बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने जेवर नगदी किये पार
जामा मस्जिद पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के बाजार संभा मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालकिन जब अपने मायके से वापस लौटी तो चोरी की घटना देखकर दंग रह गई और अपना सिर पीट कर रोने लगी। सूचना पाकर पीआरबी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। बाजार संभा निवासी मकान मालकिन बेबी एक सप्ताह पहले अपने घर में ताला डालकर अपने मायके लुकमानपुर गई हुई थी। बुधवार को शाम 4:00 बजे जब वापस लौटी तो उन्होंने अपना मेन गेट खोला और अंदर पहुंची तो उनके अंदर के कमरे का दरवाजा की सिटकनी टूटी हुई थी। बेबी किसी अनहोनी की आशंका से कांप गई। दरवाजा खोला तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की घटना के कारण वह सिर पीट कर जोर-जोर से रोने लगी तो मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। बेबी ने बताया सोने की अंगूठी एक जोड़ी पायल और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया जो दिखाई नहीं दे रही है। तत्काल पीआरबी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मेन दीवार छोटी होने की वजह से चोर दीवार फांदकर अंदर गए और फिर अंदर की दरवाजे की सिटकनी और ताला तोड़ दिया।घटना जामा मस्जिद चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई है। जामा मस्जिद पुलिस की लापरवाही के चलते चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। परंतु जामा मस्जिद पुलिस चौकी के सिपाही लापरवाही बरतते चले आ रहे हैं जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया सूचना प्राप्त हुई है लेकिन अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई। तहरीर के बाद ही पता चलेगा कि चोरी कितने रुपए की हुई है।
उमरापुर में घटिया सामग्री से हो रहा निर्माण, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
Sb ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई सुरसा। विकास खंड सुरसा की ग्राम पंचायत उमरापुर के मजरा रामपुर में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत खंड विकास अधिकारी से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में बालू के स्थान पर पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है, जबकि मौरंग की जगह डस्ट का इस्तेमाल हो रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मानकों की अनदेखी कर कराया जा रहा निर्माण जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी। इस संबंध में ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और गुणवत्ता की जांच होने तक अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी दीपांकर आर्य ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी के तबादले के बाद स्कूलों में मनमानी,समय से पहले लग रहे ताले

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
बेनीगंज हरदोई
हरदोई जनपद में कई खंड शिक्षा अधिकारियों के गैर जनपद तबादले के बाद विकासखंड कोथावां में विद्यालयों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कुछ शिक्षक निर्धारित समय से देरी से विद्यालय पहुंच रहे हैं और छुट्टी के निर्धारित समय से पहले ही स्कूलों में ताले डालकर चले जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय खुलने का निर्धारित समय सुबह 9 बजे है, लेकिन कुछ विद्यालयों में शिक्षक करीब 10 बजे पहुंच रहे हैं। वहीं, दोपहर 3 बजे छुट्टी के निर्धारित समय से पहले ही लगभग 2 बजे विद्यालय बंद किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
इसी क्रम में आज कोथावां विकासखंड के कटिघरा प्राथमिक विद्यालय में दोपहर करीब 2:30 बजे विद्यालय बंद मिला। इस संबंध में प्रधानाध्यापक विक्रम कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी हुई है। मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कोथावां विकासखंड के सभी विद्यालयों की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि विकासखंड में खंड शिक्षा अधिकारी के पद का दायित्व सौंप दिया गया है। जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विद्यालय के आसपास मौजूद अभिभावकों ने भी नाराजगी जताते हुए शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कटिघरा प्राथमिक विद्यालय के खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अब देखना होगा कि बेसिक शिक्षा विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और विद्यालयों के संचालन में लापरवाही की शिकायतों पर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
अवैध मिट्टी खनन में दो ट्रैक्टर ट्राली,एक हाइड्रा सीज- खनन अधिकारी

Sb न्यूज़ पीयूष तिवारी
