यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसजी व यूपी पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र व राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है। वैश्विक परिदृश्य में बदलती हुई चुनौतियों के कारण उनका मुकाबला करने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय व टीमवर्क के साथ कार्रवाई करने की दक्षता अत्यंत आवश्यक है। एनएसजी व यूपी पुलिस का संयुक्त कार्यक्रम तैयारी की नई धार, आपसी समन्वय को नई शक्ति व सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) व उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर गर्व है। जब एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपर अचूक निशाना लगाने के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाते हैं। जब एटीएस महिला कमांडो टीम का गठन कर उन्हें स्पॉट का अभिन्न हिस्सा बनाती है तो केवल ऑपरेशनल कदम नहीं, बल्कि उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली रणचंडी के स्वरूप में दिखती हैं। प्रयागराज कुम्भ 2019 व महाकुम्भ-2025 का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं तो स्पॉट के कमांडो और यूपी पुलिस की अभेद्य सुरक्षा के कारण परिंदा पर भी नहीं मार सकता।

योगी ने कहा कि वह दौर याद करिए, जब उप्र दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। चारों ओर अराजकता का साम्राज्य था, लेकिन अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के इकोसिस्टम को मजबूत किया गया है। पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही उनकी क्षमता को सुदृढ़ किया गया। पुलिस को बेहतर संसाधन व आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिया गया। पुलिस के बजट को तीन से चार गुना किया गया और पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक आवासीय बैरक व बेहतरीन सुविधाएं की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को टेक्नोलॉजी, क्विक रिस्पांस से जोड़ा गया। प्रदेश में साइबर थाने सभी 75 जनपदों में खोले गए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 112 के रिस्पॉन्स टाइम को 65 मिनट से घटाकर 5-7 मिनट तक पहुंचाने में सफलता पाई गई। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग के माध्यम से कैपिसिटी बिल्डिंग पर जोर दिया गया। माफिया के काल एसटीएफ की स्ट्रैंथनिंग, दंगाइयों की काल पीएसी को पुनर्जीवित करने के साथ तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन किया गया। देवबंद से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक एटीएस के कमांडो सेंटर, मेट्रो, एयरपोर्ट, न्यायालय परिसरों व प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यूपीएसएसएफ का गठन कर छह बटालियन को इससे जोड़ा गया। अयोध्या में एनएसजी का रीजनल हब स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों व माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति जब्त व ध्वस्त की गई है। यूपी से कर्फ्यू व दंगा समाप्त हो गया। माफिया जेल या जहन्नुम की यात्रा पर हैं। प्रदेश में डकैती में 84 व लूट में 77 फीसदी से अधिक की कमी आई है। महिला सुरक्षा व जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा गया। पुलिस भर्ती में महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनकी संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 45 हजार की गई। महिला बीट अधिकारियों से लेकर महिला बटालियन तक महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई। प्रदेश अब लैंड ऑफ लॉ बन गया है। लॉ एंड ऑर्डर के बलबूते प्रदेश मॉडल के रूप में पहचान स्थापित कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस, एटीएस व पुलिस के जांबाजों की हौसला अफजाई की। पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट तैनात है। 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर नक्सल प्रभावित सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर के साथ ही आस्था के केंद्र अयोध्या, प्रयागराज, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, झांसी आदि में 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी कर सरकार ने सुरक्षा का अभेद्य किला बना दिया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग आदि है। इकॉनमिक एनालिसिस विंग संदिग्ध फाइनेंसियल टेल्स की परतें उधेड़ती हैं।

डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते आतंकी व देशद्रोही

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई आतंकी व देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते। स्पॉट कमांडो एनएसजी, बीएसएफ, सीआईएसएफ के साथ अग्निपरीक्षा ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज और नेशनल ज्वाइंट काउंटर (आईडी एक्सरसाइज) जैसे संयुक्त अभ्यास कमांडो को हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार करते हैं।

