Mirzapur: खंड शिक्षा अधिकारी की बिदाई के लिए शिक्षकों से वसूली

मीरजापुर। खंड शिक्षा अधिकारी नारायणपुर के विदाई समारोह के लिए उनके कार्यालय पर अपना विद्यालय छोड़ के बैठे कुछ मठाधीशों के द्वारा शिक्षकों से दो सौ रुपए की जबरन वसूली का मामला सामने आया है । इस समय जन गणना का कार्य जोर शोर से चल रहा है, उसी के क्रम में जो जन गणना का किट तहसील चुनार से बांटा जाना था उसे बीआरसी पर लाकर बाटा गया और सभी सुपरवाइज़रों से दो-दो सौ की जबरन वसूली बीईओ की विदाई के नाम पर की गई। सुपरवाइजर शिक्षकों का कहना है कि एक शिक्षक संघ के कुछ लोग जो बीईओ के नाम पर वहां बैठ के दलाली का कार्य कर रहे है वो चापलूसी के लिए अपना पैसा लगा कर विदाई समारोह धूमधाम से करें किसी को कोई आपत्ति नही है। इस तरह सभी सुपरवाइजरो से पैसे की वसूली करना उचित नहीं है। बताते चलें कि इसी तरह पिछली बार भी शिक्षकों से वसूली करके बीईओ की दुर्घटना ग्रस्त गाड़ी का मरम्मत कराया गया था। कुछ ऐसे ही चापलूस शिक्षक बीईओ के रिस्तेदार की मृत्यु पर अपना स्कूल छोड़कर घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने भी पहुंच गए थे। बहरहाल बीईओ की विदाई के नाम पर कि गई वसूली जहां चर्चा का विषय बना हुआ है वहीं इसको लेकर अंदर ही अंदर शिक्षकों में आक्रोश भी है कि आखिरकार इन मठाधीशों पर कार्रवाई कब होगी जो शिक्षण कार्य की बजाए चापलूसी और शोषणकारी नीतियों में संलिप्त हैं।
बिजली कर्मियों की कार्रवाई वापस कराने के लिए संघर्ष समिति ने खोला मोर्चा, सांसदों-मंत्रियों को सौंपे ज्ञापन

तीसरे दिन भी जारी रहा प्रदेशव्यापी अभियान, मार्च 2023 के समझौते को लागू करने की मांग; निजीकरण विरोधी आंदोलन से जुड़े मामलों में भी राहत की अपील

लखनऊ। बिजली कर्मचारियों के खिलाफ की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस कराने की मांग को लेकर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेशव्यापी अभियान तेज कर दिया है। समिति के आह्वान पर 16 नवंबर से शुरू हुआ ‘ज्ञापन दो अभियान’ बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्य मंत्रियों, लोकसभा सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई।

संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारियों का कहना है कि मार्च 2023 में बिजली कर्मचारियों के आंदोलन के बाद ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ समझौता हुआ था। उस समय ऊर्जा मंत्री ने तत्कालीन पावर कॉरपोरेशन अध्यक्ष को कर्मचारियों के खिलाफ की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस लेने के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद करीब साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी संबंधित कार्रवाई वापस नहीं ली गई है।

समिति ने दक्षिणांचल और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण के विरोध में हुए शांतिपूर्ण आंदोलनों के दौरान बिजली कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों का कहना है कि समझौते और निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को राहत नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जनप्रतिनिधियों से सरकार तक आवाज पहुंचाने की अपील
संघर्ष समिति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया है कि वे इस मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाएं और प्रभावी हस्तक्षेप करें। समिति की मांग है कि मार्च 2023 के सांकेतिक आंदोलन और निजीकरण विरोधी आंदोलन के दौरान बिजली कर्मचारियों पर की गई सभी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई तत्काल वापस ली जाए।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के स्तर पर हुए समझौते और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इतनी लंबी अवधि तक कार्रवाई लंबित रहना कर्मचारियों के लिए पीड़ादायक है। इससे बिजली कर्मियों में असंतोष और आक्रोश बढ़ रहा है।
महाकुंभ में निर्बाध बिजली आपूर्ति का दिया हवाला
संघर्ष समिति ने कहा कि बिजली कर्मचारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। कर्मचारी प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

