श्रीकंठ मैरिज लॉन में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन
कार्यकर्ताओं को फूल-माला व वस्त्र देकर किया सम्मानित


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला हरदोई बुधवार को श्रीकंठ मैरिज लॉन, संडीला में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन जी.पी. सिंह राना (गोविंद प्रताप सिंह), पूर्व लोकसभा संयोजक मिश्रिख, हरदोई द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मंडल मलेहरा अध्यक्ष सर्वेश राठौर , मंडल ग्रामीण अध्यक्ष संजीव त्रिपाठी , नगर संडीला अध्यक्ष रमन जायसवाल जी वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु दयाल शुक्ला जी अमरेंद्र अर्कवंशी जी को आयोजक द्वारा फूल-माला एवं वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री, मंडल उपाध्यक्ष, मंडल मंत्री, मोर्चे के सभी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, सोशल मीडिया, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक तथा भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान फूल माला एवं वस्त्र देकर किया गया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के हितों को लेकर बात रखी गई। आयोजक ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। भारतीय जनता पार्टी को फिर से सत्ता में लाना है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की गई।
जी.पी. सिंह राना ने कहा कि यदि मुझे पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाया जाता है तो मैं कार्यकर्ताओं तथा उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए सदैव साथ में खड़ा रहूंगा।
मऊ मुहम्मदाबाद गोहना मऊ कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को नवमी कहा जाता है
जिसको लेकर बुधवार को अक्षय नवमी के मौके पर नगर पंचायत के मोहल्ला सैदपुर शिव प्राचीन शिव मंदिर में महिला मंडली की लोगों द्वारा आंवला वृक्ष का पूजन अर्चन करके भगवान श्री हरि की कृपा से पापों का नाश और सुख समृद्धि हेतु कामना की मंदिर के पुजारी मुकुंद पाठक एवं सुमंत पाठक ने बताया कि अक्षय नवमी के मौके पर जब दान तर्पण और स्नान का अक्षय फल मिलता है

मंदिर के प्रांगण में स्थित महिला मंडली की लोगों ने अवल की वृक्ष की पूजा कर दीपक से आरती और परिक्रमा करने के बाद विधि विधान से पूजन कर लोगों में प्रसाद बांटे गए इस मौके पर राधा आशा मीरा शीला दुर्गावती मानसा समेत महिला मंडली की दर्जनों महिलाएं उपस्थित रही
जिला पंचायत सभागार में महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का किया गया भव्य स्वागत
महिला मोर्चा ने लिया जन-जन तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प

शहर के जिला पंचायत सभागार में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि महिला मोर्चा पार्टी का सबसे मजबूत स्तंभ है। प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में महिला मोर्चा की बहनों ने घर-घर जाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अब बूथ स्तर पर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की महिला हितैषी योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना और लखपति दीदी योजना को जन-जन तक पहुंचाएंगी।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सन्नो गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है,उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगी। महिला मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेकर पार्टी को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिलामहामंत्री राघवेंद्र राय शर्मा,इन्द्रदेव देव भारती,महिला जिला पदाधिकारी प्रियंका राय, ममता जायसवाल,आरती गुप्ता,नौसी खां,बदामी देवी सहित अन्य जिला महिला पदाधिकारीगण उपस्थित रहीं।
Mirzapur: विंध्याचल के जंगल में आधी रात को पुलिस की दबिश, असलहा बेचने आए दो दबोचे गए
*19 साल का रमजान और 35 साल का कैश खान गिरफ्तार, तीसरा तस्कर भागा, गन, अद्धी और तमंचा बरामद

