प्रयागराज रोजगार महोत्सव में 2,419 युवाओं को मिली नौकरी, केशव मौर्य ने बांटे नियुक्ति-पत्र
- उप मुख्यमंत्री बोले- हुनर और मेहनत के दम पर भविष्य संवार रहे युवा ही नए उत्तर प्रदेश की असली ताकत
- 100 से अधिक कंपनियों ने 35 हजार रिक्तियों के साथ लिया हिस्सा, दो दिन में 16,790 युवाओं ने कराया पंजीकरण और चयन प्रक्रिया में हुए शामिल

लखनऊ/ प्रयागराज, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की मुहिम के तहत प्रयागराज में आयोजित दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव में 2,419 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया गया। 100 से अधिक कंपनियों ने करीब 35 हजार रिक्तियों के सापेक्ष युवाओं की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बुधवार को महोत्सव के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने हुनर और परिश्रम से भविष्य संवार रहे युवा ही समृद्धि की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की असली ताकत हैं। युवाओं की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है। डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 नवंबर को रोजगार महोत्सव आयोजित किया गया। समापन समारोह में केशव मौर्य ने चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंपे और सभी अभ्यर्थियों से अपने नियुक्ति स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की अपील की।
- नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन की नई शुरुआत
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन के दूसरे चरण का पहला कदम है। यह केवल नौकरी मिलने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है। युवाओं की यह उपलब्धि विकसित प्रयागराज, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगी। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता के बल पर आगे बढ़ने तथा परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। - दो दिन में 2,419 युवाओं का हुआ चयन
शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोनों दिनों में कुल 16,790 अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें 17 नवंबर को 54 कंपनियों ने 1,147 युवाओं का चयन किया, जबकि 18 नवंबर को 64 कंपनियों ने 1,272 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए चुना। इस तरह दो दिनों में कुल 2,419 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। रोजगार महोत्सव की रूपरेखा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज के सहायक निदेशक राजीव कुमार यादव ने तैयार की थी। कार्यक्रम में शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सचिव अभिषेक तिवारी ने युवाओं को प्रेरित किया। संस्थान के संस्थापक कौशल कुमार तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.के. सिंह ने अतिथियों और नियोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, नियोजक और बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवा मौजूद रहे।
एक्यूप्रेशर पद्धति के विस्तार से उपचार के साथ रोजगार के भी बढ़ेंगे अवसर : केशव प्रसाद मौर्य
- एक्यूप्रेशर पद्धति को मान्यता दिलाने और चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने के लिए सरकार करेगी सहयोग
- मानव कल्याण की इस उपयोगी विधा को संस्थागत स्वरूप देने की आवश्यकता

लखनऊ: 18 नवम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति मानव कल्याण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी एक उपयोगी विधा है। इसे उचित मान्यता दिलाने तथा चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रोत्साहित कर इसे संस्थागत स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और इस क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में एम.पी. खेमका कॉलेज के 28वें राष्ट्रीय एवं चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा सुपर एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग उपचार का लाभ ले रहे हैं। इस विधा को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और इसकी संभावनाओं का विस्तार करने की आवश्यकता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति को सरकार के स्तर पर उचित स्थान और मान्यता मिलने से इस क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ेगा। डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार किए जा सकेंगे। इसके लिए संस्था के पदाधिकारी आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूरी करें। सरकार की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विषय किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि मानव कल्याण की भावना से जुड़ा हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी प्रकार एक्यूप्रेशर पद्धति को भी व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और जनकल्याणकारी विधाओं को विश्व स्तर पर पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ऐसी उपयोगी चिकित्सा विधाओं के विकास और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। एक्यूप्रेशर के क्षेत्र का विस्तार होने से उपचार की सुविधाओं के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित हो सकते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले लोगों सहित चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अन्य व्यस्त लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बहुत जरूरी है। हमें केवल स्वस्थ रहने की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपने जीवन में भी उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी लोगों से समर्पण और सेवा भाव के साथ इस विधा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
श्री मौर्य ने प्रयागराज में संचालित इस संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां स्थापित केंद्र को और व्यापक स्वरूप देने की दिशा में सभी लोग मिलकर योजना बनाएं। प्रयागराज की धरती से इस विधा के विस्तार का ऐसा मार्ग प्रशस्त होना चाहिए, जिसका लाभ देश और दुनिया के लोगों को मिल सके। भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के अनुरूप मानवता की सेवा के इस कार्य को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किया गया कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होता है। सरकार प्रत्येक अच्छे और जनकल्याणकारी कार्य में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश कुमार जी, एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान के अध्यक्ष प्रो. जे.पी. अग्रवाल, राष्ट्रीय समन्वयक एस.के. गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, ए.के. द्विवेदी, सुशील खरबंदा, सूर्य प्रकाश केसरवानी, मनमोहन फूल, डॉ. प्रकाश खेतान, विक्रम भदौरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
'एकसाथ पूरे देश और प्रदेश की कार्यकारिणी भंग करें, खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें', ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला

