दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए दो युवक, मौत

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी गांव के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान थून्ही गांव निवासी चंदन मौर्य (22) पुत्र राजकुमार और सोनू मौर्य (24) पुत्र जयकिशन के रूप में हुई है।दोनों युवक मुंबई में रहकर नौकरी करते थे और छठ पूजा पर घर आए थे। मंगलवार रात किसी काम से चंदवक बाजार गए थे। वहां से बाइक से अपने गांव थून्ही लौट रहे थे। खुज्झी गांव के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेंद्र कुमार ने बुधवार सुबह बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से हादसा हुआ है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
अक्षय नवमी पर झारखंडी मंदिर से निकली भव्य नगर परिक्रमा,हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
बलरामपुर। श्री अक्षय नवमी के पावन एवं शुभ अवसर पर नगर में सनातन संस्कृति,धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर नगर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर से विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ भव्य नगर परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया।

नगर परिक्रमा के शुभारंभ अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम,नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पूजन में सम्मिलित होकर धर्म एवं आस्था के इस आयोजन में सहभागिता की।

नगर परिक्रमा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला,पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धा,भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अक्षय नवमी का पर्व सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है। नगर परिक्रमा जैसी धार्मिक परंपराएं हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम,सद्भाव,धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं।

यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं,बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपराओं के प्रति सामूहिक आस्था का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में संजय शर्मा,डॉ.तुलसीष दुबे,प्रीतपाल सिंह,राजकुमार श्रीवास्तव,भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डी.पी.सिंह बैस, सभासद संजय मिश्रा,अविनाश मिश्र सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नंदी' की मां विमला देवी का निधन
बुधवार सुबह इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, परिवार में शोक की लहर

प्रयागराज।उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी की मां श्रीमती विमला देवी का बुधवार सुबह बीमारी के चलते इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई।

मां के निधन से मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नंदी' और उनके परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोकाकुल परिवार के प्रति लोगों ने संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
निर्वाचन आयोग ने आलेख्य मतदाता सूची पर की मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
-दावा एवं आपत्ति अवधि तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराये जाने हेतु किये जा रहे विशेष प्रयासों से राजनैतिक दलों को कराया गया अवगत

-विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में राजनैतिक दलों से सहयोग करने का किया गया अनुरोध

लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ द्वितीय बैठक आयोजित की गयी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम 15 अक्टूबर 2026 को घोषित किया गया था। आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम से अवगत कराने हेतु 16 अक्टूबर 2026 को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ प्रथम बैठक की गयी थी।

बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गयी जानकारी

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा आलेख्य प्रकाशन हेतु तैयार की गयी निर्वाचक नामावली की 02 प्रतियां (1 हार्ड एवं 1 साफ्ट कॉपी) एवं पूरक सूचियों की एक प्रति समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई गई हैं। आलेख्य निर्वाचक नामावली एवं पूरक सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट (ceouttarpradesh.nic.in) पर भी उपलब्ध है।

आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपना नाम, मतदेय स्थल पर अथवा बूथ लेवल अधिकारी के पास उपलब्ध आलेख्य मतदाता सूची से, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप से तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in अथवा नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से जांच कर सकते हैं।

प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक या अन्य अध्यापक और अन्य शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक या अशैक्षणिक कर्मचारी, जो तृतीय श्रेणी से अन्यून हो, को पदाभिहित अधिकारी नियुक्त किया जा रहा है, जो प्रत्येक कार्य दिवस में अपने कार्यालय समय में पदाभिहित स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। पदाभिहित अधिकारी के पास आलेख्य मतदाता सूची और पूरक सूचियां भी जनसामान्य को दिखाने के लिए उपलब्ध होंगी और उनके पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 6ए. 7 और 8 भी उपलब्ध रहेंगे। उनके द्वारा दावे और आपत्तियां भी प्राप्त की जायेंगी। उक्त पदाभिहित अधिकारियों की सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को भी उपलब्ध करायी जायेगी।

आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में विशेष अभियान की 4 तिथियां यथा-21 नवम्बर, 2026 (शनिवार) एवं 22 नवम्बर, 2026 (रविवार) तथा 28 नवम्बर, 2026 (शनिवार) एवं 29 नवम्बर, 2026 (रविवार) निर्धारित की गयी हैं। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा और निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को आयोग की अनुमति के बिना पुनरीक्षण अवधि आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 से अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 तक स्थानान्तरित करने पर रोक लगा दी गयी है। इस पुनरीक्षण प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं तथा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम विलोपित किए जाएं, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन हेतु एक त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