भारत ने खुद खींची है सुरक्षा नीति की रेडलाइन

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि 2016 का सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 का बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा 2025 में ऑपरेशन सिंदूर भारत की नई रणनीति व ताकत का अहसास कराते हैं। इनके माध्यम से सेना ने नापाक प्रयासों को करारा जवाब दिया है। भारत ने सुरक्षा नीति की रेडलाइन खुद खींची है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब देता है। दुनिया को दिखा दिया है कि तीनों सेनाओं की सिनर्जी, स्वदेशी टेक्नोलॉजी और जीरो टॉलरेंस की इच्छाशक्ति मिलती है तो दुश्मन के पास छिपने का रास्ता नहीं बचता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन और पुलिस-एटीएस-एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश व गद्दार की कमर तोड़ती है। हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है। इस माैके पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेश राजीव कृष्ण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश में अराजकता का राज : राजवती
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर) मीरापुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट की दावेदारी कर रही महिला नेत्री राजवती ने प्रेस वार्ता कर  प्रदेश सरकार पर निशाना साधा
-मीरापुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर दावेदारी कर रही महिला सपा नेत्री राजवती ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का राज है आम आदमी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है,सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है,उन्होंने कहा कि यदि वह विधायक बनती है तो मीरापुर विधानसभा का चहुँमुखी विकास होगा|

खतौली के गांव टिटोडा निवासी वरिष्ठ सपा नेता सुधीर क्रांतिकारी की धर्मपत्नी तथा रालोद की  महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रह चुकी राजवती उर्फ राजेश देवी ने मंगलवार को मीरापुर के एक रेस्टोरेंट पर प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया के माध्यम मीरापुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर अपनी दावेदारी पेश करते हुए राजनैतिक हलचल बढ़ा दी,राजवती देवी व सुधीर क्रांतिकारी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के मजबूत सिपाही है उन्होंने प्रदेश में जंगलराज होने की बात कही,सपा नेत्री ने कहा कि यदि वह विधायक बनती है तो गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना और समाज की स्थिति में सुधार करना उनकी प्राथमिकता होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव करने की जरूरत है।राजवती देवी ने मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी रखी है। राजवती देवी के सपा के टिकट पर दावेदारी पेश करने से अन्य दावेदारों में हलचल बढ़ गई।मीरापुर में प्रेस वार्ता कर सपा के टिकट पर दावेदारी करते सुधीर क्रांतिकारी व राजवती देवी
श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति, सदाचार और आत्मज्ञान का महत्व समझाया
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
कस्बे के पड़ाव चौक स्थित प्रकाशवती प्रेमचंद सरस्वती शिशु मंदिर में हो रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन चार संप्रदाय आश्रम, वृंदावन से पधारे बालयोगी पचौरी महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, सदाचार और आत्मज्ञान का महत्व समझाया। महाराज श्री ने कहा कि तीन कारणों से मनुष्य का तेज नष्ट हो जाता है, पहला चरित्रहीनता, दूसरा गोवध और तीसरा अतिथि सेवा न करना।
मीरापुर में हो रही आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसने दिन कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कथा व्यास बालयोगी पचौरी महाराज ने कहा कि कर्दम ऋषि ब्रह्मज्ञान के स्वरूप हैं। जो अपनी इंद्रियों का दमन करता है अर्थात जितेंद्रिय है, वही वास्तव में कर्दम है। कर्दम ऋषि के यहाँ नौ कन्याओं का प्राकट्य हुआ, जो नवधा भक्ति का प्रतीक हैं, और इस नवधा भक्ति के पश्चात ही भगवान कपिल का अवतार होता है। ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए बालयोगी पचौरी जी महाराज ने कहा कि जिसकी माता सुनीति (अच्छी नीति वाली) होती है, उसका पुत्र भी सुशील होता है। वंश में जब कई पीढ़ियों के पुण्य एकत्र होते हैं, तभी एक उदार और श्रेष्ठ पुत्र का जन्म होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविकता में एक सुयोग्य गृहिणी से ही घर बनता है। ऋषभदेव अवतार की व्याख्या करते हुए महाराज ने बताया कि भगवान ऋषभदेव ज्ञान के अवतार हैं। ज्ञानी परमहंसों का व्यवहार कैसा होना चाहिए, यह जगत को सिखाने के लिए स्वयं परमात्मा ऋषभदेव के रूप में अवतरित हुए। व्यवस्था बनाने वालों में प्रवीण अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, चंद्रभान धीमान, नीरज शारदा, प्रशांत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
Mirzapur: विंध्याचल के जंगल में आधी रात को पुलिस की दबिश, असलहा बेचने आए दो दबोचे गए
*19 साल का रमजान और 35 साल का कैश खान गिरफ्तार, तीसरा तस्कर भागा, गन, अद्धी और तमंचा बरामद