- ‘एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा खुद इस्तीफा दे दीजिए’, ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला

- 'एक जिला एक माफिया' सिंडिकेट के सरताज हैं अखिलेश यादव: ओपी राजभर

- 'चुनाव आते ही सपा के जिला संगठन में गैंगवार शुरू हो गई है', राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

- 'गुर्जर जिलाध्यक्ष पसंद नहीं आया तो पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी', हापुड़ का जिक्र कर अखिलेश पर बरसे राजभर

- 'किसी मुस्लिम युवा को सौंपिए सपा की कमान', राजभर ने चुनाव से पहले अखिलेश को दी नसीहत

लखनऊ, 18 नवंबर। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के साथ ही देश और प्रदेश की पूरी कार्यकारिणी भंग करने की सलाह दी। राजभर ने सपा के जिला संगठनों को गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट बताते हुए कहा कि इसके सरताज खुद अखिलेश यादव हैं।

- 'एक जिला एक माफिया' के सिंडिकेट को थोक में ध्वस्त करने की सलाह

राजभर ने लिखा कि एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा है कि अखिलेश यादव एक साथ देश और प्रदेश की दोनों कार्यकारिणियां भंग कर दें और खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें। उन्होंने कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद हापुड़ की जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने का जिक्र किया। राजभर ने कहा कि हापुड़ में अखिलेश को गुर्जर जिलाध्यक्ष पसंद नहीं आया तो उन्होंने पूरे जिले की कार्यकारिणी ही भंग कर दी। राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि जिसे अखिलेश यादव कार्यकारिणी कहते हैं, पूरा प्रदेश जानता है कि असल में वह जिला-जिला में फैले गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट है। उन्होंने सलाह दी कि 'एक जिला एक माफिया' वाले इस सिंडिकेट को फुटकर में नहीं, बल्कि थोक में ध्वस्त कर देना चाहिए। इसकी शुरुआत अखिलेश यादव को तत्काल अपने इस्तीफे से करनी चाहिए, क्योंकि सभी गुंडा सिंडिकेट के सरताज वही हैं।

- 'चुनाव से पहले सपा के जिला स्तरीय गैंगों में गैंगवार शुरू'

राजभर ने अपने पोस्ट में सपा के संगठनात्मक ढांचे पर भी गंभीर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि पार्टी के संगठन में लुटेरे, गुंडे और माफिया भरे पड़े हैं। अखिलेश यादव ने हर चौराहे पर इन्हीं लोगों को पालकर रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, सपा के जिलास्तरीय गैंगों में धीरे-धीरे गैंगवार शुरू हो गया है। 

- अखिलेश को मुस्लिम युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की दी नसीहत

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़कर किसी योग्य मुस्लिम युवा को पार्टी की कमान सौंपने की सलाह भी दी। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि क्या पता उनसे मुंह फुलाकर बैठा उनका 'M' का दिल पिघल जाए। एक मुस्लिम युवा नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देने से शायद चुनाव में सपा की थोड़ी-बहुत इज्जत बच जाए।

उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से बनाएगी सरकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

‘बंटोगे तो कटोगे’ का संदेश ध्रुवीकरण के लिए नहीं, सतर्कता और एकजुटता के लिए है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित समिट में मुख्यमंत्री योगी हुए शामिल, साक्षात्कार में दिया हर सवाल का जवाब*

- श्रीराम जन्मभूमि का विरोध करने वाले घोषित रामद्रोही हैं सपा और कांग्रेस, रामभक्तों के खून से सने हैं इनके हाथ: मुख्यमंत्री

- अपनी नाकामी का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ती है कांग्रेस, 1975 में लोकतंत्र का गला घोंटने वाले आज कर रहे संवैधानिक संस्थाओं का अपमान: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। भाजपा अपने नेतृत्व, देवतुल्य कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदली है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित 'राइजिंग भारत' समिट में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और विकास से जुड़े सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन, रोजगार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुए काम जनता के सामने हैं। भाजपा इन उपलब्धियों के आधार पर तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।

- भाजपा के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के दम पर तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संगठन परिवारवाद पर नहीं, बल्कि मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों से जुड़े कार्यकर्ताओं पर आधारित है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में 75 जिले, 18 मंडल, 762 नगरीय निकाय, 825 ब्लॉक, 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतें और 1,583 थाने हैं। इतने बड़े प्रशासनिक ढांचे में भाजपा का कोई कार्यकर्ता अपने निजी स्वार्थ के लिए थाना, तहसील या जिला प्रशासन को बंधक नहीं बनाता। उन्होंने इसे संगठन के अनुशासन और सुशासन का उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में अराजकता, कर्फ्यू, दंगे, लूट और रंगदारी प्रदेश की पहचान बन गए थे। भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर भयमुक्त वातावरण तैयार किया है।

