मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट, सुरक्षाबलों ने कुलगाम हमले के आरोपी को किया ढेर
#jammukashmirmajoroperationagainstlateefbhatinkulgam
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। ये मुठभेड़ कुलगाम जिले के जंगलपोरा में हुई। लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ है, क्योंकि वह कश्मीर घाटी का आखिरी सक्रिय टॉप कमांडर था।
![]()
लतीफ भट ने सरेंडर करने से किया इनकार
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट को सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी लतीफ भट को वीडियो कॉल भी किया था, अफसरों ने आतंकी लतीफ से सरेंडर करने के लिए कहा था।सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा, "मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।" इसके बाद सुरक्षाबल और आतंकी के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया। कुलगाम जिले में सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट मारा गिराया।
घाटी में कई हमलों में था शामिल
लतीफ भट कुलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ही था। कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद आतंकियों को खोजने के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था। लतीफ भट कश्मीर घाटी में कई हमलों में शामिल रहा है, जिसमें जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या का मामला भी शामिल है।
15 लाख रुपये का इनाम घोषित था
लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में छोटे हमले करता था और उसके बाद स्थानीय लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता था। आम लोगों के बीच लतीफ भट को ढूंढना मुश्किल हो रहा था।
2020 में लश्कर-ए-तैयबा में हुआ था शामिल
लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम का ही रहनेवाला था। उसने नवंबर 2020 में अपना घर छोड़ दिया था। उसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया। पिछले एक साल में वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बहुत ही अहम मोहरा बन गया था। लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के नाम से हमले करता है। उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे। आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी।





11 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
8.7k