हरदोई बेनीगंज - कोतवाली क्षेत्र के डेढ़ किलोमीटर चंद कदमों की दूरी पर ग्राम अल्लीपुर में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर पहुंचे खनन अधिकारी हरदोई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी भरे दो ट्रैक्टर ट्राली एक ट्रैक्टर हाइड्रा को किया सीज। खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह ने बताया  मंगलवार रात में सूचना प्राप्त हुई कि बेनीगंज थाना क्षेत्र से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर अल्लीपुर गांव संजू देवी तेज नारायण इंटर कॉलेज के पास रोड के दाहिने हाथ पर मिट्टी ठेकेदारों द्वारा अवैध मिट्टी का खनन किया जा रहा है सूचना पर तत्काल मौके पर बेनीगंज पुलिस बल के साथ पहुंचा मौके पर देखा ट्रैक्टर हाइड्रा से मिट्टी खनन किया जा रहा था जिसमें तीन ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी डाल रहे थे मौके से दो ट्रैक्टर ट्राली एक ट्रैक्टर हाइड्रा को पड़कर बेनीगंज थाने पुलिस परिसर अभिरक्षा में लाकर खड़ा कराया। साथ ही जुलवाने की कार्रवाई की जा रही है अगर इसी प्रकार की शिकायत आती है तो किसी भी सूरत पर मिट्टी खनन माफियाओं को बक्सा नहीं जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई से मिट्टी ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। बता दे बेनीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की मिली भगत से आए दिन मिट्टी खनन ठेकेदारों द्वारा बराबर खनन करवाया जाता है जिससे राजस्व को लाखों का चुना लगता है और मिट्टी खनन ठेकेदारों के हौसले बुलंद है। नगर सहित आसपास क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन किया जाता है। वही परमिशन की आड़ में रातों-रात सैकड़ो ट्रॉली ट्राली मिट्टी डालकर प्लांट पाट दिए जाते हैं। जिले पर बैठे अधिकारियों को भनक तक नहीं लगती।
तीन बच्चों समेत विवाहिता लापता, पिता ने एसपी से लगाई बरामदगी की गुहार
30 अक्टूबर से बेटी और उसके तीन बच्चों का नहीं मिल रहा सुराग, पुलिस पर सुनवाई न करने का लगाया आरोप


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई संडीला के कासिमपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के अपने तीन बच्चों समेत लापता होने का मामला सामने आया है। बेटी और नातियों का कोई सुराग न मिलने से परेशान पिता ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को प्रार्थना पत्र देकर सभी की जल्द बरामदगी कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, कानपुर नगर के जूही थाना क्षेत्र के नया पुरवा किदवई नगर निवासी सुंदर लाल पुत्र स्वर्गीय मूलचंद्र की पुत्री खुशबू की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हरदोई जिले के संडीला तहसील अंतर्गत कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरमऊ भटोली निवासी नरेश पुत्र देवी प्रसाद के साथ हुई थी। खुशबू के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं।
पीड़ित पिता का आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 की रात से उनकी पुत्री खुशबू और उसके तीनों बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद 7 नवंबर को उन्हें बेटी और बच्चों के लापता होने की सूचना मिली। पिता का कहना है कि वह मामले की शिकायत लेकर कासिमपुर थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई और कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार कर उन्हें वापस भेज दिया गया।
प्रार्थना पत्र में सुंदर लाल ने कुछ लोगों पर बेटी और बच्चों को गायब करने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कराते हुए अपनी पुत्री खुशबू और उसके तीनों बच्चों को शीघ्र सकुशल बरामद कराने की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि बेटी और नातियों की सुरक्षित वापसी ही उनके परिवार की सबसे बड़ी चिंता है।
मौत का हाईवे बना शाहाबाद-पाली मार्ग: दो जिंदगियों की बलि ने खोली नशाखोरी और बेलगाम रफ्तार की पोल

दो चिराग बुझने से दहला इलाका; परेली से सूरापुर तक शाम ढलते ही सजने वाली महफिलों पर उठे गंभीर सवाल

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई सड़कें अपनों को अपनों से मिलाने का जरिया होती हैं, लेकिन जब उन्हीं सड़कों पर बेलगाम रफ्तार, लापरवाही और गलत संगत का जहर दौड़ने लगे, तो वे जिंदगी का आखिरी सफर बन जाती हैं। शाहाबाद-पाली मार्ग पर गोपालपुर के निकट हुआ दर्दनाक सड़क हादसा इसी कड़वी और कलेजा चीर देने वाली हकीकत का खूनी पन्ना है।
दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की रूह कंपा देने वाली आमने-सामने भिड़ंत में दो युवाओं की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। दो आँगनों के चिराग एक झटके में हमेशा के लिए बुझ गए। चीख-पुकार और बदहवास परिजनों के आंसुओं से पूरा इलाका गमगीन है। इस हादसे ने न केवल दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दी हैं, बल्कि क्षेत्र में तेजी से पैर पसार रही नशाखोरी, रफ्तार के कातिलाना जुनून और हमारी सामाजिक खामोशी पर भी तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुजीदेई निवासी सुधीर (पुत्र अनिल कुमार) और सिंगुलापुर निवासी सौरभ (पुत्र संतोष) के रूप में हुई है। वहीं, गौरव उर्फ अनुभव और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हरदोई रेफर कर दिया गया।
सड़क पर बिखरीं लाशें, पीछे छूट गए उम्र भर के आंसू
यह दुर्घटना केवल दो गाड़ियों की टक्कर या दो मौतों का आंकड़ा भर नहीं है, बल्कि यह हमारे खोखले होते सामाजिक ताने-बाने की गवाही है। जिस उम्र में इन युवाओं के हाथों में किताबें, आँखों में सुनहरे सपने और कदमों में एक रोशन भविष्य का हौसला होना चाहिए था, उस ढलती उम्र में वे नशे की गिरफ्त, अवारागर्दी और रफ्तार के खूनी आकर्षण की बली कैसे चढ़ गए?
