न्याय पंचायत स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने किया शुभारंभ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के अंतर्गत न्याय पंचायत गालिबपुर एवं नगर पंचायत क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की न्याय पंचायत स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को ग्राम पंचायत अलाउद्दीनपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में उत्साह और उमंग के साथ किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया। इस दौरान बच्चों में खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास करना भी है।
खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद, योग, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाए। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर उसे आगे बढ़ाने का अवसर देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर राज्य संसाधन समूह (एसआरजी), उत्तर प्रदेश के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 बच्चों के समग्र एवं बहुआयामी विकास पर विशेष जोर देती है। विद्यालयों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। खेल बच्चों को जीत के साथ हार को भी सकारात्मक रूप से स्वीकार करना सिखाते हैं।
इससे उनमें धैर्य, संघर्षशीलता, सहयोग और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता के साथ खेल, कला, संस्कृति एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना-दो की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं सूर्य षष्ठी यानी छठ महापर्व पर आधारित पारंपरिक लोकगीत पर छात्राओं की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान में बच्चों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। शिक्षकों एवं अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व एआरपी पवन कुमार गुप्त, ललित कुमार तिवारी, नोडल शिक्षक संकुल हिमांशु बिक्रम सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, ग्राम प्रधान जगदीश यादव, ऊषा मौर्या, मंजू चौरसिया, सीमा सिंह, राजेश कुमार, अरविंद कुमार, कमलेश कुमार, एसआरजी संजय कुमार तिवारी, शीला सिंह सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1