/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png StreetBuzz कानपुर में ईंट से सिर कूचकर युवक की हत्या, बड़ा भाई लापता lucknow
कानपुर में ईंट से सिर कूचकर युवक की हत्या, बड़ा भाई लापता
घर के बाहर बरामदे में सो रहा था 35 वर्षीय सोनू, खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल ईंट बरामद; तीन पुलिस टीमें जांच में जुटीं

कानपुर। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र स्थित कटरा भैंसोर गांव में घर के बाहर बरामदे में सो रहे युवक की ईंट से सिर और चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई। शनिवार को घर के बाहर युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से मृतक का बड़ा भाई लापता है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू कुमार (35) के रूप में हुई। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी वृद्ध मां रामजानकी और बड़ा भाई मिंचू है। मां करीब एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी के घर रह रही हैं। सोनू और उसका भाई एक ही घर में रहते थे। आज सोनू की बहन ने उसे फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिला। इस पर उसने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई को घर जाकर देखने के लिए कहा। चचेरा भाई पहुंचा तो घर के बाहर सोनू का शव पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।

परिजनों और ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद हुई। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घर के बाहर रस्सी पर सूख रहे कपड़ों पर खून के निशान भी मिले हैं। घटना के बाद से सोनू का बड़ा भाई मिंचू गायब है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। घर पर ताला लगा मिला और उसके पैदल जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका समेत अन्य संभावनाओं की पड़ताल कर रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द घटना का खुलासा करने और संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मामले में अभियोग पंजीकृत कर तीन पुलिस टीमें जांच में लगाई गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वरदान ट्रस्ट ने मनाई पूर्व जिलाधिकारी ए.के. चतुर्वेदी की जयंती, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा

हरदोई, वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत ट्रस्ट के संस्थापक प्रबंध न्यासी एवं पूर्व जिलाधिकारी स्मृतिशेष अमिय कृष्ण चतुर्वेदी की जयंती पर महायोगी गुरु गोरखनाथ बालिका इंटर कॉलेज में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आयुक्त अयोध्या एवं बस्ती मंडल आईएएस सूर्य प्रकाश मिश्र रहे।

मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के प्रबंधक अविनाश मिश्र एवं अनुराधा मिश्र ने किया जिसके बाद मुख्य अतिथि सहित सभी ट्रस्टियों व सहयोगियों ने पुण्यात्मा ए.के. चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने फीता काटकर बाल मेले का उद्घाटन किया। मेले में बच्चों को उपहार वितरित किए गए। स्वागत उद्बोधन ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी भुवन चतुर्वेदी ने दिया। सचिव अतुल कांत द्विवेदी ने ट्रस्ट की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए संस्था की ओर से संचालित सामाजिक, शैक्षिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी।

समारोह में पूर्णतः दृष्टिबाधित विद्यार्थी प्रदीप कुमार शर्मा को अमिय कृष्ण चतुर्वेदी स्मृति छात्रवृत्ति प्रदान की गई। खेल के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए कोमल सिंह को शोभना चतुर्वेदी सम्मान प्रदान किया गया। साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पल्लवी मिश्रा को इसी सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं, खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कृष्णन मिश्र को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि सूर्य प्रकाश मिश्र ने अपने संबोधन में स्मृतिशेष ए.के. चतुर्वेदी के व्यक्तित्व एवं समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्टी पल्लवी चतुर्वेदी ने दिया।

कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्र ने किया.
इस अवसर पर ट्रस्टी अतुल कपूर, अविनाश गुप्ता, करुणा शंकर द्विवेदी, सुयश वाजपेयी, अशोक श्रीवास्तव, अनुराग मिश्र, श्रवण मिश्र राही, गिरीश मिश्र, अनिल श्रीवास्तव, पूनम तिवारी, के.के. सिंह, राजीव मोहन अवस्थी, अतुल अग्रवाल, समता अवस्थी, डॉ बी.डी. शुक्ला, नवल किशोर द्विवेदी, सर्वेश पाण्डेय, लक्ष्मीकांत मिश्र, सरिता अग्रवाल, रूपाली अग्रवाल, माधवी श्रीवास्तव, कंचन वाजपेयी, अलोकिता श्रीवास्तव, नीलम वर्मा, सौरभ अग्निहोत्री सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा.
पोस्ट ऑफिस में IMS रोल आउट के चलते 16 से 24 नवंबर तक PLI/RPLI की प्रीमियम जमा एवं नई पॉलिसी बनाने की सुविधा रहेगी अस्थायी रूप से बंद