इस पुनरीक्षण में छूटे हुए मतदाताओं, युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, ट्रांसजेण्डर व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग इत्यादि मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने हेतु विशेष प्रयास किया जा रहा है।

मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म 6. प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए. नाम सम्मिलित किए जाने पर आपत्ति अथवा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा निवास परिवर्तन, प्रविष्टियों में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र (EPIC) के प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। पात्र नागरिक इन फॉर्मों को ऑफलाइन भरकर बूथ लेवल अधिकारियों को प्राप्त करा सकते हैं अथवा ऑनलाइन नागरिक सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in) अथवा ECINET ऐप के माध्यम से भी भर सकते हैं।

विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल किये जाने के उद्देश्य से विधान सभा की मतदाता सूचियों का मिलान पंचायत एवं नगरीय निकाय की मतदाता सूचियों से किये जाने के निर्देश सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिये गये हैं। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम पंचायत और नगरीय निकाय की मतदाता सूची में है, लेकिन विधान सभा की मतदाता सूची में नहीं है, उनका चिन्हांकन कर फार्म-6 भरवा लिया जाये।

17 से 20 नवम्बर, 2026 के मध्य बूथ लेवल अधिकारी द्वारा अपने बूथों की तथा बीएलओ सुपरवाईजर द्वारा अपने पर्यवेक्षण के अधीन आने वाले बूथों की मतदाता सूची की टेबल टॉप एक्सरसाइज करते हुए त्रुटियों, विसंगतियों, दोहरी प्रविष्टियों, मृतक एवं स्थानान्तरित मतदाताओं, धुंधली एवं अमानकीकृत फोटो को चिन्हित किया जायेगा। इस प्रकार चिन्हित त्रुटियों के निस्तारण के लिए दावे एवं आपत्ति अवधि में संबंधित मतदाताओं से बीएलओ द्वारा फार्म-8 भरवाया जायेगा।

18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के लिये स्कूल कॉलेज /विश्वविद्यालयों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) माध्यम से विशेष अभियान चलाकर पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शत प्रतिशत पंजीकरण कराये जाने के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। शैक्षणिक संस्थानों में नामित एन०एस०एस०, एन०सी०सी० भारत स्काउट एण्ड गाइड तथा एन०वाई०के० को-आर्डिनेटर्स / वॉलिन्टियर्स के सहयोग से अर्ह छूटे हुए तथा युवा व महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शत प्रतिशत पंजीकरण कराये जाने के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।

महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अन्तर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्री, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अन्तर्गत कार्यरत आशा एवं ए०एन०एम० तथा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग के अन्तर्गत गठित महिला स्वंय सहायता समूहों के माध्यम से अर्ह छूटी हुई महिला मतदाताओं का मतदाता सूची में शत प्रतिशत पंजीकरण कराये जाने के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।

खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में राशन कार्डों में पंजीकृत लाभार्थियों में से छूटे हुए पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत प्रतिशत पंजीकरण कराये जाने के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।

इसके अतिरिक्त विभिन्न संगठनों यथा सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (PSES), निजी क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेन्ट वेलफेयर एसोसिऐशन (RWA), अधिवक्ता संगठनों, नागरिक सुरक्षा संगठन, श्रमिक संगठनों एवं श्रमिक संघों, व्यापार संगठनों, चिकित्सक संघ एवं मेडिकल एसोसिऐशन, पूर्व / वर्तमान पार्षद / ग्राम प्रधान, समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित नागरिकों के सहयोग से छूटे हुए पात्र नागरिक विशेषकर युवा व महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराये जाने के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इस पुनरीक्षण के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी आयु 01 जनवरी, 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर, 2027 को अर्हता तिथि के आधार पर पात्र होने वाले भावी मतदाताओं से भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इन अग्रिम आवेदनों का निस्तारण संबंधित अर्हता तिथि की तिमाही में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 की अवधि में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6, प्रविष्टियों में संशोधन / प्रतिस्थापन हेतु फार्म-8 अथवा मतदाता सूची में सम्मिलित नाम को अपमार्जित कराने हेतु अथवा नाम शामिल करने के लिए प्रस्तुत दावे के विरूद्ध आपत्ति हेतु फार्म-7 भर सकते हैं। दावे एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त होने वाले आवेदनों की सूची फार्म-9, 10,11,11ए व 11बी दैनिक रूप से संकलित कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जायेगी।

यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रति सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर इन सूचियों को उपलब्ध करायेंगे।



सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दिशा-निर्देशों एवं नियमों के संबंध में अवगत कराया जाए। इसके अतिरिक्त मतदेय स्थलों के सम्भाजन, आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन, दावा एवं आपत्ति अवधि के प्रारम्भ तथा अन्तिम मतदाता सूची के प्रकाशन के समय भी राजनैतिक दलों के साथ जिला स्तर पर बैठकें आहूत की जाएं।



दावा एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त समस्त फार्मों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी प्रकाशित की जाएगी। आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेन्ट को दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिकतम 10 फार्म (फार्म-6/7/8) प्रतिदिन बूथ लेवल अधिकारी को दिया जाना अनुमन्य किया गया है। यदि बूथ लेवल एजेन्ट द्वारा सम्पूर्ण दावा एवं आपत्ति अवधि में 30 फार्म से अधिक फार्म जमा किये जाते है, तो इसका पुनः सत्यापन स्वयं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (एम), समाजवादी पार्टी, अपनादल (एस) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पावन श्रीराम कथा में सम्मिलित होकर लिया धर्मलाभ एवं आशीर्वाद
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर के अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कुंडा (बेंती) पहुंचकर जनसेवा एवं धर्म-संस्कृति के प्रति समर्पित आदरणीय ठाकुर रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' द्वारा आयोजित पावन श्रीराम कथा में सम्मिलित होकर पूज्य बागेश्वर धाम सरकार के श्रीमुख से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की अमृतमयी कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

इस पावन अवसर पर प्रभु श्रीराम के आदर्शों, त्याग, मर्यादा और सनातन संस्कृति के दिव्य संदेश को आत्मसात करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्यजनों से भेंट कर उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन के लिए आदरणीय राजा भैया का हृदय से आभार एवं साधुवाद।
भाजपा किसान मोर्चा की 51 सदस्यीय टीम पूरी,14 कार्यकर्ताओं को मिली नई जिम्मेदारी

*राम अभिलाख सिंह बने जिला कार्यालय मंत्री, जगबहादुर सिंह को जिला शोध प्रमुख का दायित्व*

सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी की संस्तुति, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामविलास पाल के अनुमोदन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की सहमति के बाद किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष काली सहाय पाठक ने जिला कार्यसमिति के शेष पदाधिकारियों एवं सदस्यों की घोषणा की है। इसमें 14 कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।

घोषित सूची के अनुसार सुनील मिश्रा एवं अनिल कुमार सिंह को सहकोषाध्यक्ष, अनिल मिश्रा 'टाटा' को मीडिया सहप्रभारी तथा राम अभिलाख सिंह को जिला कार्यालय मंत्री बनाया गया है। गोविन्द त्रिपाठी एवं जनार्दन दूबे को सह कार्यालय मंत्री, विनीत सिंह को सोशल मीडिया सहसंयोजक और चन्द्र प्रकाश उपाध्याय को आईटी सहसंयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

इसी क्रम में जगबहादुर सिंह को जिला शोध प्रमुख तथा अनुपम पाठक एवं अनिल मिश्रा को जिला सह शोध प्रमुख बनाया गया है। शैलेन्द्र त्रिपाठी, राजेश पटवा एवं प्रदीप दूबे को जिला कार्यसमिति सदस्य घोषित किया गया है।

भाजपा के जिला प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इससे पहले 2 नवंबर को किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति में 36 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई थी। अब 17 नवंबर को 14 नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों की घोषणा के साथ जिलाध्यक्ष काली सहाय पाठक को मिलाकर 51 सदस्यीय जिला कार्यसमिति पूरी हो गई है। मिशन-2027 के दृष्टिगत यह कार्यसमिति किसानों के बीच संगठन की गतिविधियों को विस्तार देगी। जल्द ही जिले के सभी 26 मंडलों में किसान मोर्चा के नए मंडल अध्यक्षों एवं कार्यसमितियों की भी घोषणा की जाएगी।

नवगठित कार्यसमिति को भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण सिंह, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह,डॉ. सीताशरण त्रिपाठी,करुणा शंकर द्विवेदी,जगजीत सिंह छंगू, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, पूर्व प्रमुख कृपा शंकर मिश्रा,गन्ना विकास समिति चेयरमैन गांधी सिंह आदि ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने और किसान हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।
पुलिस मुठभेड़ में सुपारी किलर वाहिद अंसारी ढेर, कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल
शिव बाबा धाम परिसर के पास भोर में हुई मुठभेड़, बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था मृतक बदमाश; गोरखपुर पुलिस को भी थी तलाश