मिर्जापुर। देर रात विंध्याचल इलाके में पुलिस ने असलहा तस्करों के एक गिरोह पर शिकंजा कस दिया। देवरहा बाबा आश्रम के पास तालाब से जंगल की तरफ जाने वाले रास्ते पर एसओजी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर दो लोगों को हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब सवा ग्यारह बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस के हाथ एक ऐसा चेहरा भी लगा, जिसकी उम्र महज 19 साल है।
*मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल*
पुलिस को सूचना मिली थी कि बघरा तिवारी गांव के पास कच्ची सड़क से होकर असलहा तस्कर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस और एसओजी की टीम ने वहां जाल बिछा दिया। कुछ देर बाद ग्लैमर बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो एक युवक अंधेरे में जंगल की ओर भाग गया। बाकी दो को टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
*कौन हैं पकड़े गए आरोपी?*
कैश खान उम्र 35 साल, निवासी चितावनपुर, थाना कोतवाली देहात। इस पर पहले से 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। रमजान उम्र 19 साल, निवासी राजाबारी भागदेवर, बघरा तिवारी, थाना विंध्याचल।
*बाइक की डिक्की से नहीं, जेब से निकला असलहा*
तलाशी में पुलिस को आरोपियों के पास से 12 बोर की एक गन, 303 बोर की एक अद्धी, 315 बोर का एक देशी तमंचा, कुल 4 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक चाकू मिला है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बाइक (UP63R0512) के कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने उसे भी सीज कर दिया है।
*कैसे चलता था धंधा?*
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे तीन लोगों का गिरोह बनाकर काम करते थे। तीसरा साथी हथियार खरीदकर लाता था, ये दोनों उसे बेचते थे। पिस्टल की कीमत 30 से 50 हजार रुपये और गन की कीमत 10 से 15 हजार रुपये तक वसूलते थे। मुनाफे की रकम तीनों में बराबर बंटती थी। पुलिस ने थाना विंध्याचल में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है।
*कार्रवाई करने वाली टीम * एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, विंध्याचल थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के साथ अखिलेश्वर सिंह यादव, विजयशंकर तिवारी, सुरेन्द्र बहादुर सिंह और उनकी टीम।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार के विदाई सम्मान समारोह में भाव विह्वल हुआ कलेक्ट्रेट परिसर