मिर्जापुर। देर रात विंध्याचल इलाके में पुलिस ने असलहा तस्करों के एक गिरोह पर शिकंजा कस दिया। देवरहा बाबा आश्रम के पास तालाब से जंगल की तरफ जाने वाले रास्ते पर एसओजी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर दो लोगों को हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब सवा ग्यारह बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस के हाथ एक ऐसा चेहरा भी लगा, जिसकी उम्र महज 19 साल है।
*मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल*
पुलिस को सूचना मिली थी कि बघरा तिवारी गांव के पास कच्ची सड़क से होकर असलहा तस्कर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस और एसओजी की टीम ने वहां जाल बिछा दिया। कुछ देर बाद ग्लैमर बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो एक युवक अंधेरे में जंगल की ओर भाग गया। बाकी दो को टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
*कौन हैं पकड़े गए आरोपी?*
कैश खान उम्र 35 साल, निवासी चितावनपुर, थाना कोतवाली देहात। इस पर पहले से 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। रमजान उम्र 19 साल, निवासी राजाबारी भागदेवर, बघरा तिवारी, थाना विंध्याचल।
*बाइक की डिक्की से नहीं, जेब से निकला असलहा*
तलाशी में पुलिस को आरोपियों के पास से 12 बोर की एक गन, 303 बोर की एक अद्धी, 315 बोर का एक देशी तमंचा, कुल 4 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक चाकू मिला है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बाइक (UP63R0512) के कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने उसे भी सीज कर दिया है।
*कैसे चलता था धंधा?*
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे तीन लोगों का गिरोह बनाकर काम करते थे। तीसरा साथी हथियार खरीदकर लाता था, ये दोनों उसे बेचते थे। पिस्टल की कीमत 30 से 50 हजार रुपये और गन की कीमत 10 से 15 हजार रुपये तक वसूलते थे। मुनाफे की रकम तीनों में बराबर बंटती थी। पुलिस ने थाना विंध्याचल में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है।
*कार्रवाई करने वाली टीम * एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, विंध्याचल थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के साथ अखिलेश्वर सिंह यादव, विजयशंकर तिवारी, सुरेन्द्र बहादुर सिंह और उनकी टीम।
Mirzapur: खंड शिक्षा अधिकारी की बिदाई के लिए शिक्षकों से वसूली

मीरजापुर। खंड शिक्षा अधिकारी नारायणपुर के विदाई समारोह के लिए उनके कार्यालय पर अपना विद्यालय छोड़ के बैठे कुछ मठाधीशों के द्वारा शिक्षकों से दो सौ रुपए की जबरन वसूली का मामला सामने आया है । इस समय जन गणना का कार्य जोर शोर से चल रहा है, उसी के क्रम में जो जन गणना का किट तहसील चुनार से बांटा जाना था उसे बीआरसी पर लाकर बाटा गया और सभी सुपरवाइज़रों से दो-दो सौ की जबरन वसूली बीईओ की विदाई के नाम पर की गई। सुपरवाइजर शिक्षकों का कहना है कि एक शिक्षक संघ के कुछ लोग जो बीईओ के नाम पर वहां बैठ के दलाली का कार्य कर रहे है वो चापलूसी के लिए अपना पैसा लगा कर विदाई समारोह धूमधाम से करें किसी को कोई आपत्ति नही है। इस तरह सभी सुपरवाइजरो से पैसे की वसूली करना उचित नहीं है। बताते चलें कि इसी तरह पिछली बार भी शिक्षकों से वसूली करके बीईओ की दुर्घटना ग्रस्त गाड़ी का मरम्मत कराया गया था। कुछ ऐसे ही चापलूस शिक्षक बीईओ के रिस्तेदार की मृत्यु पर अपना स्कूल छोड़कर घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने भी पहुंच गए थे। बहरहाल बीईओ की विदाई के नाम पर कि गई वसूली जहां चर्चा का विषय बना हुआ है वहीं इसको लेकर अंदर ही अंदर शिक्षकों में आक्रोश भी है कि आखिरकार इन मठाधीशों पर कार्रवाई कब होगी जो शिक्षण कार्य की बजाए चापलूसी और शोषणकारी नीतियों में संलिप्त हैं।
बिजली कर्मियों की कार्रवाई वापस कराने के लिए संघर्ष समिति ने खोला मोर्चा, सांसदों-मंत्रियों को सौंपे ज्ञापन

तीसरे दिन भी जारी रहा प्रदेशव्यापी अभियान, मार्च 2023 के समझौते को लागू करने की मांग; निजीकरण विरोधी आंदोलन से जुड़े मामलों में भी राहत की अपील