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा

हरदोई। भारतीय डाक विभाग द्वारा डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) सेवाओं को अधिक आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से IMS (Insurance Management System) रोल आउट किया जा रहा है।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत हरदोई डाक मंडल के सभी डाकघरों में दिनांक 16 नवंबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक PLI/RPLI प्रीमियम जमा करने एवं नई पॉलिसी से संबंधित लेन-देन (New Policy Transactions) की सुविधा अस्थायी रूप से बंद रहेगी। ये सेवाएं 25 नवंबर 2026 से पुनः प्रारंभ हो जाएंगी।
डाक अधीक्षक, हरदोई मंडल ने सभी PLI/RPLI पॉलिसीधारकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी बीमा प्रीमियम राशि 15 नवंबर 2026 तक संबंधित डाकघर में जमा कर दें। नई पॉलिसी लेने के इच्छुक ग्राहक भी निर्धारित अवधि से पूर्व अपनी प्रक्रिया पूर्ण करा लें।
डाक अधीक्षक ने ग्राहकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह अस्थायी व्यवस्था IMS रोल आउट के मद्देनजर की जा रही है। सेवाएं निर्धारित तिथि 25 नवंबर 2026 से पुनः उपलब्ध होंगी।
भीड़ में बिछड़ा मासूम, GRP बनी मसीहा; मां की गोद में पहुंचा तीन साल का सागर
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा

हरदोई। रेलवे स्टेशन पर अपनों से बिछड़कर रो रहे तीन वर्षीय मासूम को जीआरपी हरदोई की टीम ने सकुशल उसके परिवार से मिला दिया। पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता से परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस का आभार जताया।जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग लखनऊ के निर्देशन में रेलवे परिसर में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत 13 नवंबर 2026 को जीआरपी हरदोई की टीम स्टेशन पर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों तथा ट्रेनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर टीवी के पास करीब तीन साल का एक बच्चा अकेला बैठा रोता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चा भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गया है।

महिला हेल्प डेस्क पर रखा गया विशेष ध्यान

थानाध्यक्ष जीआरपी हरदोई अभिषेक कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बच्चे को अपनी देखरेख में लिया। महिला पुलिसकर्मी की सहायता से उसे महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचाया गया। वहां महिला कांस्टेबल साधना शुक्ला ने बच्चे को प्यार से समझाकर शांत कराया। पुलिसकर्मियों ने उसके खान-पान का ध्यान रखते हुए परिवार की तलाश शुरू कर दी।

अनाउंसमेंट के बाद थाने पहुंचीं मां और मौसी

जीआरपी टीम ने स्टेशन परिसर में अनाउंसमेंट कराया और आसपास मौजूद यात्रियों से भी बच्चे के परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी बीच चांदनी पत्नी बेचे निवासी मतुआ, थाना बघौली, हरदोई और मंजू पत्नी आदित्य निवासी गोविन्दघर मंडी, पंजाब थाने पहुंचीं। मंजू ने बताया कि वह अपने बेटे सागर के साथ बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा उनसे दूर चला गया और फिर नहीं मिला।