जांच के कानूनी पन्ने अपनी जगह हैं, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर कौन सी राह पर निकल पड़ी है हमारी नई पीढ़ी?
परेली से सूरापुर: शाम ढलते ही सन्नाटे में घुलता नशे का जहर
ग्रामीणों की आंखों में दहशत और गुस्सा साफ देखा जा सकता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, परेली से लेकर सिंगुलापुर, गुजीदेई और सूरापुर के आसपास शाम का सूरज ढलते ही सन्नाटा गहराने लगता है और उसी सन्नाटे की ओट में जमने लगती हैं महफ़िलें।
खेतों की मेड़ों, वीरान रास्तों और सुनसान पुलियों पर कम उम्र के लड़कों का झुंड जमा होने लगता है। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि इन अंधेरे कोनों में सरेआम शराब और नशीले पदार्थों का दौर चलता है। देर रात तक घर से बाहर रहना और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहना अब आम बात होती जा रही है। अगर आज भी हमने अपनी आंखें बंद रखीं, तो कल ऐसे कई और घर वीरान होंगे।
'संगत से गुण उपजहिं, संगत से गुण जाहिं'
बुजुर्गों की यह कहावत आज हर माता-पिता के लिए चेतावनी बनकर सामने खड़ी है। कच्ची उम्र में इंसान जिस माहौल और संगति में बैठता है, वही उसका भविष्य तय करती है। अगर दोस्तों की महफिल में अनुशासनहीनता, नशा और जानलेवा स्टंट ही बहादुरी का पैमाना बन जाएं, तो उसका अंजाम गोपालपुर जैसी दर्दनाक दुर्घटनाओं के रूप में ही सामने आता है। कीमत किसी एक को नहीं, पूरे परिवार को पूरी जिंदगी रो-रोकर चुकानी पड़ती है।
माता-पिता की खामोशी भी कम जिम्मेदार नहीं
बच्चों की हर फरमाइश पूरी करना प्यार हो सकता है, लेकिन बिना सोचे-समझे बाइक की चाबी थमा देना और देर रात तक उनके ठिकाने से बेखबर रहना सरासर लापरवाही है। अभिभावकों को यह समझना ही होगा कि सहूलियत देने भर से फर्ज खत्म नहीं होता।
बच्चा किसके साथ उठ-बैठ रहा है, शाम को उसका वक्त कहां बीत रहा है और उसकी संगत कैसी है—इस पर पैनी नजर रखना वक्त की सबसे बड़ी जरूरत है। बच्चों से संवाद का पुल टूटने न दें, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।
प्रशासनिक सुस्ती पर उठती उंगलियां
गोपालपुर हादसे के बाद अब स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आर-पार की कार्रवाई की मांग की है:
सघन गश्त: परेली से सूरापुर तक के पूरे बेल्ट में शाम होते ही पुलिस की नियमित और सख्त पेट्रोलिंग शुरू की जाए।
सड़क पर सख्ती: सार्वजनिक जगहों पर जाम छलकाने वालों, नशे में धुत होकर गाड़ियां दौड़ाने वालों और तेज रफ्तार बाइकर्स के खिलाफ बिना किसी रियायत के दंडात्मक कार्रवाई हो।
नशे के सौदागरों पर नकेल: इलाके में अवैध रूप से परोसे जा रहे नशे के नेटवर्क और ठेकों/दुकानों पर सख्त कार्रवाई कर इस जहर की आपूर्ति को जड़ से खत्म किया जाए।
उजड़ गए दो संसार... क्या अब भी जागेगा समाज?
गोपालपुर की सड़क पर बिखरा खून और सुधीर व सौरभ के घरों से उठती चीखें चीख-चीखकर पूछ रही हैं—आखिर कब तक हम अपनों को रफ्तार और नशे की बली चढ़ते देखते रहेंगे?