- ‘बंटोगे तो कटोगे’ का संदेश सतर्कता और एकजुटता के लिए

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 'बंटोगे तो कटोगे' का संदेश ध्रुवीकरण के लिए नहीं, बल्कि समाज को सतर्क और एकजुट रहने के लिए है। उन्होंने अभिभावकों और युवाओं से नई पीढ़ी को पिछली सरकारों के समय की अराजकता, दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा के दौर की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने जवाहर बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पार्क पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई थी तथा कुल 23 लोगों की मौत हुई थी। मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ के दंगों तथा बरेली में हुई हिंसा का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित रह सकता है, जब समाज अतीत के अनुभवों को याद रखे। आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है।

- गुंडाराज का खात्मा, रात दो बजे भी बेखौफ घर लौटती हैं बेटियां

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा में सुधार का उदाहरण देते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं। कैंपस में काम करने वाली महिलाएं रात की शिफ्ट के बाद दो बजे भी बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ स्थित अपने घरों तक बेखौफ पहुंचती हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में बदले सुरक्षा माहौल का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पहले निवेशक प्रदेश आने से हिचकते थे, लेकिन अब उद्योगों का विस्तार हो रहा है और निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। सरकार ने दंगाइयों को संरक्षण देने के बजाय कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।

- पुलिस के 2.30 लाख पदों पर भर्ती, प्रशिक्षण क्षमता बढ़कर 60 हजार हुई

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दस वर्षों में 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। इसके अतिरिक्त 32 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता पहले छह हजार कर्मियों की थी, जिसे बढ़ाकर 60 हजार किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में पीएसी की 34 कंपनियां समाप्त कर दी गई थीं। वर्तमान सरकार ने एसडीआरएफ और स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन किया। सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर फॉरेंसिक लैब स्थापित की गई हैं। सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू है और सभी 75 जिलों में साइबर थाने तथा प्रत्येक थाने में साइबर हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ में पुलिस की जमीन से अवैध कब्जा हटाकर विश्वस्तरीय पुलिस फॉरेंसिक संस्थान स्थापित किया गया है। यहां डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण प्रदेश में अपराधियों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है।

- 2029-30 तक वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये तक पहुंची है। प्रदेश का बजट आकार और पूंजीगत व्यय भी बढ़ा है। उन्होंने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू की गई हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ी हैं। जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं आर्थिक विकास को गति दे रही हैं। सरकार ने वर्ष 2029-30 तक प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में कार्ययोजना पर अमल शुरू हो चुका है।

- 2017 से पहले 120 स्टार्टअप, आज 25 हजार से अधिक कंपनियां चला रहे युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। इनमें करीब आधे महिलाओं द्वारा संचालित हैं। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां काम कर रही हैं, जिनसे 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। निवेश के माध्यम से करीब 65 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि आईआईटी कानपुर के सहयोग से मेडटेक, कानपुर में ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा अब नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला भी बन रहा है।

- कट्टा और बम बनाने वाले प्रदेश में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन का केंद्र बन रहा है। जिस प्रदेश की पहचान कभी कट्टा और बम बनाने के रूप में होती थी, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश में बनी मिसाइलों की आपूर्ति भारतीय सेना को की जा रही है। उन्होंने इसे प्रदेश की बदली औद्योगिक क्षमता और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण बताया।

- आज दंगाइयों को दाग दिया जाता है: मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में ऐसा माहौल था जहां मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए पाखंड का सहारा लेते थे और कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचते थे। उस समय दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास को कलंकित करते हुए उन्हें माला पहनाई जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस राज्य का मुखिया ऐसा करेगा, उसका बेड़ा गर्क होना तय था। 

आज उत्तर प्रदेश में दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके दंगापन का कड़ा उपचार करते हुए उन्हें दाग दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब राज्य में किसी भी उपद्रवी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की कोई छूट नहीं है। सुरक्षित माहौल का ही परिणाम है कि आज प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है, जबकि पहले की सरकार के इन्वेस्टर्स समिट में कोई लखनऊ आने को तैयार नहीं होता था।

- आस्था के केंद्र चुनावी एजेंडा नहीं, भारत की सांस्कृतिक विरासत हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज, नैमिषारण्य, शुकतीर्थ और चित्रकूट जैसे स्थल भारत की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के केंद्र हैं। सरकार ने 4,500 से अधिक पौराणिक मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों के पुनरुद्धार, सुंदरीकरण और विकास का काम किया है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, रामजी की पैड़ी और रामपथ सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। सीर गोवर्धन में संत रविदास जी महाराज से जुड़े स्थल पर फोरलेन सड़क, कॉरिडोर और प्रतिमा स्थापना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण अयोध्या और काशी की आस्था से जुड़े विकास कार्यों का विरोध किया।