सत्यापन के बाद मां को सौंपा गया बच्चा

पुलिस ने आवश्यक पूछताछ कर महिला और बच्चे की पहचान का सत्यापन किया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीन वर्षीय सागर को उसकी मां मंजू और मौसी चांदनी की मौजूदगी में सकुशल सौंप दिया गया।बेटे को सुरक्षित पाकर मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने जीआरपी हरदोई की टीम की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई।
छात्र को साथियों ने बेल्ट से पीटकर किया घायल वीडिओ बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला लाइन पुरवा में रहने वाले छात्र को आरआर कॉलेज में उसके साथियों ने बेल्ट से पिटाई कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
        छात्र के पिता आदित्य विक्रम सिंह के अनुसार उसका पुत्र शांतनु सिंह आर आर इंटर कालेज में दसवीं में पढ़ता है।स्कूल में पढ़ने वाले फरमान,साहिल गाजी, लव कुमार ने अपने अज्ञात साथियों के साथ स्कूल के गेट पर उसके पुत्र को बेल्ट डंडे और लात घूंसो से काफ़ी देर तक मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपियों ने उक्त मारपीट की घटना का वीडिओ बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए उसके पुत्र को जान से मार डालने की धमकी दी है। उसके द्वारा स्कूल के प्रधानाचार्य से भी शिकायत की गई है। लेकिन कार्यवाही नहीं की गई।
       कोतवाली शहर पुलिस ने पीड़ित पिता से लिखित तहरीर लेकर घटना की जाँच शुरू कर दी है।
कलश यात्रा के साथ श्री राम कथा का हुआ आगाज

Sb न्यूज़ रिपोर्टर पीयूष तिवारी
बेनीगंज- नगर के सीबीजी इंटर कॉलेज आफ साइंस में 27वीं श्री राम कथा एवं अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन में 14 नवंबर 2026 को अपने निर्धारित समय से नगर के विभिन्न मार्गो में कलश यात्रा के साथ संपन्न हुई। सीबीजी इंटर कॉलेज आफ साइंस कुर्सी रोड बेनीगंज हरदोई के प्रधानाचार्य एवं श्री राम कथा आयोजक गिरिजेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 27वीं श्री राम कथा एवं अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन होना सुनिश्चित हुआ है। सुबह की बेला में कलश यात्रा संपन्न हुई है। कथा अपने निर्धारित समय दोपहर 1:00 से 3:00 तक प्रत्येक दिवस में होगी एवं तमाम संतों एवं विद्वानों द्वारा प्रवचन किया जाएगा तथा आगामी दिनांक 23 नवंबर 2026 को शाम 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। श्री तिवारी जी ने समस्त क्षेत्र एवं नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि भक्त एवं श्रद्धालु जन श्री राम कथा में आकर कथा का अमृत मई रसपान कर अपने जीवन को कृतार्थ करें। इस कलश यात्रा में नैमिषारण्य से पधारे तमाम महामंडलेश्वर एवं संत, दंडी स्वामी, आचार्य गण, नगर की माताएं एवं बहने, तथा विद्यालय परिवार के तमाम बालक बालिका उपस्थित रहे।
इनर व्हील क्लब ने बच्चों के साथ मनाया बाल दिवस,

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। बाल दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ हरदोई डी.ओ.डी. की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालय ककराली खेड़ा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को डिजिटल जागरूकता, पारिवारिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ‘मोबाइल की लत बनाम परिवार के साथ समय’, ‘माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान’ और ‘स्वस्थ पारिवारिक मूल्य’ विषयों पर जागरूकता वर्कशॉप आयोजित हुई। क्लब सदस्यों ने बच्चों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने तथा पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए समय निकालने की सीख दी।
इस अवसर पर पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बच्चों ने मोबाइल के दुष्प्रभाव और परिवार के साथ समय बिताने के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को टॉफियां एवं चॉकलेट वितरित की गईं। बच्चों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स की भी सराहना की गई।
क्लब अध्यक्ष सोनिया मिश्रा ने बच्चों को बड़ों का सम्मान करने और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सीजीआर सुप्रिया सेठ, जेडपीसी एवं एडिटर राखी द्विवेदी, ट्रेजरर सोहिनी दीक्षित, आईएसओ नीलम सिंह, पूजा जैन, अंजू पांडे और अनीता मिश्रा सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक मौजूद रहे।
पुरवा-धीरजखेड़ा संपर्क मार्ग का होगा कायाकल्प, इ० धीरज वर्मा ने किया भूमि पूजन*