लखनऊ। बिजली कर्मचारियों के खिलाफ की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस कराने की मांग को लेकर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेशव्यापी अभियान तेज कर दिया है। समिति के आह्वान पर 16 नवंबर से शुरू हुआ ‘ज्ञापन दो अभियान’ बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्य मंत्रियों, लोकसभा सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई।

संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारियों का कहना है कि मार्च 2023 में बिजली कर्मचारियों के आंदोलन के बाद ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ समझौता हुआ था। उस समय ऊर्जा मंत्री ने तत्कालीन पावर कॉरपोरेशन अध्यक्ष को कर्मचारियों के खिलाफ की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस लेने के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद करीब साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी संबंधित कार्रवाई वापस नहीं ली गई है।

समिति ने दक्षिणांचल और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण के विरोध में हुए शांतिपूर्ण आंदोलनों के दौरान बिजली कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों का कहना है कि समझौते और निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को राहत नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जनप्रतिनिधियों से सरकार तक आवाज पहुंचाने की अपील
संघर्ष समिति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया है कि वे इस मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाएं और प्रभावी हस्तक्षेप करें। समिति की मांग है कि मार्च 2023 के सांकेतिक आंदोलन और निजीकरण विरोधी आंदोलन के दौरान बिजली कर्मचारियों पर की गई सभी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई तत्काल वापस ली जाए।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के स्तर पर हुए समझौते और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इतनी लंबी अवधि तक कार्रवाई लंबित रहना कर्मचारियों के लिए पीड़ादायक है। इससे बिजली कर्मियों में असंतोष और आक्रोश बढ़ रहा है।
महाकुंभ में निर्बाध बिजली आपूर्ति का दिया हवाला
संघर्ष समिति ने कहा कि बिजली कर्मचारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। कर्मचारी प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

समिति ने प्रयागराज महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बड़े आयोजन के दौरान बिजली कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की थी। उनके कार्यों की देश-विदेश में सराहना हुई और इससे प्रदेश की प्रतिष्ठा बढ़ी। ऐसे में कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान किया जाना जरूरी है।
लखनऊ और कानपुर में सौंपे गए ज्ञापन
अभियान के तहत राजधानी लखनऊ में संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारी सुहेल आबिद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा सांसद डॉ. एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। वहीं, कानपुर में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह और गोविंद नगर के विधायक सुरेंद्र मैथानी को ज्ञापन देकर बिजली कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया। कानपुर में ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारी पीएस बाजपेई, रफीक अहमद, गौरव दीक्षित और कपिल मुनि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के खिलाफ की गई सभी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस होने से उनमें विश्वास और उत्साह का माहौल बनेगा। इससे वे और अधिक प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे सकेंगे, जिसका सीधा लाभ बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
शहीद उद्यान भ्रमण: वीर शहीदों के बलिदान से रूबरू हुए शेमफोर्ड स्कूल, नटवा के विद्यार्थी
मिर्जापुर, 18 नवंबर 2026। शेमफोर्ड स्कूल, नटवा के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने आज शहीद उद्यान का शैक्षिक एवं प्रेरणादायक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाओं को देखा।

विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न शहीदों के जीवन परिचय, उनके अदम्य साहस, संघर्ष और देश के प्रति उनके अतुलनीय बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षकों ने बताया कि आज हम जिस स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे अनगिनत वीर सपूतों का त्याग और समर्पण है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ उनके मन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, साहस और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करना था। वीर शहीदों की प्रतिमाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखकर और उनके जीवन की प्रेरक गाथाएँ सुनकर विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।