- तुष्टीकरण की नीति के चलते सपा-कांग्रेस ने संस्थाओं का इस्लामीकरण किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ और सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है, लेकिन किसी का तुष्टीकरण नहीं करती। प्रधानमंत्री की संतुष्टीकरण की नीति का अर्थ है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने सपा-कांग्रेस पर तुष्टीकरण की नीति के चलते संस्थाओं का इस्लामीकरण करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के घरों में शौचालय बनवाए गए और करीब 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए। इन योजनाओं का लाभ पात्रता के आधार पर सभी वर्गों के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया गया है।

- 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 80 हजार दुकानों पर ई-पॉस मशीनें

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च 2020 से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता के लिए प्रदेश की सभी 80 हजार राशन दुकानों पर ई-पॉस मशीनें लगाई गई हैं। इससे वितरण व्यवस्था की निगरानी और अनियमितताओं पर कार्रवाई आसान हुई है।

- एसआईआर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभिनंदनीय प्रयास

विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं और भारत के नागरिक नहीं होने वाले लोगों के नाम सूची से हटने चाहिए, जबकि प्रत्येक वयस्क भारतीय नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

- अपनी नाकामी का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ती है कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता का दोष कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी निर्वाचन आयोग पर डालती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में सरकार चला रही है और इससे पहले छत्तीसगढ़ में भी उसकी सरकार रही है। वहां भी चुनाव ईवीएम से ही हुए थे। जीत का श्रेय लेना और हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक संस्थाएं हैं। बिना तथ्य और प्रमाण के इन पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। मुख्यमंत्री ने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।

- दलितों और महापुरुषों का अपमान करने वाली सपा अब खेल रही पीडीए का खेल

समाजवादी पार्टी की पीडीए राजनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के नेताओं के बयान और व्यवहार उसका वास्तविक चेहरा सामने लाते हैं। उन्होंने राजकुमार भाटी, प्रतापगढ़ के सांसद और राजाराम पाल से जुड़े बयानों का उल्लेख करते हुए सपा पर दलितों और महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा का इतिहास दलित समाज और हिंदू समाज की विभिन्न जातियों के प्रति उसके व्यवहार को दर्शाता है।

- इंडी गठबंधन की बी टीम हैं ओवैसी और चंद्रशेखर

मुख्यमंत्री ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दोनों नेता इंडी गठबंधन की बी टीम के रूप में काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, इनके राजनीतिक एजेंडे और गतिविधियों से सपा-कांग्रेस को मदद मिलती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता विकास, सुशासन और सामाजिक एकता के पक्ष में है।

- श्रीराम जन्मभूमि का विरोध करने वाले घोषित रामद्रोही हैं सपा और कांग्रेस

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित स्वायत्त ट्रस्ट है। चंदे से जुड़े मामले में ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज कराई थी और सरकार ने एसआईटी गठित कर जांच कराई। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अयोध्या में विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले दल आज राम मंदिर और अयोध्या के विकास पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में दीपोत्सव, रामजी की पैड़ी के विकास, मार्गों के चौड़ीकरण, एयरपोर्ट और रेलवे कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों का भी विरोध किया गया। उन्होंने बताया कि पंचकोसी और चौदह कोसी परिक्रमा में 30 लाख श्रद्धालुओं की उपस्थिति अयोध्या में बढ़ती धार्मिक गतिविधियों और पर्यटन का उदाहरण है।

- एनडीए के सहयोगी दल साथ मिलकर तय करेंगे चुनावी रणनीति

एनडीए के सहयोगी दलों की सीटों और चुनावी तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सहयोगी दल अपने मुद्दों और मूल्यों के आधार पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीटों और रणनीति से जुड़े निर्णय भाजपा की चुनाव समिति और सहयोगी दल आपसी सहमति से तय करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी सहयोगी साथ हैं और साथ रहेंगे।

- वर्ष 2047 तक विकसित भारत का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2029-30 के साथ वर्ष 2047 के लिए भी विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विकसित राज्य बने। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश में हर युवा के हाथ में काम, हर नारी को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन, किसानों को मूल्य संवर्धन का अवसर तथा श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय मिले। साथ ही उद्यमियों और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सरकार इसी लक्ष्य के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

यहां दंगाइयों का होता है उपचार, लॉ-लेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ बना यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

- सीएम बोले- देश को खोखला करने की रची जा रही साजिश, अदृश्य मोर्चे से हो रहा वार

- कहा- हवाला नेटवर्क, साइबर क्राइम और अवैध कन्वर्जन के जरिए हमला कर रहा है दुश्मन