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा

कछौना, हरदोई:*  दो विकास खण्डों कछौना व अहिरोरी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग कछौना ग्राम सभा पुरवा से अहिरोरी के ग्राम धीरज खेड़ा को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग एक दशक से उपेक्षित पड़ा था। जिसके निर्माण के लिये मांग जिलाध्यक्ष अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार शिव शर्मा ने प्रमुखता से शासन प्रशासन को उठायी थी। जिस पर जिला पंचायत अध्यक्षा के पुत्र इ० धीरज कुमार ने जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार वर्मा से कार्य योजना में लेकर नवनिर्माण के लिये स्वीकृत कराया। जिसका शुक्रवार को मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि इ० धीरज वर्मा ने विधि विधान से पूजन कर नवनिर्माण के लिये शुभारम्भ किया। इस मार्ग की शुभारम्भ से क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों के ग्रामीणों का आवागमन हेतु रास्ता सुगम होगा। ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्षा व पुत्र, जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार, शिव शर्मा के प्रयास की सराहना की।

           बताते चलें दो विकासखण्ड कछौना व अहिरोरी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग ग्राम सभा पुरवा से ग्राम धीरजखेड़ा अहिरोरी सम्पर्क मार्ग एक दशक से उपेक्षित पड़ा था। डामर पूरी तरह से उखड़ चुका था। इस मार्ग से ग्राम नेवादा, हाजीपुर, कसहाई, सरसण्ड, कुशालपुर, मरेउरा, मतुआ, प्रतापपुर, अरसेनी, बघौली, बरवा आदि ग्रामों के नागरिकों का आवागमन हेतु प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग की दूरी लगभग 1700 मी० है। डामर पूरी तरह से उखड़ चुका है। ग्रामीणों का आवागमन हेतु मुश्किल था। इस मार्ग के निर्माण हेतु जिला अध्यक्ष अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार शिव शर्मा सहित जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार, ग्राम प्रधान छविनाथ मौर्य सहित ग्रामीणों ने इस मार्ग के निर्माण हेतु प्रमुख रूप से मुद्दा उठाया था। जिसे युवा नेता इ० धीरज वर्मा ने प्राथमिकता से लिया। जिला पंचायत से 398500 की धनराशि स्वीकृत कराके डामरीकरण कार्य हेतु शुभारम्भ किया। इस मार्ग के निर्माण से दर्जनों ग्रामों के ग्रामीणों को आवागमन में सुगमता मिलेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि युवा नेता इ० धीरज वर्मा ने कहा वह क्षेत्र के विकास के लिये सदैव प्रयासरत हैं। सड़कों के विकास से ग्रामीण क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है। विकास के नये आयाम खुलते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार वर्मा, जिला अध्यक्ष अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार शिव शर्मा, ग्राम प्रधान छविनाथ मौर्य, युवा कार्यकर्ता निशांत मौर्य, प्रबंधक रामचन्द्र गुप्ता, वीरेन्द्र सिंह, भोजराज, सामाजिक कार्यकर्ता ललित पासी, राजकुमार मौर्य सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे।
छठ पूजा पर 24 घंटे मिलेगी बिजली, घाटों पर भी जगमगाएगी रोशनी
योगी सरकार का त्योहार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति का फैसला, यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दीपावली के बाद अब छठ पूजा पर भी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है। योगी सरकार की प्राथमिकता है कि त्योहार के दौरान गांव से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं को सुचारु, सुरक्षित और भरोसेमंद बिजली मिले। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) अलर्ट मोड पर हैं। इसके साथ ही छठ पूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कटौती-मुक्त बिजली देने के लिए यूपीपीसीएल अलर्ट