समिति ने प्रयागराज महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बड़े आयोजन के दौरान बिजली कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की थी। उनके कार्यों की देश-विदेश में सराहना हुई और इससे प्रदेश की प्रतिष्ठा बढ़ी। ऐसे में कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान किया जाना जरूरी है।
लखनऊ और कानपुर में सौंपे गए ज्ञापन
अभियान के तहत राजधानी लखनऊ में संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारी सुहेल आबिद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा सांसद डॉ. एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। वहीं, कानपुर में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह और गोविंद नगर के विधायक सुरेंद्र मैथानी को ज्ञापन देकर बिजली कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया। कानपुर में ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारी पीएस बाजपेई, रफीक अहमद, गौरव दीक्षित और कपिल मुनि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के खिलाफ की गई सभी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस होने से उनमें विश्वास और उत्साह का माहौल बनेगा। इससे वे और अधिक प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे सकेंगे, जिसका सीधा लाभ बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
शहीद उद्यान भ्रमण: वीर शहीदों के बलिदान से रूबरू हुए शेमफोर्ड स्कूल, नटवा के विद्यार्थी
मिर्जापुर, 18 नवंबर 2026। शेमफोर्ड स्कूल, नटवा के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने आज शहीद उद्यान का शैक्षिक एवं प्रेरणादायक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाओं को देखा।

विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न शहीदों के जीवन परिचय, उनके अदम्य साहस, संघर्ष और देश के प्रति उनके अतुलनीय बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षकों ने बताया कि आज हम जिस स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे अनगिनत वीर सपूतों का त्याग और समर्पण है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ उनके मन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, साहस और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करना था। वीर शहीदों की प्रतिमाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखकर और उनके जीवन की प्रेरक गाथाएँ सुनकर विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।

शेमफोर्ड स्कूल, नटवा का मानना है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, जागरूक, जिम्मेदार और देश के प्रति समर्पित नागरिक बनाना भी है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा समय-समय पर ऐसे शैक्षिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस शैक्षिक भ्रमण के आयोजन में विद्यालय के सदस्य रेखा श्रीवास्तव, मंजरी खरे, अजीत उपाध्याय, यातायात विभाग के हेड शैलेन्द्र पांडेय, यातायात प्रबंधक अजित यादव एवं धीरज केसरवानी आदि का विशेष सहयोग रहा साथ ही साथ शाहिद उद्यान के देखरेख कर्ता आशुतोष अग्रवाल जी को सभी ने धन्यवाद किया।
जमीन विवाद में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो लोगों की मौत, सात घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुफ्तफाबाद में जमीन विवाद को लेकर बुधवार को हिंसक घटना हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान अमित यादव (20) पुत्र श्रवण यादव और इंदु देवी (40) पत्नी मनोज यादव के रूप में हुई हैं। वहीं, घायलों में निलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहबलाल (22), मनोज यादव (45), शांति यादव (20) और किशन यादव (16) शामिल हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से स्कॉर्पियो से दूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का आरोप है। वाहन की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। थाना पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद की वजह और स्कॉर्पियो से कुचलने के आरोपों की जांच कर रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश: यमन से लौटे युवक के पास पहुंची बहन, पूछा- कहां छूट गया भाई का साथ