शेमफोर्ड स्कूल, नटवा का मानना है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, जागरूक, जिम्मेदार और देश के प्रति समर्पित नागरिक बनाना भी है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा समय-समय पर ऐसे शैक्षिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस शैक्षिक भ्रमण के आयोजन में विद्यालय के सदस्य रेखा श्रीवास्तव, मंजरी खरे, अजीत उपाध्याय, यातायात विभाग के हेड शैलेन्द्र पांडेय, यातायात प्रबंधक अजित यादव एवं धीरज केसरवानी आदि का विशेष सहयोग रहा साथ ही साथ शाहिद उद्यान के देखरेख कर्ता आशुतोष अग्रवाल जी को सभी ने धन्यवाद किया।
जमीन विवाद में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो लोगों की मौत, सात घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुफ्तफाबाद में जमीन विवाद को लेकर बुधवार को हिंसक घटना हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान अमित यादव (20) पुत्र श्रवण यादव और इंदु देवी (40) पत्नी मनोज यादव के रूप में हुई हैं। वहीं, घायलों में निलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहबलाल (22), मनोज यादव (45), शांति यादव (20) और किशन यादव (16) शामिल हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से स्कॉर्पियो से दूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का आरोप है। वाहन की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। थाना पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद की वजह और स्कॉर्पियो से कुचलने के आरोपों की जांच कर रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश: यमन से लौटे युवक के पास पहुंची बहन, पूछा- कहां छूट गया भाई का साथ

मीरजापुर। तीन बहनों के बीच इकलौते भाई की तलाश में पत्नी और बहन बुधवार को लालगंज पहुंचीं। सऊदी अरब में साथ काम करने गए रामपुर वासित अली निवासी ताज मोहम्मद से मुलाकात कर उन्होंने आमिर खान के बारे में जानकारी जुटाई। दोनों का साथ सऊदी अरब से यमन तक रहा था, लेकिन भारत लौटते समय आमिर पीछे छूट गया। इसके बाद से परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका है।
वीरभूम जिले के लाभपुर के पांचपेड़ा निवासी सलमा बीबी अपने भाई आमिर खान की पत्नी साजिदा खातून के साथ ताज मोहम्मद से मिलने पहुंचीं। सलमा ने बताया कि तीन बहनों के बीच आमिर अकेला भाई है। उसकी पत्नी के दो छोटे बच्चे हैं। चार वर्षीय बेटा रिजवान और डेढ़ वर्ष की बेटी रेशमा पिता की राह देख रहे हैं। सऊदी अरब में रहने के दौरान भाई से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद संपर्क टूट गया।ताज मोहम्मद ने बताया कि वर्ष 2023 में मुंबई निवासी मुख्तार नाम के दलाल के माध्यम से वह सऊदी अरब गए थे। दो साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराए गए थे।जबकि दस्तावेज अरबी भाषा में होने के कारण उसकी शर्तों की जानकारी नहीं थी। बाद में वह सऊदी अरब से विभिन्न देशों के लोगों के साथ दलालों के माध्यम से यमन पहुंच गए।इनमें बांग्लादेश और इथियोपिया सहित अन्य देशों के लोग शामिल थे। यमन में करीब 22 दिन जेल में रहने के बाद पूछताछ की गई और उन्हें भारत भेज दिया गया। इसी दौरान आमिर से उनका साथ छूट गया। जून में वह अपने घर लौट आए।आमिर की बहन और पत्नी यह जानना चाहती थीं कि यमन में दोनों कहां तक साथ रहे और किस परिस्थिति में आमिर उनसे अलग हुआ। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने भी दोनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर के आवास पर किया प्रदर्शन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती 2018 में कथित आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर 79 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री के आवास के बाहर सड़क पर बैठकर सरकार से न्याय और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग उठाई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और सह नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ दिया जाए। भर्ती परिणाम में हुई विसंगति दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई बैठकों और आयोगों के आदेशों के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि 13 नवंबर को राष्ट्रपति सचिवालय से भी इस मामले में न्याय के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र भेजा गया है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रदर्शन के बाद मंत्री अनिल राजभर ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) से बातचीत कर अभ्यर्थियों की मांगें और मामले से जुड़े तथ्य उनके समक्ष रखे।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल की बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से दो-तीन दिन का समय मांगते हुए जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई। इस दौरान राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी भी मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल में विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, उमेश गुप्ता, चंद्र प्रकाश पटेल, प्रतिमा कुशवाहा, सुमन यादव, गरिमा, संजूलता, आभा पटेल, ऋषिता पाल, सच्चिदानंदन, अजय मावी, अरविंद, उत्कर्ष पटेल, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल और सच्चिदानंद शामिल रहे।