लोग मलबे से दोनों बच्चों को निकालकर अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट उपरवार गांव की है। बीती रात 13 साल का प्रथमेश शर्मा, अपने छोटे भाई मयंक 9 साल के साथ साइकिल से घर जा रहा था। घर के पास स्थित एक मकान की दीवार को मकान मालिक द्वारा गिराया जा रहा था। इसी दौरान एक दीवार दोनों बच्चों के ऊपर गिर गई। आनन-फानन कें किसी तरह से दोनों को परिजनों और ग्रामीणों ने निकाला। इसके बाद उन्हें लेकर रात में ही एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों की मौत हो गई। बताया जाता है कि बच्चे अपने पिता के साथ मुंबई में रहते हैं, कुछ दिन पहले गांव आए थे।
एसपी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि जर्जर मकान को गिराने के दौरान दीवार बच्चों पर गिरी थी। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं दो सगे भाइयों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक बच्चों के पिता अमरेश शर्मा मुंबई में रहते हैं। बीते दिनों वह अपने घर वापस आए थे।
Feb 08 2023, 16:06