आटो से मंदिर जा रही महिला के गले से चेन निकाल ले गई, संदिग्ध महिला, जांच में जुटी पुलिस
![]()
खजनी कस्बे में थाने के बगल से सिकरीगंज मार्ग पर 2 किमी दूर स्थित भरोहियां गांव के शिव मंदिर तक जाने के लिए आॅटो में सवार होकर जाने के लिए निकली महिला के गले से 10 ग्राम की सोने की चैन निकाल कर एक संदिग्ध महिला आॅटो से उतर गई, पुलिस जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को सबेरे करीब 10.30 बजे रूद्रपुर गांव की निवासी महिला मीरा देवी खजनी थाने के पास से आटो में बैठ कर शिव मंदिर भरोहियां जाने के लिए निकली थी, आॅटो में तीन और महिलाएं तथा एक अकेली महिला उनके बगल में बैठ कर मंदिर की ओर निकलीं किंतु मंदिर से करीब 500 मीटर पहले ही मीरा देवी के बगल में बैठी महिला ने आॅटो चालक से आॅटो रोकने के लिए कहा और जैसे ही आॅटो रूका महिला किराया दे कर नीचे उतर गई।आॅटो फिर चल पड़ी इस बीच मीरा देवी ने देखा कि उनके गले में पहनी हुई करीब 10 ग्राम की सोने की चेन गायब है, उन्हें लगा कि चेन कहीं गिर गई है, साथ ही संदिग्ध महिला पर संदेह हुआ तब तक आॅटो चालक करीब 100 मीटर आगे निकल चुका था, उसने तुरंत आॅटो पीछे घुमाई और उस स्थान पर पहुंचा जहां संदिग्ध महिला नीचे उतरी थी। किंतु मौके पर दूर तक महिला कहीं नजर नहीं आई।
पीड़िता ने खजनी थाने में पहुंच कर पुलिस को घटना की सूचना दी, पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि वह सोने की चेन उसके दिवंगत पति के द्वारा दी गई एक बहुमूल्य आखिरी निशानी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई, सीसीटीवी कैमरे से संदिग्ध महिला की शिनाख्त का प्रयास किया गया किन्तु मौके पर कोई भी कैमरा चालू नहीं मिला।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि महिला की उम्र 65 वर्ष है गले की चेन कहीं गिर गई या किसी ने निकाल ली इस पर संदेह की स्थिति बनी हुई है, मामले की जांच चल रही है।
Jul 19 2025, 18:11