होली के मौके पर किया यह काम तो जाना पड़ेगा जेल, पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को जारी किया आदेश
डेस्क : बिहार में होली के मौके पर हुडदंग और डीजे, अश्लील भोजपुरी और द्विअर्थी गीत बजाने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। ऐसा करते पकड़े जाने उन्हें जेल की हवा खानी पड़ेगी। उनके खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही उनपर भारतीय न्याय हिता, 2023 की धारा - 296/79 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
![]()
होली पर्व के मद्देनजर शनिवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के निर्देश पर अपराध अनुसंधान विभाग, कमजोर वर्ग के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित कुमार जैन ने राज्य के सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) और रेल सहित सभी डीआईजी को अपने क्षेत्र में इसको पूरी तरह समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
![]()
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आये दिन ऐसा देखा जाता है कि सार्वजनिक स्थलों, समारोहों, बसों, ट्रकों, ऑटो रिक्शा आदि में सस्ते दोहरे अर्थ वाले अश्लील भोजपुरी गाने धड़ल्ले से बजाए जाते हैं। इसका समाज पर दुष्प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार के गीतों के प्रसारण से महिलाओं की सुरक्षा एवं गरिमा और बच्चों की मनोवृत्ति प्रभावित होती है। भोजपुरी के सस्ते दोहरे अर्थ वाले गानों से महिलाएं असुरक्षित एवं लज्जा का अनुभव करती हैं। ये गाने छोटे-छोटे बच्चों को गलत दिशा में जाने के लिए प्रेरित करते है। यह एक गंभीर समस्या है और महिलाओं एवं बच्चों के साथ पूरे समाज को दुष्प्रभावित कर रहा है।
एडीजी ने इस समस्या के निदान के लिए अनिवार्य रूप से विशेष अभियान चलाकर कानून सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसे उच्च प्राथमिकता देने को कहा और पुलिस प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट भी देने का निर्देश दिया है।
Mar 09 2025, 12:13