- देश की शांति को चुनौती देने वालों के लिए साक्षात काल हैं हमारे वीर जवान: मुख्यमंत्री

- देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, यही है सरकार की नीति: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- पीएसी की तीन महिला बटालियन और यूपी एसएसएफ के गठन से सुरक्षित हुआ प्रदेश: सीएम

लखनऊ, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी (NSG) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी दंगों की आग में झुलसता था और जहां अपराधियों के हौसले बुलंद थे, आज कानून के राज यानी ‘रूल ऑफ लॉ’ के लिए जाना जाता है। प्रदेश में अराजकता और अपराध का दौर समाप्त हुआ है। आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है, न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता। मुख्यमंत्री ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी (NSG) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज पूरा देश यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व करता है।

- अदृश्य मोर्चे से वार कर रहा है दुश्मन

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि समय के साथ दुश्मन ने अपने तरीके बदले हैं। आज दुश्मन अदृश्य मोर्चे से वार कर रहा है। हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, अवैध कन्वर्जन, साइबर क्राइम और क्रिप्टो करेंसी के जरिए समाज के भीतर से पूरी व्यवस्था को खोखला करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी पुलिस और एटीएस के जांबाजों ने हर ऐसी अदृश्य साजिश को बेनकाब किया है। आज एटीएस की 21 फील्ड यूनिट पूरे प्रदेश में तैनात हैं और 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी करके सुरक्षा का अभेद्य किला बनाया गया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑप्स टीम मौजूद है।

- पहले दंगे में झुलसता था यूपी आज है रूल ऑफ लॉ

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। आज प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है और यह लॉलेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ बन गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही पुलिस बजट को तीन से चार गुना किया गया है। साइबर थाने दो से बढ़ाकर 75 जनपदों तक ले जाए गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पीआरवी 112 का रिस्पॉन्स टाइम 65 मिनट से घटाकर 5 से 7 मिनट किया गया है। इसके अलावा 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई है, जिससे प्रदेश में डकैती और लूट में भारी कमी आई है।

- आतंकी हमले से निपटने की दिखाई लाइव ड्रिल

कार्यक्रम के दौरान एनएसजी और एटीएस के दक्ष कमांडो ने आतंकवादी हमलों, बंधकों को मुक्त कराने, विस्फोटकों को निष्क्रिय करने और वीआईपी सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण अभियानों का शानदार प्रदर्शन किया। हेलिकॉप्टर से उतरकर ऑपरेशन को अंजाम देने की वर्टिकल एनवेलपमेंट तकनीक की लाइव ड्रिल भी की गई। साथ ही काफिले के गुजरने के दौरान विस्फोट होने पर वीआईपी को सुरक्षित निकालने का जीवंत प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनएसजी की के9 यूनिट का एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग 'डॉनी' रहा, जिसने मुख्यमंत्री को पुष्पों की टोकरी भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

- एनएसजी और यूपी पुलिस के बीच मजबूत होगा समन्वय: भृगु श्रीनिवासन

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित यह कार्यक्रम राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और तैयारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएसजी के विशेषज्ञ प्रशिक्षक यूपी के चयनित जवानों को आतंकवाद निरोध, विमान अपहरण निरोध और ड्रोन निरोध समेत 13 विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने अयोध्या में एनएसजी टास्क फोर्स के लिए 8 एकड़ और मिल्कीपुर में एनएसजी केंद्र के लिए 65 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।

- सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण जरूरी: अमिताभ यश

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में पुलिस आधुनिकीकरण और क्षमता संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जटिल सुरक्षा परिस्थिति में सफलता का आधार केवल संख्या बल नहीं, बल्कि प्रशिक्षण, आपसी समन्वय और पूर्ण तैयारी है। वहीं, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि एक माह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएसजी के विशेषज्ञ प्रशिक्षक यूपी के जवानों को आतंकवाद और विमान अपहरण निरोध समेत 13 विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित करेंगे।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, एनएसजी महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश, एनएसजी आईजी ऑपरेशन मेजर जनरल मुकेश भनवाला और पुलिस महानिरीक्षक एटीएस प्रेम गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी और कमांडोज मौजूद रहे।

गोमती तीरे उतरा 'समूचा भारत',आध्यात्मिक गंगा में लगाई डुबकी

- हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय, ॐ नमः शिवाय आदि भजनों पर रात तक झूमते रहे युवा

- रंग दे बसंती' के मंच पर हुआ अध्यात्म, सूफी और भारतीय संस्कृति का संगम

- 1090 पर लगी प्रदर्शनी में प्रदेशवासियों ने किया 'योगी की पाती' का अवलोकन

- संकल्प, संवाद और संवेदना से 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में आए बदलाव पर आमजन ने प्रकट किए मनोभाव