*भदोहीवासियों के स्नेह व विश्वास जताने के प्रति हार्दिक आभार व धन्यवाद -निवर्तमान जिलाधिकारी शैलेष कुमार*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। निवर्तमान जिलाधिकारी शैलेष कुमार की ‘‘विदाई सम्मान समारोह’’ कलेक्ट्रेट सभागार में नवागत जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया बंधुओ व जनपदवासियों ने किया। निवर्तमान जिलाधिकारी शैलेष कुमार की विदाई सम्मान समारोह में सभी ने उनके प्रति आभार जताते हुए अपने अनुभव व भाव व्यक्त किया।
निवर्तमान डीएम शैलेष कुमार द्वारा जनपद में जॉइनिंग से लेकर स्थानांतरण तक किए गए महत्वपूर्ण कार्यों, उपलब्धियों, पलों को सहेजते हुए सभी लोगों ने सराहना करते हुए उनके साथ बिताए पलों को जीवंत किया।
‘‘विदाई सम्मान समारोह’’ में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने संत रविदासनगर भदोहीवासियों के स्नेह व विश्वास जताने के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे लगभग 19 महीने के सेवा काल में मुझे सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व जनता जनार्दन का भरपूर सहयोग, स्नेह व प्यार मिला जो मेरे जीवन की अमूल्य पूजी है।
जनपद संत रविदास नगर भदोही में अपने सेवा काल के दौरान शासन के मंशानुरूप एवं जनहितार्थ मैने जो कुछ भी विकास कार्य व नवाचार पहल कर सका, वह आप सभी के सहयोग व कर्तव्य निष्ठा से ही संभव हो सका। समय-समय पर शासन द्वारा दिए गए लक्ष्यों, जन कल्याणकारी नीतियों, योजनाओं अभियानों, उपलब्धियां को आप सभी के कर्तव्य परायणता व सहयोग से ही,हम सभी ने मिलकर सफल व शानदार बनाया। आप सभी ने अपने पदीयदायित्वों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करते हुए जनपद को विकास के नए क्षितिज पर पहुंचाया। जिसके लिए मैं आपके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण एवं कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति के उनके कार्य दर्शन से जनता उन्हें ‘लोक सेवक’ एवं ‘जननायक’ के रूप में देखती है।
महाकुम्भ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात, होल्डिग एरिया, नास्ते भोजन का प्रबन्ध करना, न्यायालय आपके द्वार के अन्तर्गत ग्रामों में स्वयं जाकर विवादित स्थलों का अवलोकन एवं दोनों पक्षों से संवाद के बाद कई वर्षो से लम्बित वादों का निर्णय करना, निष्पक्ष व पारदर्शी ढ़ग से आगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं डेगुंरपुर में गंगा नदी पर आर0ओ0बी0 पुल, जनपद में मेडिकल कालेज की स्थापना, केएनपीजी कालेज में कृषि संकाय में जल्द ही टीचिंग व नॉनटीचिंग स्टाफ की नियुक्ति, औराई एवं गोपीगंज से मीरजापुर जाने पर पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग पर आरओबी पुल, नगर पंचायत घोसिया व खमरिया का विस्तारीकरण, ज्ञानुपर रोड रेलवे स्टेशन से कटका स्टेशन के बीच रैक बनाने, जनपद में सफाईकर्मियों की आउटसोर्सिग नियुक्ति, मुख्यालय ज्ञानपुर में मल्टीपर्पज हाल बनाने, मुख्यालय पर अधिकारी आवास बनाने, सहित अपनी स्वीकृति देते हुए जनपदवासियों को सौगात मिली व शुभारम्भ जैसे-अभिनव पहल व उल्लेखनीय कार्य के लिए निवर्तमान जिलाधिकारी शैलेष कुमार का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने निवर्तमान डीएम शैलेष कुमार के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि डीएम शैलेष कुमार एक कुशल प्रशासक, टीम भावना के साथ कार्य करना, अच्छी कार्य संस्कृति विकसित करना, सत्य निष्ठा निष्पक्षता के साथ कार्य करने वाले लोक सेवक के रूप में याद किया जायेगा।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, द्वय अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, विजय नारायण सिंह ने जिलाधिकारी शैलेष कुमार को इंसानियत व मानवीय, सामाजिक सरोकारों के रक्षक रूप में देखा। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली, सदाचार पूर्ण आचरण, सदव्यवहार, सत्यनिष्ठा व कर्तव्यनिष्ठा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित, प्रोत्साहित व मार्गदर्शित करती है। 
विदाई सम्मान समारोह के क्रम में निवर्तमान जिलाधिकारी के साथ जनता, अधिकारी व कर्मचारी, जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर सामूहिक फोटो खिचवाते हुए इन मधुर पलों को यादगार बनाया। तत्पश्चात् जिलाधिकारी की गाड़ी को फूलों से सजाकर, सम्मान प्रतीक स्वरूप गाड़ी को हाथ से आगे बढ़ाते हुए निवर्तमान जिलाधिकारी शैलेष कुमार को मंगलकामनाओं के साथ जीवन के नए जिलाधिकारी चंदौली के लिए विदा किया।
  सांसद प्रतिनिधि संजय बिन्द,  विधायक विपुल दूबे, विधायक औराई दीनानाथ भाष्कर,  जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, एसडीएम ज्ञानपुर, एसडीएम भदोही, एसडीएम औराई, मुख्य कोषाधिकारी बृजेश सिंह, उप निदेशक कृषि, जिला सूचना आधिकारी अनिल कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. ओ पी शुक्ला, बीएसए शिवम पाण्डेय, सहित कई अधिकारियों, कर्मचारियों ,मीडिया बंधुओं ,जनपदवासियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी के साथ बिताए गए अपने अनुभव पलों को व्यक्त करते हुए उन्हें हृदयतल की गहराइयों से विदाई देते हुए उन्हें जीवन के नए पड़ाव की बधाई व शुभकामना दिया।
मुजफ्फरनगर बस स्टैंड का नाम होगा अब "वीर योद्धा ठाकुर धीर सिंह पुंडीर बस स्टैंड"

