लॉयंस क्लब इंटरनेशनल की भव्य कार रैली ने दिया सेवा और जनजागरण का संदेश
37 विंटेज एवं आधुनिक कारों ने लिया हिस्सा, शहरवासियों ने तालियों से किया भव्य स्वागत
प्रयागराज। लॉयंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-E द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं जनजागरण के उद्देश्य से भव्य कार रैली का आयोजन किया गया। आकाशवाणी प्रसार भारती परिसर से प्रारंभ हुई इस रैली को पुलिस कमिश्नर प्रयागराज पीयूष मोडिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने लॉयंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आयोजन की प्रशंसा की।
रैली में 37 विंटेज एवं आधुनिक कारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कारों पर लॉयंस क्लब इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा अभियानों और सामाजिक संदेशों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। रैली को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह और कौतूहल देखने को मिला। मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।
मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने बताया ट्रैफिक नियमों का अनुपालन करते हुए क्रमबद्ध तरीके से रैली आकाशवाणी प्रसार। भारती से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक सुभाष चौराहे, सिविल लाइंस सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। प्रतिभागियों को दिए गए विशेष टास्क के अंतर्गत प्रयागराज के ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों पर पहुंचकर निर्धारित साक्ष्य संकलित करने थे। इस अनूठी गतिविधि ने रैली को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का भी अवसर प्रदान किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी गुलाटी गेस्ट हाउस, चैथम लाइंस स्थित समापन स्थल पर पहुंचे।
समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी एवं मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने विजेताओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सहयोगी। नंदी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के 'इकावा' एग्रो लिमिटेड की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार दिए गए। प्रथम विजेता प्रतीक अहलानी एवं रागिनी चंदेल रहे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उपस्थित विशाल जनसमूह को कार्यक्रम चेयरपर्सन रीता बीर एवं लालू मित्तल ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य लॉयंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा विश्वभर में संचालित आठ प्रमुख सेवा क्षेत्रों के प्रति आम जनमानस को जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों तक इन सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। रैली में पर्यावरण संरक्षण, भूख से राहत, दृष्टि संबंधी सेवाओं, बाल कैंसर जागरूकता एवं आपदा राहत सहित प्रमुख सेवा अभियानों के संदेश कारों पर आकर्षक रूप से प्रदर्शित किए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल के मेयर अजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर उपमंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़, डॉ. जगदीश गुलाटी, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, जगमोहन अग्रवाल (डीडीजी), प्रदीप बीर, विशाल खरे, अनूप सिंह, रोहित जायसवाल, इंदर मध्यान, हुकुम केसरवानी, राधे मारवाह, इरा सेठी, सुधीर कुमार, सतीश टंडन, बृजेश वाजपेयी, आर.के. मोहन, बालाजी, ऋषि सेठी, संजय गुप्ता, शालिनी गुप्ता, अनीता अग्रवाल सहित लायंस क्लब प्रयागराज के सभी 33 अनुशांगिक क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। रैली ने यह संदेश दिया कि सेवा केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सामूहिक प्रयास है।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1