मच्छरों का डंक दे सकता है जीवन भर का दर्द, एमडीए की दवा ही है फाइलेरिया का सुरक्षा कवच
-आज से 10 ब्लॉकों में चलेगा एमडीए अभियान
-घर-घर 24 लाख से अधिक लोगों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया से बचाव की दवा
-मीडिया कार्यशाला में विशेषज्ञों ने समझाया बीमारी का विज्ञान
-मच्छर को नहीं, केवल सूक्ष्म परजीवी को नष्ट कर मिल सकती है फाइलेरिया से मुक्ति
सीतापुर, 18 नवंबर 2026: मच्छरों का एक मामूली डंक जीवन भर की लाइलाज बीमारी 'फाइलेरिया' (हाथीपांव) दे सकता है, जो गंभीर होने पर जीवन को मौत से भी बदतर बना देती है। अकेले सीतापुर जनपद में आज 3,985 लोग इस बीमारी का दर्द झेल रहे हैं। इसी खतरे को जड़ से मिटाने के लिए कल (19 नवंबर) से 7 दिसंबर तक जिले के 10 ब्लॉकों में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा, जिसमें घर-घर जाकर पात्र 24 लाख से अधिक लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।
तीन सिद्धांतों से समझें बचाव का विज्ञान-
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसीएमओ एवं वीबीडी नोडल अधिकारी डॉ. दिपेंद्र वर्मा ने बताया कि किसी भी बीमारी पर तीन बातें लागू होती हैं— पहला जिससे बीमारी होती है (सूक्ष्म परजीवी), दूसरा जिसमें बीमारी होती है (मानव शरीर) और तीसरा जिसके द्वारा बीमारी होती है (मच्छर)। उन्होंने कहा कि हम न तो मच्छरों को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं और न ही फाइलेरिया हो जाने पर उसका इलाज संभव है। हमारे पास एकमात्र उपाय शरीर में छिपे सूक्ष्म परजीवी को नष्ट करना है, जिसके लिए साल में एक बार एमडीए अभियान के तहत फाइलेरिया से बचाव की दवा दी जाती है। उन्होंने उन्मूलन के सरकारी प्रयासों के पांच स्तंभों की भी विस्तृत जानकारी दी।
यह चमत्कार नहीं, एमडीए की कृपा-
एसीएमओ डॉ. अनिल त्रिपाठी ने कहा कि जिन जिलों व ब्लॉकों में आज नए मरीज कम हुए हैं, वह किसी चमत्कार की नहीं बल्कि एमडीए अभियान के सफल संचालन का परिणाम है, जिसमें लोगों ने सामूहिक रूप से फाइलेरिया से बचाव की दवाओं का सेवन किया।
सुरक्षित हैं दवाएं, घबराएं नहीं-
डब्ल्यूएचओ के स्टेट समन्वयक डॉ. तनुज शर्मा व मण्डल समन्वयक डॉ मंजीत ने पीपीटी के माध्यम से फाइलेरिया के लक्षण (जो 10-15 साल बाद दिखते हैं) और बचाव के उपायों पर बारीकी से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया से बचाव की दवाएं डब्ल्यूएचओ से प्रमाणित हैं, जिनकी मदद से श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश, थाईलैंड व चीन फाइलेरिया मुक्त हो चुके हैं। यदि किसी संक्रमित व्यक्ति को दवा खाने के बाद हल्का बुखार, चक्कर या जी मिचलाने की शिकायत हो, तो घबराएं नहीं—यह परजीवियों के नष्ट होने का संकेत है, जो कुछ घंटों में स्वतः ठीक हो जाता है।
रखें विशेष ध्यान: दवा कभी भी खाली पेट न खाएं। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अत्यंत गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं खानी है। इस मौके पर पाथ, पीसीआई, सीफार प्रतिनिधि मलेरिया, फाइलेरिया इंस्पेक्टर सहित जनपद के मीडिया साथी मौजूद रहे।
इस मौके पर आयुष्यमान आरोग्य मंदिर राही के हरिगाँव की ररिता देवी जिन्हें पिछले 15 साल से दाहिने पैर में फाइलेरिया है अपना दर्द साझा किया और कहा जिन लोगों को अभी यह बीमारी नहीं है वह सभी लोग इससे बचाव की दवा जरूर सेवन कर लें। वह सीएचओ-पीएसपी से जुड़कर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित भी करती हैं।
जिलाधिकारी स्वयं दवा खाकर करेंगे अभियान का उद्घाटन-
जनपद में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का विधिवत उद्घाटन आज (19 नवंबर) को श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, परसेंडी सीतापुर से किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार स्वयं फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करेंगे।
Nov 18 2026, 19:54
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k