मोटरसाइकिल के एक्सीलेटर पर जब नशे और लापरवाही का पैर पड़ता है, तो मंजिल अस्पताल या श्मशान ही होती है। इस हादसे की गूंज हर उस घर तक पहुंचनी चाहिए जहां युवा बच्चे हैं। अगर इस हादसे से सीख लेकर आज कदम न उठाए गए, तो आने वाले कल में कोई और मां अपनी गोद सूनी होने पर रो रही होगी।
खेल प्रतियोगिताओं से क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है- आसिफ खां बब्बू
पूर्व विधायक ने पुरस्कार वितरण करके खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।शाहाबाद के मो० माहीबाग में मरहूम हाजी वारिस अली खां की स्मृति में आयोजित वॉलीबाल टूर्नामेंट सीजन-5 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।खिताबी मुकाबले में एएन क्लब बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शाहाबाद चैलेंजर्स को 25-23 के करीबी अंतर से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।वहीं शाहाबाद चैलेंजर्स को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।अंतिम सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार स्मैश और शानदार डिफेंस से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
       कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आसिफ खां बब्बू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अच्छी खेल प्रतियोगिताओं से क्षेत्र और जिले की तमाम प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है,यही खिलाड़ी सफल होकर परिवार,क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन करते है।उन्होंने कहा कि सदैव उनका प्रयास रहता है कि खेल से जुड़े युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिले और खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, भाईचारे और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करती हैं।जीते हुए खिलाड़ियों को बहुत बहुत बधाई वही कड़ी मेहनत के बाद भी हार का सामना करने वाले खिलाड़ियों को फिर से भविष्य में अच्छा करने और सफलता पाने को प्रयास करते रहना है।टूर्नामेंट के समापन पर पूर्व विधायक बब्बू ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी देने के साथ सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली चार टीमों में नूर एंड कंपनी लखनऊ,एएन क्लब बरेली,शाहाबाद चैलेंजर्स और भटपुरा शाहजहांपुर शामिल रहीं।प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया।आयोजन को सफल बनाने में आयोजक फरहान खां,तनवीर,नेहाल बेग,एहसान खां,अमन शैजी,अब्दुल वहाब,फैसल खां,मन्नान और रिजवान (मुन्ना) का विशेष योगदान रहा।वहीं संयोजक के रूप में अशफाक खां,बिलाल खां,रेहान खां और अब्दुल वहाब ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर पालिका में विजिलेंस का छापा, रिश्वत लेते वरिष्ठ लिपिक गिरफ्तार
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई बिलग्राम नगर पालिका परिषद में उस वक्त हड़कंप मच गया,जब विजिलेंस टीम ने अचानक छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नगर पालिका में तैनात वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। विजिलेंस की इस कार्रवाई से नगर पालिका परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुई कार्रवाई को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में भी खलबली मच गई।
पूरा मामला बिलग्राम नगर पालिका परिषद का है, जहां विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना को कथित रूप से रिश्वत लेते पकड़ा। कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम के अधिकारी मौके पर ही मौजूद रहे और आरोपी लिपिक से पूछताछ शुरू कर दी। टीम द्वारा नगर पालिका से जुड़े दस्तावेजों और मामले की जानकारी भी जुटाई जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फिलहाल सवाल यह है कि नगर पालिका में रिश्वतखोरी का यह खेल कब से चल रहा था और इस मामले में कौन-कौन शामिल है? विजिलेंस टीम की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
सड़क हादसे में बेटे की मौत पिता घायल,परिवार में मचा कोहराम
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई कोतवाली शहर क्षेत्र के मन्नापुरवा के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार बेटे की मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को हरदोई के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बेटे को मृत घोषित कर दिया जबकि पिता का इलाज किया गया।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली शहर क्षेत्र के हरदेवगंज निवासी संतोष कुमार गुप्ता। डॉक्टर है आज सुबह बेटे शिखर गुप्ता के साथ वह अपने क्लीनिक रोजाना की तरह स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली शहर क्षेत्र के मन्नापुरवा के तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी इसमें पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल लोग दोनों को हरदोई के मेडिकल कॉलेज जाया गया यहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बेटे को मृत घोषित कर दिया जबकि पिता का इलाज किया गया।
श्रीकंठ मैरिज लॉन में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन
कार्यकर्ताओं को फूल-माला व वस्त्र देकर किया सम्मानित


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला हरदोई बुधवार को श्रीकंठ मैरिज लॉन, संडीला में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन जी.पी. सिंह राना (गोविंद प्रताप सिंह), पूर्व लोकसभा संयोजक मिश्रिख, हरदोई द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मंडल मलेहरा अध्यक्ष सर्वेश राठौर , मंडल ग्रामीण अध्यक्ष संजीव त्रिपाठी , नगर संडीला अध्यक्ष रमन जायसवाल जी वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु दयाल शुक्ला जी अमरेंद्र अर्कवंशी जी को आयोजक द्वारा फूल-माला एवं वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री, मंडल उपाध्यक्ष, मंडल मंत्री, मोर्चे के सभी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सोशल मीडिया, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक तथा भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान फूल माला एवं वस्त्र देकर किया गया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के हितों को लेकर बात रखी गई। आयोजक ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। भारतीय जनता पार्टी को फिर से सत्ता में लाना है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की गई।
जी.पी. सिंह राना ने कहा कि यदि मुझे पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाया जाता है तो मैं कार्यकर्ताओं तथा उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए सदैव साथ में खड़ा रहूंगा।