लखनऊ। गोमती तीरे 1090 चौराहे पर मंगलवार को 'समूचा भारत' उमड़ा और 'योगी की पाती' का अवलोकन किया। सभी ने 2017 के पश्चात 'उत्सव प्रदेश' के रूप में पहचान बनाने वाले नए उत्तर प्रदेश को अपने नजरिए से भी देखा। लोगों ने कैनवास पर अपने मनोभाव लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। वहीं 'रंग दे बसंती' के मंच पर अध्यात्म, सूफी और भारतीय संस्कृति का संगम भी हुआ। 

- जनप्रतिनिधियों ने भी किया अवलोकन

'योगी की पाती' के 50 सप्ताह से अधिक होने पर जनप्रतिनिधियों ने भी मंगलवार को अवलोकन किया। सलोन विधायक अशोक कुमार ने मंगलवार की दोपहर 'योगी की पाती' का अवलोकन किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बने सर्वोत्तम प्रदेश के बारे में अपने विचार साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प, संवाद और संवेदना से 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में आए बदलाव को भी रेखांकित किया। 

- प्रदेशवासियों ने रखे मनोभाव

प्रदेशवासियों ने 'योगी की पाती' का अवलोकन कर मंच पर लगे कैनवास पर अपने मनोभाव भी लिखे। लखनऊ की अमृता साहू ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन और विचार हमारा मार्गदर्शन करते हैं। अलीगढ़ के चंद्र प्रकाश सिंह ने 'योगी की पाती' को संवाद का बेहतरीन माध्यम बताया। महेश चंद्र विंद ने सीएम योगी की विचारधारा से समूचे प्रदेशवासियों को प्रभावित बताया। इसके अतिरिक्त अन्य लोगों ने भी अपने अंतःकरण की आवाज को लेखनी से प्रकट किया। 

- हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय, ॐ नमः शिवाय आदि भजनों पर झूमे युवा

रंग दे बसंती के मंच पर आरजे प्रतीक ने गाइये गणपति जगवंदन, हनुमान चालीसा, श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में, हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय, ॐ नमः शिवाय, वृंदावन जाऊंगी- कभी न लौटकर आऊंगी, गोपाष्टमी पर छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल आदि भजनों की अनुपम प्रस्तुति दी। प्रतीक के भजनों पर युवा थिरक उठे। गिटार पर आर्यन, कीबोर्ड पर अर्जुन, ड्रम पर विट्ठल ने संगत की। सभी ने आध्यात्मिक गंगा में डुबकी लगाई। 

- विनायक, आयुष व शिवम बने विजेता

रंग दे बसंती के मंच पर आरजे प्रतीक ने गाइये गणपति जगवंदन, हनुमान चालीसा, श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में, हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय, ॐ नमः शिवाय, वृंदावन जाऊंगी- कभी न लौटकर आऊंगी, गोपाष्टमी पर छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल आदि भजनों की अनुपम प्रस्तुति दी। प्रतीक के भजनों पर युवा थिरक उठे। गिटार पर आर्यन, कीबोर्ड पर अर्जुन, ड्रम पर विट्ठल ने संगत की। सभी ने आध्यात्मिक गंगा में डुबकी लगाई।

इस दौरान क्विज का भी आयोजन किया गया। क्विज में विनायक, आयुष पटेल व शिवम माधव ने सही जवाब देकर विजयश्री हासिल की। अंत में गायकों/ वाद्ययंत्र कलाकारों व क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया।

ऋषि और कृषि के बीच सेतु का कार्य करती हैं गोमाता: मुख्यमंत्री योगी

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसाना में पद्मश्री संत रमेश बाबा को दी विनम्र श्रद्धांजलि, ब्रजभूमि और गोसंरक्षण में योगदान को किया याद

- निःशुल्क डायलिसिस केंद्र का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, कहा- पहले थीं सूखी पहाड़ियां, आज गोमाता की कृपा से है चारों ओर हरियाली

- अभाव में रहकर भी जीवन लोककल्याण के लिए समर्पित करना संतों की प्रेरणा: मुख्यमंत्री

मथुरा, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान है और इन दोनों परंपराओं के बीच सेतु का काम हमारी गोमाता करती है। उन्होंने कहा कि गोमाता के होने मात्र से कोई भी क्षेत्र तीर्थ बन जाता है। मुख्यमंत्री मंगलवार को बरसाना स्थित मान माता गोशाला परिसर में पद्मश्री से सम्मानित ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज के त्रयोदशी कार्यक्रम में उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संत रमेश बाबा की समाधि पर पुष्प अर्पित किए व गोपाष्टमी के पर्व पर आश्रम में विधि-विधान गोपूजा भी की। मुख्यमंत्री ने ब्रज की संस्कृति तथा पर्यावरण संरक्षण में संत रमेश बाबा के अमूल्य योगदान को भी याद किया।