प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने छठ पूजा पर प्रदेशवासियों को अनवरत, सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अध्यक्ष ने स्थानीय बिजली बाधाओं को तत्काल दूर करने, पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग, ट्रांसफार्मर व फीडर का लोड जांचने तथा ढीले तारों और झुके बिजली पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूजा स्थलों पर किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

संभावित तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए रात में भी मेंटेनेंस कार्य जारी

बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम के जनपदों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मेंटेनेंस कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जहां जरूरत है, वहां आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के जरिए संभावित तकनीकी समस्याओं को समय रहते दूर किया जा रहा है। रात्रिकालीन मेंटेनेंस कार्य भी लगातार जारी हैं, जिससे बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

आरडीएसएस के तहत विद्युत नेटवर्क को मजबूत बना रही योगी सरकार

प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में फील्ड पर तैनात बिजलीकर्मियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव से लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान तक पूरी तत्परता से जुटी हैं। इसके साथ ही प्रदेश में विद्युत बुनियादी ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी विभिन्न कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। योगी सरकार का लक्ष्य बेहतर विद्युत नेटवर्क विकसित कर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

*16 से 29 नवम्बर तक विभिन्न दिवसों की थीम के अनुसार चलाया जाएगा स्व-गणना जागरूकता अभियान, जनपद के प्रत्येक परिवार को स्व-गणना के लिए किया जाएगा प्रेरित*

*सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों को स्व-गणना में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही आमजन को स्व-गणना के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाए, जिससे जनपद में अधिक से अधिक परिवार इस अभियान में सहभागिता कर सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना अभियान के अंतर्गत 16 नवम्बर से 29 नवम्बर 2026 तक 14 दिनों के लिए दिनवार विशेष थीम निर्धारित की गई है। इसके तहत 16 नवम्बर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस, 17 नवम्बर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस, 18 नवम्बर को युवा एवं खेल तथा सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया दिवस, 19 नवम्बर को जनपद में निवासरत पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों एवं आवासीय कल्याण समितियों के लिए जागरूकता दिवस तथा 20 नवम्बर को न्यायिक दिवस के रूप में अभियान संचालित किया जाएगा।

इस दौरान 21 नवम्बर को वर्दीधारी बल दिवस, 22 नवम्बर को केंद्र सरकार के कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवम्बर को शिक्षा दिवस, 24 नवम्बर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवम्बर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवम्बर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवम्बर को डिजिटल सुविधा सहायता एवं विशेष आवश्यकता दिवस, 28 नवम्बर को कार्यस्थल से घर पर रहकर कार्य करने वाले कार्मिकों का दिवस तथा 29 नवम्बर को प्राइड दिवस के रूप में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित दिवसों के अनुसार संबंधित विभाग अपने-अपने लक्षित समूहों तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाएं। सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, स्वास्थ्य इकाइयों, बैंकों, रेलवे, डाकघरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों, परिवहन संस्थानों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी बलों में कार्यरत कार्मिकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों को इस अभियान से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। प्रचार सामग्री, बैनर, पोस्टर एवं अन्य माध्यमों पर स्व-गणना की निर्धारित तिथियों तथा आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए। ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अधिकाधिक परिवारों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। नोडल अधिकारी अपने संस्थान में हेल्प डेस्क की व्यवस्था कराते हुए कर्मचारियों एवं आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक विद्यालय के माध्यम से अधिकाधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में भी सहायता केंद्र स्थापित कराए जाएं, जिससे डिजिटल माध्यम का उपयोग करने में असमर्थ व्यक्तियों को स्व-गणना करने में आवश्यक सहायता मिल सके। जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी लोगों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्व-गणना के दौरान प्रगणकों को उनके निर्धारित क्षेत्रों में आने वाली तकनीकी एवं मानचित्र संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाए। स्व-गणना कराने वाले प्रत्येक परिवार की एसई-आईडी उसके नाम एवं मोबाइल नंबर के साथ अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। इसके साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी संचालन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा जनपद के प्रत्येक नागरिक तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाते हुए अभियान को सफल बनाना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।