अंबेडकर नगर । शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार भोर पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात सुपारी किलर वाहिद अंसारी मारा गया। शिव बाबा धाम परिसर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी ढेर हो गया। हालांकि, इस दौरान शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव भी घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार तड़के करीब 2:30 बजे की है। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिव बाबा धाम परिसर के पास पुलिस टीम की बदमाश वाहिद अंसारी से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में वाहिद अंसारी मारा गया। मुठभेड़ में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी सिपाही सोनू यादव घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारा गया वाहिद अंसारी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और कुख्यात बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ गोरखपुर जिले में भी आपराधिक मामले दर्ज होने और वहां से वांछित चलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की पड़ताल कर रही है।

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ ही संबंधित पुलिस टीम से पूरी कार्रवाई का ब्योरा प्राप्त किया। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और मुठभेड़ की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहिद अंसारी किन-किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहा था और बिल्लू इंदौरिया गैंग के अन्य सदस्यों से उसके क्या संबंध थे। इसके साथ ही मुठभेड़ के दौरान हुई पूरी कार्रवाई के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस वाहिद अंसारी के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।
घर लौट रहे मजदूरों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को डंपर ने मारी टक्कर, तीन की मौत

सीतापुर में लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर सुबह हुआ दर्दनाक हादसा, दो श्रमिक गंभीर घायल; सीएम योगी ने जताया दुख, बेहतर इलाज के निर्देश

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले में लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अटरिया थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह पांच बजे के आसपास सहजनपुर गांव के पास डंपर और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे में भुलभुलिया निवासी गोविंद (22) बिनौरा निवासी नीलू (25) और रानीपुरवा निवासी आकाश (18) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक सुशील कुमार और आकाश गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जांच में पाया गया कि पांचों युवक लखनऊ में मजदूरी करके काम खत्म होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल है। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धार्मिक स्थलों पर पूजन-अर्चन कर इंजीनियर धीरज वर्मा ने किया विधानसभा साण्डी मे जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ।

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई:- आज इंजीनियर धीरज कुमार वर्मा ने अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती के साथ हरदोई के आराध्य देव हरदोई बाबा मंदिर, सिद्ध शक्ति पीठ माँ श्रवण देवी मंदिर तथा साण्डी नगर स्थित माँ मंगला देवी मंदिर का आशीर्वाद प्राप्त कर, विधानसभा क्षेत्र 158 साण्डी मे अपने जनसंपर्क अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इसी क्रम मे विकासखंड साण्डी, सुरसा एवं अहिरोरी के विभिन्न ग्रामों के क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद स्थापित कर इंजीनियर धीरज वर्मा ने उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुनकर, क्षेत्र के विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष मे समर्थन एवं सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर इंजीनियर धीरज वर्मा ने स्पष्ट किया कि, जनसेवा, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आमजन की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। जनसम्पर्क कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विभिन्न स्थानों पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन कर, इंजीनियर धीरज वर्मा को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।
पूर्व विधायक ने किया वॉलीबॉल टूर्नामेंट सीजन-5 का उद्घाटन
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
नगर के मो0 माहीबाग में आयोजित मरहूम हाजी वारिस अली खां की स्मृति में वॉलीबॉल टूर्नामेंट सीजन-5 का एक दिवसीय आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ,लखीमपुर, हरदोई,शाहजहांपुर,बरेली,फर्रुखाबाद,कन्नौज और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया।खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने फीता काटकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन,टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।टूर्नामेंट का उद्घघाटन मुकाबला हरदोई और लखनऊ की टीमों के बीच खेला गया।रोमांचक मुकाबले में लखनऊ की टीम ने 26 अंक हासिल कर हरदोई की टीम को दो अंकों से पराजित किया।आयोजन को सफल बनाने में फरहान खां,तनवीर खां, शैजी खान,नेहाल बेग,एहसन खां, अब्दुल वहाब,रेहान खान, फैसल खान और सनी सहित आयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वहीं संयोजक के रूप में अशफाक खां, जुनैद खां, बिलाल खां, शौएब खां, आशू, काशिफ, शानू, नदीम, चमन, टीटू, शाजेब खां और पिंकू ने व्यवस्थाएं संभालीं।