- गोमाता भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा का महत्वपूर्ण आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा में गोमाता का विशेष महत्व है। हमारी सनातन संस्कृति ऋषि प्रधान होने के साथ कृषि प्रधान भी है। ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा के बीच सेतु का काम गोमाता करती हैं। गाय, बछड़ा, बछिया और बैल सभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि परंपरा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि गोसेवा और गोवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और कृषि परंपरा को सहेजने का भी माध्यम है। संत रमेश बाबा ने अपने जीवन में इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज को प्रेरित किया।

- 12 यूनिट के निःशुल्क डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रमेश बाबा के त्रयोदशी कार्यक्रम के अवसर पर उन्हें यहां उपस्थित होना था। उस समय उन्हें बताया गया कि यहां निःशुल्क डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन भी करना है। संत के शिष्यों और अनुयायियों ने 12 यूनिट के निःशुल्क डायलिसिस सुविधा केंद्र की स्थापना कराई है। उन्होंने इसे लोककल्याण की भावना से किया गया महत्वपूर्ण कार्य बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्ति स्वयं भले ही अभाव में रहे, लेकिन अपने प्रत्येक कार्य को लोककल्याण के लिए समर्पित कर सकता है।

- सूखी पहाड़ियों पर हरियाली, गोशाला ने क्षेत्र को दिया तीर्थ का स्वरूप

मुख्यमंत्री ने मान माता गोशाला और आसपास के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब दस वर्ष पहले जब उन्हें यहां आने का अवसर मिला था, तब इस क्षेत्र में सूखी पहाड़ियां दिखाई देती थीं। आज यहां चारों ओर हरियाली नजर आती है। गोमाता की सेवा और संरक्षण के प्रयासों ने पूरे क्षेत्र को तीर्थस्थल का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि गोशाला ट्रस्ट के माध्यम से हजारों गायों की देखभाल की जा रही है। संत रमेश बाबा ने पहले भी यहां विभिन्न सेवा प्रकल्पों की चर्चा की थी। उन्हें प्रसन्नता है कि उनके संकल्पों के अनुरूप ये कार्य आज धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। इस पवित्र स्थल का आध्यात्मिक वातावरण और हरियाली यहां हुए कार्यों की सफलता को दर्शाते हैं।

- ब्रज की संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण में रहा अहम योगदान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा की संत रमेश बाबा मान मंदिर सेवा संस्थान के संस्थापक और ब्रज के आदरणीय संत थे। उन्होंने अपना जीवन ब्रजभूमि की सेवा, गोसेवा, पहाड़ियों और कुंडों के संरक्षण तथा यमुना नदी की शुद्धि के लिए समर्पित किया। उनके कार्यों ने ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति और गोवंश के संरक्षण के लिए समाज को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने संत रमेश बाबा की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके सभी शिष्यों और अनुयायियों से उनके लोककल्याणकारी संकल्पों को आगे बढ़ाने की अपील की।

- कार्यक्रम में रहे उपस्थित

श्रद्धांजलि सभा में रोहतक (हरियाणा) के पीठाधीश्वर व तिजारा (राजस्थान) से विधायक महंत बालकनाथ योगी, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री व एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, कोशिकला स्थित ब्रजभूषण मंदिर के महंत माधव दास जी महाराज, परम गौ भक्त व श्री माता वीजी गौशाला के अध्यक्ष बाबा ब्रजशरण दास जी महाराज, बलवंत शरण जी महाराज, मान मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, संत रमेश बाबा के अनुयायी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, ED मामले में मिली अंतरिम जमानत
- 10 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
- जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली राहत
- गिरफ्तारी की प्रक्रिया में कानूनी प्रावधानों के पालन पर अदालत ने जताई आपत्ति

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया है। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं के मामले में यह फैसला आया है। प्रकरण की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
मामला जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े करीब 426 करोड़ रुपये के लेनदेन में कथित गड़बड़ियों और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से संबंधित है। आजम खान की ओर से अदालत में गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन में कमी रही।
- जमानत के लिए तय की गईं शर्तें
हाईकोर्ट ने आजम खान को निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहा करने का निर्देश दिया है। जमानत की औपचारिकताएं गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की संतुष्टि के अनुसार पूरी करनी होंगी।
- न्यायिक हिरासत में थे आजम खान
गौरतलब है कि अक्टूबर 2026 में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में भी इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली थी। उस मामले में उनकी सजा पर रोक लगाने के साथ जमानत दी गई थी। हालांकि, ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद आजम खान न्यायिक हिरासत में थे। अब हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता खुला है। इस मामले में अदालत 10 दिसंबर को अगली सुनवाई करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में रखी जा चुकी विकसित भारत की नींव : ए के शर्मा
- कहा- पीएम मोदी ने तकनीक आधारित सुशासन और नवाचार से देश को दी विकास की नई दिशा
- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ राष्ट्रीय कार्यशाला में किया प्रतिभाग

