गोण्डा में मिशन शक्ति अभियान के फेज 4 का शुभारंभ, मनकापुर विधायक ने कहा-सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है
गोण्डा- शनिवार को पूरे गोण्डा जनपद में महिला सशक्तीकरण को लेकर गजब का प्रदर्शन देखने को मिला। जनपद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये विशाल रैली व भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंबेडकर चौराहे के निकट स्थित वेंकटाचार्य क्लब में महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के फेज - 4 का शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
![]()
कार्यक्रम के जरिए महिलाओं की सुरक्षा व उनको स्वावलंबन बनाने के बारे में जागरूक किया गया। मनकापुर के विधायक रमापति शास्त्री ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, महिला उद्यमी, महिला पंचायत सहायक व सैकड़ों की संख्या में छात्राएं मौजूद रही।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सबको संबोधित करते हुए मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। मिशन शक्ति के नाम से शुरू हुआ अभियान सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की थीम पर आगे बढ़ा है।
इस मौके पर मंडलायुक्त ने भी महिलाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि लोग पितृ विसर्जन करके अपने पिता के ऋण से तो मुक्त हो सकते हैं परंतु कोई भी अपनी माता के ऋण से कभी भी मुक्त नहीं हो सकता है। हमारे जीवन में माता रूपी महिला का सबसे अधिक महत्व है। उन्होंने सभी पुरुषों से कहा कि सभी पुरुष संकल्प लें कि जैसे वह अपनी बहन, बेटी, बहू के साथ व्यवहार करते हैं वैसे ही वह दूसरों की बहन, बेटी और बहू के साथ भी व्यवहार करेंगे।
इस मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान हर साल पूरे उत्साह के साथ चलाया जाता है। यह अभियान महिलाओं को उनकी शक्ति का एहसास दिलाने के लिए है। महिलाओं का प्रभाव देश के बहुत बड़े क्षेत्र में है। इस अभियान को शहर ही नही बल्कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री जी द्वारा मिशन शक्ति की जो अलख लखनऊ से जगाई गई है उसे गोंडा के घर-घर तक पहुंचाना है।
Oct 15 2023, 17:42