मीरजापुर। तीन बहनों के बीच इकलौते भाई की तलाश में पत्नी और बहन बुधवार को लालगंज पहुंचीं। सऊदी अरब में साथ काम करने गए रामपुर वासित अली निवासी ताज मोहम्मद से मुलाकात कर उन्होंने आमिर खान के बारे में जानकारी जुटाई। दोनों का साथ सऊदी अरब से यमन तक रहा था, लेकिन भारत लौटते समय आमिर पीछे छूट गया। इसके बाद से परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका है।
वीरभूम जिले के लाभपुर के पांचपेड़ा निवासी सलमा बीबी अपने भाई आमिर खान की पत्नी साजिदा खातून के साथ ताज मोहम्मद से मिलने पहुंचीं। सलमा ने बताया कि तीन बहनों के बीच आमिर अकेला भाई है। उसकी पत्नी के दो छोटे बच्चे हैं। चार वर्षीय बेटा रिजवान और डेढ़ वर्ष की बेटी रेशमा पिता की राह देख रहे हैं। सऊदी अरब में रहने के दौरान भाई से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद संपर्क टूट गया।ताज मोहम्मद ने बताया कि वर्ष 2023 में मुंबई निवासी मुख्तार नाम के दलाल के माध्यम से वह सऊदी अरब गए थे। दो साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराए गए थे।जबकि दस्तावेज अरबी भाषा में होने के कारण उसकी शर्तों की जानकारी नहीं थी। बाद में वह सऊदी अरब से विभिन्न देशों के लोगों के साथ दलालों के माध्यम से यमन पहुंच गए।इनमें बांग्लादेश और इथियोपिया सहित अन्य देशों के लोग शामिल थे। यमन में करीब 22 दिन जेल में रहने के बाद पूछताछ की गई और उन्हें भारत भेज दिया गया। इसी दौरान आमिर से उनका साथ छूट गया। जून में वह अपने घर लौट आए।आमिर की बहन और पत्नी यह जानना चाहती थीं कि यमन में दोनों कहां तक साथ रहे और किस परिस्थिति में आमिर उनसे अलग हुआ। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने भी दोनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर के आवास पर किया प्रदर्शन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती 2018 में कथित आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर 79 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री के आवास के बाहर सड़क पर बैठकर सरकार से न्याय और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग उठाई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और सह नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ दिया जाए। भर्ती परिणाम में हुई विसंगति दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई बैठकों और आयोगों के आदेशों के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि 13 नवंबर को राष्ट्रपति सचिवालय से भी इस मामले में न्याय के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र भेजा गया है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रदर्शन के बाद मंत्री अनिल राजभर ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) से बातचीत कर अभ्यर्थियों की मांगें और मामले से जुड़े तथ्य उनके समक्ष रखे।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल की बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से दो-तीन दिन का समय मांगते हुए जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई। इस दौरान राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी भी मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल में विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, उमेश गुप्ता, चंद्र प्रकाश पटेल, प्रतिमा कुशवाहा, सुमन यादव, गरिमा, संजूलता, आभा पटेल, ऋषिता पाल, सच्चिदानंदन, अजय मावी, अरविंद, उत्कर्ष पटेल, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल और सच्चिदानंद शामिल रहे।
गर्लफ्रेंड की शादी की शर्त से परेशान युवक ने गोमती नदी में लगाई थी छलांग, तीसरे दिन मिला शव
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गोमती नदी में छलांग लगाने वाले 20 वर्षीय सुंदरम मौर्य का शव बुधवार सुबह तीसरे दिन बरामद हुआ। जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव के पास नदी किनारे बेटे का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।घटना के दिन से पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी रहित मौर्य के तीन बेटों और एक बेटी में सुंदरम सबसे छोटा था। वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। रविवार रात करीब नौ बजे वह घर से निकला था। रात करीब 11 बजे वह शहर के शाही पुल पर पहुंचा। वहां से उसने अपने दोस्त प्रवीण मौर्य को वीडियो कॉल की और कहा कि वह गोमती नदी में कूदने जा रहा है। दोस्त को घरवालों को सूचना देने की बात कहकर उसने फोन काट दिया। सूचना मिलते ही परिजन शाही पुल पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।