नई दिल्ली/लखनऊ, 17 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ (Leadership as a Mission) विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं नेतृत्व से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभवों को साझा करते हुए सुशासन, तकनीकी नवाचार और प्रभावी नेतृत्व को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा चुकी है और उनके नेतृत्व में आने वाले 25 वर्षों में भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित नवाचार को प्राथमिकता देकर सुशासन का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है, जो आज देश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एक साथ संवाद करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जो उस समय प्रशासनिक व्यवस्था में एक अभिनव पहल थी। इस पहल ने शासन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद, बेहतर समन्वय तथा निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन की नई शुरुआत की।उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर गुजरात में ‘स्वागत’ (SWAGAT) नामक तकनीक आधारित जनशिकायत निवारण प्रणाली विकसित की गई। इस व्यवस्था के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का सीधे उच्च स्तर पर संज्ञान लेकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया। यह प्रणाली आज भी गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय में संचालित है तथा इसे लोक सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है कि उन्होंने तकनीक को केवल प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि जनसेवा और सुशासन का सशक्त माध्यम बनाया। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री नरेंद्र मोदी ने इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए ‘प्रगति’ (PRAGATI) जैसी महत्वपूर्ण तकनीक आधारित समीक्षा प्रणाली की शुरुआत कराई। इसके माध्यम से देश की बड़ी विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण योजनाओं तथा लंबित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती है। इस व्यवस्था ने परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तकनीक आधारित प्रशासन ने विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों को बेहतर बनाया है। श्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। इसके लिए ऐसे नेतृत्व को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, जो आधुनिक तकनीक को अपनाने, नए प्रयोग करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सोच रखता हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उनके मार्गदर्शन में देश डिजिटल तकनीक, नवाचार और सुशासन के माध्यम से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
कार्यशाला में मंत्री श्री शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों, नीति-निर्धारकों एवं प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रभावी नेतृत्व का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनसेवा के प्रति समर्पण, संवेदनशील प्रशासन, समयबद्ध निर्णय और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मिशन मोड नेतृत्व की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉक्टर पी के मिश्रा, नीति आयोग के पूर्व सीईओ बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम, नीति आयोग की विशिष्ट फेलो सुश्री देबजानी घोष, आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर विशाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नीति-निर्धारक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यूपी की 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में चिराग पासवान, बोले- गठबंधन नहीं हुआ तो अकेले उतरेंगे मैदान में
- लखनऊ में लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन, 28 नवंबर को मनाया जाएगा पार्टी का स्थापना दिवस
- NDA के साथ सीट बंटवारे पर बोले- चिराग अभी टिप्पणी करना जल्दबाजी, चुनाव नजदीक आने पर होगा फैसला

लखनऊ। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का ऐलान किया है। मंगलवार को लखनऊ पहुंचे चिराग ने मीडिया से बातचीत में साफ कर दिया कि उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। गठबंधन नहीं हुआ तो पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।
लखनऊ में पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी ने अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं। NDA के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। विधानसभा चुनाव में अभी समय है। चुनाव नजदीक आने पर ही गठबंधन को लेकर तस्वीर साफ होगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का मुख्य उद्देश्य अपनी विचारधारा को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाना है। अब तक पार्टी मंचों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों के बीच अपनी बात रखती रही है, लेकिन अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे।
- 'दलितों को दमदार बनाने का काम रामविलास पासवान ने किया' समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से PDA में 'D' का मतलब 'दमदार दलित' बताए जाने पर चिराग पासवान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दलितों को दमदार बनाने का काम रामविलास पासवान जैसे नेताओं ने किया है। सपा और कांग्रेस ने हमेशा दलितों को हाशिये पर रखने का काम किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इसी पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को चुनाव हराने और उनका अपमान करने का काम किया था। - तीसरे मोर्चे को लेकर भी साधा निशाना
ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन पर चिराग ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता किसी तीसरे फ्रंट को स्वीकार नहीं करेगी। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इसे देखकर जनता को गुंडाराज की याद आती है। चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में NDA एक बार फिर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली और उसके विकास मॉडल का अनुभव जनता को हो चुका है।
- 28 नवंबर को लखनऊ में मनाया जाएगा स्थापना दिवस
चिराग पासवान ने बताया कि 28 नवंबर को लखनऊ में पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश में संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले 5 नवंबर को वाराणसी में पार्टी की बड़ी जनसभा हो चुकी है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में पार्टी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज करेगी।