19 नवम्बर को मोतिगरपुर में सजेगी कवियों व शायरों की महफिल, गूंजेगा एकता का संदेश*
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर चौराहा स्थित 19 नवंबर की रात साहित्य, कविता और शायरी का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया है। रात आठ बजे से शुरू होने वाले इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, वीर रस, प्रेम, इंसानियत और सामाजिक सरोकारों से रूबरू कराएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की देखरेख में आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जयप्रकाश पाठक व अन्य पदाधिकारी गण जुटे हुए हैं। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस पार्टी के नेता विधान मंडल दल व फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इस कवि सम्मेलन एवं मुशायरे की खास बात यह होगी कि यहां कविता और शायरी के जरिए हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की जाएगी। अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले रचनाकार एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी रचनाओं में मोहब्बत, इंसानियत, सामाजिक समरसता और देश की साझा विरासत की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन इस संदेश को भी मजबूत करेगा कि साहित्य और संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करते हैं, न कि बांटने का।आयोजन में अयोध्या के पंडित जमुना उपाध्याय, कोटा राजस्थान के कुंवर जावेद, बाराबंकी के रामकिशोर तिवारी, मध्यप्रदेश रीवा के अमित शुक्ला, लखनऊ के प्रमोद द्विवेदी, हैदराबाद के शिव किशोर तिवारी 'खंजन', जिले के निवासी और बॉलीवुड गीतकार रितेश रजवाड़ा, प्रयागराज के बिहारी लाल अंबर, प्रतापगढ़ की मीरा तिवारी, अयोध्या की अर्चना द्विवेदी तथा सुल्तानपुर के अशोक पांडेय 'अनहद' सहित कई चर्चित कवि एवं शायर अपनी रचनाओं से महफिल को रोशन करेंगे।
आयोजक द्वारा बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देना और समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है। कवि सम्मेलन और मुशायरे की साझा परंपरा भारतीय संस्कृति की उस खूबसूरत विरासत का प्रतीक है, जहां हिंदी और उर्दू की मिठास एक ही मंच पर सुनाई देती है। कार्यक्रम को लेकर मोतिगरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी इस यादगार साहित्यिक महफिल के साक्षी बनेंगे।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
14.2k