– परिवहन मंत्री ने मांग पर लिया तत्काल संज्ञान, जल्द पूरा करने का दिया आश्वासन

आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर/लखनऊ। आज उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय परिवहन मंत्री आदरणीय दयाशंकर सिंह से अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान महासभा की ओर से मुजफ्फरनगर जनपद के रोडवेज बस डिपो का नामकरण महान वीर योद्धा ठाकुर धीर सिंह पुंडीर के नाम पर "वीर योद्धा ठाकुर धीर सिंह पुंडीर बस स्टैंड, मुजफ्फरनगर" किए जाने की मांग को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

बैठक में मुजफ्फरनगर की ऐतिहासिक विरासत, वीरता, शौर्य और बलिदान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया गया कि ठाकुर धीर सिंह पुंडीर का जीवन अदम्य साहस, युद्ध कौशल, स्वाभिमान एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। ऐसे महान वीर योद्धा के नाम पर बस डिपो का नामकरण होना उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

महासभा की इस मांग पर माननीय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया तथा आश्वासन दिया कि मुजफ्फरनगर की इस मांग को जल्द ही पूरा कराया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की टीम के साथ मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंत्री के समक्ष जनपद की भावनाओं एवं इस मांग के ऐतिहासिक महत्व को प्रमुखता से रखा।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की पूरी टीम ने परिवहन मंत्री का सकारात्मक आश्वासन देने के लिए आभार व्यक्त किया।

महासभा का कहना है कि मुजफ्फरनगर के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों एवं वीर योद्धाओं को सम्मान दिलाने के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।

वीर योद्धाओं का सम्मान, हमारी ऐतिहासिक विरासत का सम्मान है।

सरस्वती विद्या मंदिर विवेकानंदनगर में मेधावी कक्षाओं का संचालन कल से-राकेशमणि त्रिपाठी, प्रधानाचार्य

सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर में मेधावी छात्रों के अभिभावकों की गोष्ठी का आयोजन किया गया।
प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने मेधावी छात्रों के अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्या मंदिर के भैया बहनें विगत  वर्षों की बोर्ड परीक्षाओं से लेकर जेईई, नीट, सीए तथा अन्य उच्च स्तरीय परीक्षाओं में अद्वितीय  प्रदर्शन करते रहे हैं।जो कि अभिभावकों के सकारात्मक सहयोग और आचार्यों की दूर-दृष्टि तथा मेधा सम्पन्न भैया बहनों के अथक परिश्रम का परिणाम है। मेधावी भैया बहनों की मेधा को धारदार बनाने के लिए विद्यालय परिवार कटिबद्ध है।  इसीलिए विद्यालय में वर्ष भर प्रति दिन प्रत्येक विषय की एक घंटे की समस्या निवारण कक्षाएं संचालित होती हैं । ये सभी भैया आगामी वर्ष की बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ जेईई, नीट और सीए आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में आशातीत सफलता प्राप्त करें।इस दृष्टिकोंण से कल दिनांक 19 नवंबर से ही प्रात: 7 बजे से 8:30 बजे तक गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान,एकाउंटेंसी,अर्थशास्त्र, जीव तथा वनस्पति विज्ञान एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की अतिरिक्त नि: शुल्क कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जिसमें विद्यालय के विषय विशेषज्ञ ,वरिष्ठतम, सुयोग्य,अनुभवी शिक्षकों द्वारा शिक्षण कार्य किया जाएगा।
प्रधानाचार्य जी की उक्त घोषणा का उपस्थित अभिभावकों द्वारा करतल ध्वनि से स्वागत किया गया।
बैठक में अवधेश शुक्ल,विनय कुमार सिंह ,सरिता सोनी, मीनू श्रीवास्तव, सुरेश कुमार,विनय मोहन,राम केश सिंह,सुरेश पाण्डेय,सुशील कुमार, उपप्रधानाचार्य रमेश मिश्र, वरिष्ठ आचार्य अनिल पाण्डेय,शरद श्रीवास्तव, अखिलेश प्रताप सिंह, राकेश सिंह,संजीव चतुर्वेदी, राजबहादुर शर्मा, शेषमणि मिश्र ,अजीत प्रताप सिंह सुधा सिंह, शशी द्विवेदी, श्रद्धा शुक्ला समेत कक्षा दश एवं द्वादश के सभी कक्षाचार्य,मेधावी छात्र तथा सैकडों की संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए दो युवक, मौत

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी गांव के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान थून्ही गांव निवासी चंदन मौर्य (22) पुत्र राजकुमार और सोनू मौर्य (24) पुत्र जयकिशन के रूप में हुई है।दोनों युवक मुंबई में रहकर नौकरी करते थे और छठ पूजा पर घर आए थे। मंगलवार रात किसी काम से चंदवक बाजार गए थे। वहां से बाइक से अपने गांव थून्ही लौट रहे थे। खुज्झी गांव के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेंद्र कुमार ने बुधवार सुबह बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से हादसा हुआ है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
अक्षय नवमी पर झारखंडी मंदिर से निकली भव्य नगर परिक्रमा,हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
बलरामपुर। श्री अक्षय नवमी के पावन एवं शुभ अवसर पर नगर में सनातन संस्कृति,धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर नगर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर से विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ भव्य नगर परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया।

नगर परिक्रमा के शुभारंभ अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम,नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पूजन में सम्मिलित होकर धर्म एवं आस्था के इस आयोजन में सहभागिता की।

नगर परिक्रमा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला,पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धा,भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अक्षय नवमी का पर्व सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है। नगर परिक्रमा जैसी धार्मिक परंपराएं हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम,सद्भाव,धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं।

यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं,बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपराओं के प्रति सामूहिक आस्था का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में संजय शर्मा,डॉ.तुलसीष दुबे,प्रीतपाल सिंह,राजकुमार श्रीवास्तव,भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डी.पी.सिंह बैस, सभासद संजय मिश्रा,अविनाश मिश्र सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नंदी' की मां विमला देवी का निधन
बुधवार सुबह इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, परिवार में शोक की लहर

प्रयागराज।उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी की मां श्रीमती विमला देवी का बुधवार सुबह बीमारी के चलते इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई।

मां के निधन से मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नंदी' और उनके परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोकाकुल परिवार के प्रति लोगों ने संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।