UPSC-PCS कोचिंग के लिए अतिथि प्रवक्ता और मेंटरों के लिए आवेदन आमंत्रित
* अन्तिम तिथि 06 जुलाई निर्धारित
लखनऊ। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, अलीगंज में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए अतिथि प्रवक्ता (गेस्ट फैकल्टी) एवं मेंटरों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से 6 जुलाई, 2026 तक आवेदन मांगे गए हैं।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर सामान्य अध्ययन के अन्तर्गत इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, भारतीय अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय संबंध, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, एथिक्स, समसामयिकी, सामान्य हिन्दी, उत्तर प्रदेश विशेष तथा सी-सैट सहित विभिन्न विषयों के अध्यापन के लिए अनुभवी विषय विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया जाएगा। अतिथि प्रवक्ता पद के लिए ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास निजी कोचिंग संस्थानों में कम से कम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव हो तथा उन्होंने संबंधित विषय में परास्नातक उपाधि प्राप्त की हो। नेट, जेआरएफ अथवा पीएचडी कर रहे अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक तथा UPSC या UPPSC मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। चयनित अतिथि प्रवक्ताओं को 90 मिनट के प्रत्येक व्याख्यान के लिए दो हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में आवेदन पत्रों की जांच, विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन तथा ट्रायल लेक्चर शामिल होगा।
समाज कल्याण विभाग ने प्रशिक्षण केन्द्र में अध्ययनरत अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए मेंटरों के चयन की भी व्यवस्था की है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने UPSC की प्रारंभिक अथवा मुख्य परीक्षा या UPPSC मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की हो, मेंटर के रूप में आवेदन कर सकते हैं। चयनित मेंटरों को प्रशिक्षण केन्द्र परिसर में निःशुल्क आवास, भोजन तथा पुस्तकालय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्हें विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन योजना, मूल्यांकन एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 6 जुलाई, 2026 तक अपना आवेदन ई-मेल पर भेज सकते हैं। आवेदन अलीगंज स्थित प्रशिक्षण केन्द्र कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जिसका लिंक समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। समाज कल्याण विभाग ने योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों तथा सफल प्रतियोगी परीक्षार्थियों से आवेदन करने की अपील की है, ताकि प्रशिक्षण केन्द्र में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को उच्चस्तरीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
Jun 23 2026, 10:14
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.4k