मृतक के पिता रहित मौर्य ने बताया कि सुंदरम का एक युवती से करीब एक साल से प्रेम संबंध था। उनका आरोप है कि युवती उस पर पैसा कमाने के लिए दबाव बनाती थी। उसे प्रताड़ित करती थी। मृतक के भाई शिवम मौर्य ने भी यह आरोप लगाया कि नैना नाम की युवती ने सुंदरम से कहा था कि यदि उससे शादी करनी है तो 50 हजार रुपये कमाकर दिखाने होंगे। सुंदरम कई दिनों से काम दिलाने के लिए उनसे और पिता से आग्रह कर रहा था। वह लगातार रोजगार की तलाश में था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में चौकी इंचार्ज सरायपोख्ता आलोक त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने अभीतक कोई तहरीर नहीं दी है अगर मिलता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी ।पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। सुंदरम और लड़की के प्रेम प्रसंग की बात की जांच पड़ताल की जा रही है।
यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसजी व यूपी पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र व राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है। वैश्विक परिदृश्य में बदलती हुई चुनौतियों के कारण उनका मुकाबला करने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय व टीमवर्क के साथ कार्रवाई करने की दक्षता अत्यंत आवश्यक है। एनएसजी व यूपी पुलिस का संयुक्त कार्यक्रम तैयारी की नई धार, आपसी समन्वय को नई शक्ति व सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) व उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर गर्व है। जब एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपर अचूक निशाना लगाने के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाते हैं। जब एटीएस महिला कमांडो टीम का गठन कर उन्हें स्पॉट का अभिन्न हिस्सा बनाती है तो केवल ऑपरेशनल कदम नहीं, बल्कि उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली रणचंडी के स्वरूप में दिखती हैं। प्रयागराज कुम्भ 2019 व महाकुम्भ-2025 का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं तो स्पॉट के कमांडो और यूपी पुलिस की अभेद्य सुरक्षा के कारण परिंदा पर भी नहीं मार सकता।

योगी ने कहा कि वह दौर याद करिए, जब उप्र दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। चारों ओर अराजकता का साम्राज्य था, लेकिन अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के इकोसिस्टम को मजबूत किया गया है। पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही उनकी क्षमता को सुदृढ़ किया गया। पुलिस को बेहतर संसाधन व आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिया गया। पुलिस के बजट को तीन से चार गुना किया गया और पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक आवासीय बैरक व बेहतरीन सुविधाएं की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को टेक्नोलॉजी, क्विक रिस्पांस से जोड़ा गया। प्रदेश में साइबर थाने सभी 75 जनपदों में खोले गए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 112 के रिस्पॉन्स टाइम को 65 मिनट से घटाकर 5-7 मिनट तक पहुंचाने में सफलता पाई गई। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग के माध्यम से कैपिसिटी बिल्डिंग पर जोर दिया गया। माफिया के काल एसटीएफ की स्ट्रैंथनिंग, दंगाइयों की काल पीएसी को पुनर्जीवित करने के साथ तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन किया गया। देवबंद से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक एटीएस के कमांडो सेंटर, मेट्रो, एयरपोर्ट, न्यायालय परिसरों व प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यूपीएसएसएफ का गठन कर छह बटालियन को इससे जोड़ा गया। अयोध्या में एनएसजी का रीजनल हब स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों व माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति जब्त व ध्वस्त की गई है। यूपी से कर्फ्यू व दंगा समाप्त हो गया। माफिया जेल या जहन्नुम की यात्रा पर हैं। प्रदेश में डकैती में 84 व लूट में 77 फीसदी से अधिक की कमी आई है। महिला सुरक्षा व जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा गया। पुलिस भर्ती में महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनकी संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 45 हजार की गई। महिला बीट अधिकारियों से लेकर महिला बटालियन तक महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई। प्रदेश अब लैंड ऑफ लॉ बन गया है। लॉ एंड ऑर्डर के बलबूते प्रदेश मॉडल के रूप में पहचान स्थापित कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस, एटीएस व पुलिस के जांबाजों की हौसला अफजाई की। पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट तैनात है। 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर नक्सल प्रभावित सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर के साथ ही आस्था के केंद्र अयोध्या, प्रयागराज, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, झांसी आदि में 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी कर सरकार ने सुरक्षा का अभेद्य किला बना दिया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग आदि है। इकॉनमिक एनालिसिस विंग संदिग्ध फाइनेंसियल टेल्स की परतें उधेड़ती हैं।

डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते आतंकी व देशद्रोही

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई आतंकी व देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते। स्पॉट कमांडो एनएसजी, बीएसएफ, सीआईएसएफ के साथ अग्निपरीक्षा ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज और नेशनल ज्वाइंट काउंटर (आईडी एक्सरसाइज) जैसे संयुक्त अभ्यास कमांडो को हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार करते हैं।

भारत ने खुद खींची है सुरक्षा नीति की रेडलाइन

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि 2016 का सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 का बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा 2025 में ऑपरेशन सिंदूर भारत की नई रणनीति व ताकत का अहसास कराते हैं। इनके माध्यम से सेना ने नापाक प्रयासों को करारा जवाब दिया है। भारत ने सुरक्षा नीति की रेडलाइन खुद खींची है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब देता है। दुनिया को दिखा दिया है कि तीनों सेनाओं की सिनर्जी, स्वदेशी टेक्नोलॉजी और जीरो टॉलरेंस की इच्छाशक्ति मिलती है तो दुश्मन के पास छिपने का रास्ता नहीं बचता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन और पुलिस-एटीएस-एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश व गद्दार की कमर तोड़ती है। हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है। इस माैके पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेश राजीव कृष्ण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश में अराजकता का राज : राजवती
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर) मीरापुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट की दावेदारी कर रही महिला नेत्री राजवती ने प्रेस वार्ता कर  प्रदेश सरकार पर निशाना साधा
-मीरापुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर दावेदारी कर रही महिला सपा नेत्री राजवती ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का राज है आम आदमी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है,सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है,उन्होंने कहा कि यदि वह विधायक बनती है तो मीरापुर विधानसभा का चहुँमुखी विकास होगा|

खतौली के गांव टिटोडा निवासी वरिष्ठ सपा नेता सुधीर क्रांतिकारी की धर्मपत्नी तथा रालोद की  महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रह चुकी राजवती उर्फ राजेश देवी ने मंगलवार को मीरापुर के एक रेस्टोरेंट पर प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया के माध्यम मीरापुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर अपनी दावेदारी पेश करते हुए राजनैतिक हलचल बढ़ा दी,राजवती देवी व सुधीर क्रांतिकारी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के मजबूत सिपाही है उन्होंने प्रदेश में जंगलराज होने की बात कही,सपा नेत्री ने कहा कि यदि वह विधायक बनती है तो गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना और समाज की स्थिति में सुधार करना उनकी प्राथमिकता होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव करने की जरूरत है।राजवती देवी ने मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी रखी है। राजवती देवी के सपा के टिकट पर दावेदारी पेश करने से अन्य दावेदारों में हलचल बढ़ गई।मीरापुर में प्रेस वार्ता कर सपा के टिकट पर दावेदारी करते सुधीर क्रांतिकारी व राजवती देवी
श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति, सदाचार और आत्मज्ञान का महत्व समझाया
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
कस्बे के पड़ाव चौक स्थित प्रकाशवती प्रेमचंद सरस्वती शिशु मंदिर में हो रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन चार संप्रदाय आश्रम, वृंदावन से पधारे बालयोगी पचौरी महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, सदाचार और आत्मज्ञान का महत्व समझाया। महाराज श्री ने कहा कि तीन कारणों से मनुष्य का तेज नष्ट हो जाता है, पहला चरित्रहीनता, दूसरा गोवध और तीसरा अतिथि सेवा न करना।
मीरापुर में हो रही आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसने दिन कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कथा व्यास बालयोगी पचौरी महाराज ने कहा कि कर्दम ऋषि ब्रह्मज्ञान के स्वरूप हैं। जो अपनी इंद्रियों का दमन करता है अर्थात जितेंद्रिय है, वही वास्तव में कर्दम है। कर्दम ऋषि के यहाँ नौ कन्याओं का प्राकट्य हुआ, जो नवधा भक्ति का प्रतीक हैं, और इस नवधा भक्ति के पश्चात ही भगवान कपिल का अवतार होता है। ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए बालयोगी पचौरी जी महाराज ने कहा कि जिसकी माता सुनीति (अच्छी नीति वाली) होती है, उसका पुत्र भी सुशील होता है। वंश में जब कई पीढ़ियों के पुण्य एकत्र होते हैं, तभी एक उदार और श्रेष्ठ पुत्र का जन्म होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविकता में एक सुयोग्य गृहिणी से ही घर बनता है। ऋषभदेव अवतार की व्याख्या करते हुए महाराज ने बताया कि भगवान ऋषभदेव ज्ञान के अवतार हैं। ज्ञानी परमहंसों का व्यवहार कैसा होना चाहिए, यह जगत को सिखाने के लिए स्वयं परमात्मा ऋषभदेव के रूप में अवतरित हुए। व्यवस्था बनाने वालों में प्रवीण अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, चंद्रभान धीमान, नीरज शारदा, प्रशांत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।